हरियाणा ने देश को एक से बढ़कर एक पहलवान दिए हैं. और महिलाएं कुश्ती में किसी भी लिहाज से पुरुषों से पीछे नहीं ही रही हैं. फिर चाहे फोगाट बहनें रही हों, या फिर साक्षी मलिक. गांव की धूल भरी पगडंडियों और रूढ़ीवादी परंपराओं से निकलकर इन हरियाणवी छोरियों ने देश के सामने ऐसी मिसाल पेश की कि अब इनकी देखा-देखी लाखों ग्रामीण लड़कियां कुश्ती में देश के लिए पदक जीतने का सपना देखती हैं. इन्हीं पहलवानों में एक रहीं विनेश फोगाट, जिन्होंने हरियामा के चरखी दादरी जिले के बलाली गांव से निकलकर विश्व चैंपियनशिप में दो बार कांस्य, कॉमवेल्थ गेम्स में 3 गोल्ड सहित अलग-अलग प्रतियोगिताओं में 10 स्वर्ण, 5 रजत और 7 कांस्य पदक जीते. जाहिर है कि इन पदकों के पीछे विनेश की कड़ी मेहनत के साथ-साथ, उनकी कोचिंग और उनकी नियमित डाइट सहित कई अनगिनत पहलुओं का खासा योगदान रहा है. और आज हम बात करेंगे विनेश फोगाट की डाइट की कि इस बड़े मुकाम को हासिल करने और विश्व स्तरीय पहलवान बनने में उनकी डाइट का कितना बड़ा योगदान रहा.
ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने के कारण विनेश फोगाट की डाइट में भी दूध, घी और दही की मात्रा बाकी चीजों से कहीं ज्यादा रही. यहां यह भी तथ्य है कि विनेश या किसी भी खिलाड़ी की डाइट तय समय, टूर्नामेंट की तैयारी और टूर्नामेंट के दौरान बदलती रहती है. वैसे विनेश सामान्य दिनों में अपनी खुराक को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर लेती हैं. हम आपके लिए विनेश की डाइट का डेली चार्ट लेकर आए है. इसे पढ़कर उभरती हुई पहलवान डाइट और इस पर आने वाले खर्च के बारे में अनुमान लगा सकती हैं:
विनेश फोगाट का पेशेवर डाइट चार्ट
| मुख्य खाद्य पदार्थ एवं खुराक | उद्देश्य / विशेषता | |
| सुबह (BreakFast / Pre-Training) | अंडे (उबले या भुर्जी), ओट्स (Oatmeal) या दलिया, ब्रेड और टमाटर, ताजे फल | यह डाइट उन्हें सुबह की कड़ी ट्रेनिंग से पहले इंस्टेंट एनर्जी और प्रोटीन प्रदान करती है. साथ ही, पारंपरिक रूप से वह देसी खुराक के तहत भारी मात्रा में शुद्ध दूध और दही का सेवन करती हैं | |
| दोपहर (Lunch) | घर की बनी रोटी और मौसमी हरी सब्जियां, प्रोटीन के लिए काला चना या राजमा, दही और भरपूर मात्रा में सलाद, पसंदीदा भोजन: जीत के बाद या कभी-कभी गर्म रोटी के साथ घर का मक्खन और चटनी | यह मील कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट, फाइबर और प्लांट-बेस्ड प्रोटीन से भरपूर होता है, जो दिनभर की रिकवरी में मदद करता है | |
| शाम का स्नैक | ड्राई फ्रूट्स (बादाम, अखरोट आदि), प्रोटीन शेक या योगर्ट (दही) | शाम की दूसरी ट्रेनिंग से पहले स्टैमिना बनाए रखने और मांसपेशियों की थकान को दूर करने के लिए यह बहुत जरूरी होता है |
| रात | हल्की और पचने में आसान डाइट, 2 रोटी और हरी सब्जियां, अंडे या हल्का सूप और सलाद | रात का खाना हल्का रखा जाता है ताकि पाचन तंत्र दुरुस्त रहे और वजन नियंत्रित रखने में मदद मिले |
डाइट पर मासिक खर्च
एक पेशेवर अंतरराष्ट्रीय स्तर की एथलीट (ओलंपियन) होने के नाते, विनेश फोगाट जैसी खिलाड़ियों की डाइट बेहद उच्च गुणवत्ता वाली होती है. इसमें ऑर्गेनिक फूड्स, प्रीमियम ड्राई फ्रूट्स, मट्ठा/प्रोटीन सप्लीमेंट्स, उच्च कोटि के डेयरी प्रोडक्ट्स (दूध, घी, घर का मक्खन) और फ्रेश मीट/अंडे शामिल होते हैं.
अनुमानित खर्च
एक प्रोफेशनल रेसलर के स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन, रिकवरी सप्लीमेंट्स और उच्च प्रोटीन वाली डाइट पर महीने का कुल खर्च लगभग ₹40,000 से ₹70,000 (या उससे अधिक, ट्रेनिंग कैंप और विदेश दौरों के हिसाब से) तक हो सकता है. हालांकि, शुरुआती या घरेलू स्तर पर अखाड़े की पारंपरिक डाइट (दूध, बादाम, देसी घी, और घर का खाना) पर यह खर्च कम, यानी करीब ₹15,000 से ₹25,000 प्रति माह के आसपास बैठता है, लेकिन पेशेवर ओलंपिक स्तर पर यह खर्च न्यूट्रिशनिस्ट की सलाह और स्पेशल प्रोडक्ट्स के कारण काफी बढ़ जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं