दुनिया की दिग्गज चिप कंपनी nVIDIA में बड़ा नेतृत्व बदलाव हुआ है. कंपनी के को-फाउंडर और CEO जेनसन हुआंग के हनी ट्रैप विवाद को लेकर हुए इस्तीफे के बाद CFO कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO की जिम्मेदारी सौंपी गई है. क्रेस 2013 से कंपनी की चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) हैं. कंपनी का बोर्ड अब स्थायी CEO की तलाश करेगा. इस प्रक्रिया में कंपनी के भीतर और बाहर, दोनों जगह से उम्मीदवारों पर विचार किया जाएगा.
कंपनी के बयान के मुताबिक, कोलेट क्रेस अंतरिम CEO की जिम्मेदारी संभालने के साथ CFO का पद भी अपने पास रखेंगी. nVIDIA के नए बोर्ड चेयरमैन हार्वे सी जोन्स ने कहा कि क्रेस को कंपनी के कारोबार, ग्राहकों, ऑपरेशंस और वित्तीय स्थिति की गहरी समझ है. बोर्ड को उनकी नेतृत्व क्षमता पर पूरा भरोसा है.
33 साल बाद जेनसन हुआंग ने छोड़ी कुर्सी
जेनसन हुआंग ने करीब 33 साल तक nVIDIA का नेतृत्व किया. उनके कार्यकाल में कंपनी ने चिप बनाने वाली कंपनी से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया की सबसे अहम कंपनियों में अपनी जगह बनाई.
कोलेट क्रेस ने कंपनी के बयान में कहा कि nVIDIA की सबसे बड़ी ताकत हमेशा उसके कर्मचारी रहे हैं. वो लीडरशिप टीम के साथ मिलकर उस मजबूत आधार को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिसे जेनसन हुआंग ने तैयार किया है.
हालांकि, क्रेस के सामने बड़ी चुनौती कंपनी की टेक्नोलॉजी और प्रोडक्ट रणनीति को आगे बढ़ाने की होगी. हुआंग कंपनी के संस्थापक होने के साथ-साथ उसके प्रमुख टेक्नोलॉजी आर्किटेक्ट भी रहे हैं. क्रेस की विशेषज्ञता वित्तीय प्रबंधन में है, इंजीनियरिंग में नहीं.
कौन हैं कोलेट क्रेस?
कोलेट क्रेस सितंबर 2013 में nVIDIA से जुड़ी थीं. तब से वो कंपनी की CFO हैं और हर तिमाही होने वाली अर्निंग्स कॉल में जेनसन हुआंग के साथ निवेशकों के सामने कंपनी का प्रदर्शन और भविष्य की वित्तीय संभावनाएं रखती रही हैं.
हुआंग जहां कंपनी के प्रोडक्ट और टेक्नोलॉजी का विजन बताते थे, वहीं क्रेस उसे वित्तीय आंकड़ों और निवेशकों के लिए कारोबारी अनुमानों में बदलती थीं.
उनके कार्यकाल में nVIDIA का कारोबार तेजी से बढ़ा. जिस वित्त वर्ष में वो कंपनी से जुड़ी थीं, उस समय nVIDIA का सालाना रेवेन्यू करीब 4.13 अरब डॉलर था. वित्त वर्ष 2026 में ये बढ़कर करीब 216 अरब डॉलर हो गया.
टेक्सास इंस्टूमेंट्स से nVIDIA तक का सफर
nVIDIA में आने से पहले कोलेट क्रेस करीब 25 साल तक बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों में फाइनेंस से जुड़े पदों पर काम कर चुकी थीं.
- टेक्सास इंस्टूमेंट्स (Texas Instruments): उन्होंने अपने करियर की शुरुआत यहां से की और करीब 8 साल तक फाइनेंस से जुड़ी भूमिकाओं में काम किया.
- माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft): 1997 में माइक्रोसॉफ्ट से जुड़ीं. 2006 में कंपनी के सर्वर एंड टूल्स डिवीजन की CFO बनीं. यहां उन्होंने वित्तीय रणनीति, प्लानिंग और रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी संभाली.
- Cisco: 2010 में Cisco में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और CFO के तौर पर काम शुरू किया. यहां बिजनेस टेक्नोलॉजी और ऑपरेशंस फाइनेंस से जुड़े काम संभाले.
- nVIDIA: सितंबर 2013 में कंपनी की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और CFO बनीं.
क्रेस ने यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना से फाइनेंस में बैचलर डिग्री हासिल की है. इसके अलावा उनके पास सदर्न मेथोडिस्ट यूनिवर्सिटी से MBA की डिग्री भी है.
निवेशकों का भरोसा बनाए रखने की जिम्मेदारी
जेनसन हुआंग के इस्तीफे के बाद nVIDIA के सामने सबसे बड़ी चुनौती निवेशकों का भरोसा बनाए रखने की है. बाजार के कई विश्लेषकों ने पहले ही कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO के लिए सबसे उपयुक्त विकल्प बताया था.
eToro के लीड एनालिस्ट जोश गिल्बर्ट के मुताबिक, क्रेस कंपनी को स्थिरता देने के लिए सबसे सही विकल्प हैं. बाजार उन्हें पहले से जानता है और उनकी बातों पर भरोसा करता है.
एग्जीक्यूटिव सर्च फर्म Cowen Partners के प्रेसिडेंट शॉन कोल का भी मानना है कि अगर बोर्ड की प्राथमिकता कारोबार में निरंतरता, निवेशकों का भरोसा और ऑपरेशनल स्थिरता बनाए रखना है तो क्रेस जैसी अनुभवी CFO को जिम्मेदारी देना तार्किक फैसला है.
Wedbush के विश्लेषक डैन इव्स ने भी पहले क्रेस की भूमिका की तारीफ की थी. उनके मुताबिक, nVIDIA की वॉल स्ट्रीट पर सफलता में क्रेस के CFO नेतृत्व की अहम भूमिका रही है. Raymond James ने भी अपनी क्लाइंट रिपोर्ट में कहा कि nVIDIA की ताकत सिर्फ उसके CEO तक सीमित नहीं है.
nVIDIA के टेक्नोलॉजी विजन की कमान कौन संभालेगा?
कोलेट क्रेस के अंतरिम CEO बनने से कंपनी के वित्तीय प्रबंधन और निवेशकों के साथ संवाद में निरंतरता बनी रह सकती है. लेकिन nVIDIA के सामने एक बड़ा सवाल अभी भी है. कंपनी की अगली टेक्नोलॉजी और प्रोडक्ट रणनीति कौन तय करेगा?
जेनसन हुआंग कंपनी के फाउंडर होने के साथ उसके प्रमुख आर्किटेक्ट भी थे. AI चिप और दूसरे प्रोडक्ट्स के विकास में उनका विजन अहम रहा है. क्रेस की पृष्ठभूमि फाइनेंस की है. ऐसे में कंपनी को स्थाई CEO की तलाश के साथ टेक्नोलॉजी नेतृत्व की भूमिका भी स्पष्ट करनी होगी.
फिलहाल बोर्ड की ओर से स्थाई CEO की तलाश जारी रहेगी. आने वाले समय में ये देखना अहम होगा कि nVIDIA अपने नए नेतृत्व के साथ AI चिप बाजार में अपनी मौजूदा स्थिति और विकास की रफ्तार कैसे बनाए रखती है.
यह भी पढ़ें | जेनसन हुआंग ने हनीट्रैप विवाद के बाद nVIDIA के सीईओ पद से दिया इस्तीफा, कोलेट क्रेस बनीं नई अंतरिम CEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं