टेनिस इतिहास के महान खिलाड़ियों में से एक नोवाक जोकोविच के नवीनतम विश्व रैंकिंग में नीचे खिसकने के कारण 2002 के बाद पहला अवसर है जबकि ‘बिग थ्री' (रोजर फेडरर, राफेल नडाल और नोवाक जोकोविच) में से कोई भी पुरुष टेनिस रैंकिंग के शीर्ष 10 में शामिल नहीं है. इन तीनों खिलाड़ियों में केवल 39 वर्षीय जोकोविच ही ऐसे हैं जो अभी खेल रहे हैं. अमेरिकी ओपन में खराब प्रदर्शन के कारण वह पांचवें स्थान से खिसककर 12वें स्थान पर आ गए हैं. अक्टूबर 2002 के बाद यह पहला अवसर है जबकि जोकोविच, फेडरर और नडाल में से कोई भी पहले 10 खिलाड़ियों में शामिल नहीं हैं. जोकोविच के नाम पर 24 ग्रैंड स्लैम खिताब दर्ज हैं जो नडाल के 22 खिताबों से दो और फेडरर के 20 खिताबों से चार अधिक हैं.
फेडरर 12 साल रहे शीर्ष 10 खिलाड़ियों में
फेडरर ने अक्टूबर 2002 में पहली बार शीर्ष 10 में जगह बनाई और 2016 के अंत तक वहीं बने रहे. वहीं, नडाल ने अप्रैल 2005 में पहली बार शीर्ष 10 में जगह बनाई थी. स्पेन का यह खिलाड़ी 2023 तक लगातार 912 सप्ताह शीर्ष 10 में बना रहा जो रिकॉर्ड है. जोकोविच 2007 में शीर्ष 10 में प्रवेश करने वाले ‘बिग थ्री' के अंतिम खिलाड़ी थे. मौजूदा रैंकिंग में यानिक सिनर, कार्लोस अल्काराज़ और अमेरिकी ओपन चैंपियन अलेक्जेंडर ज़्वेरेव शीर्ष तीन में शामिल हैं. अमेरिकी ओपन के फाइनल में पहुंचने वाले बेन शेल्टन पांच स्थान ऊपर चढ़कर चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं.
रायबाकिना पहली बार नंबर-1 बनीं
इस बीच महिला रैंकिंग में अमेरिकी ओपन चैंपियन एलेना रायबाकिना अपने करियर में पहली बार शीर्ष पर पहुंच गई हैं. उन्होंने एरिना सबालेंका की जगह ली जो लगातार 99 सप्ताह तक नंबर एक पर रही थी. रायबाकिना ने फाइनल में सबालेंका को हराया लेकिन उन्होंने सेमीफाइनल में जगह बनाने के साथ ही नंबर एक रैंकिंग सुनिश्चित कर ली थी.
यह भी पढ़ें: ज्वेरेव खिताब जीतने के बात क्यों भूल गए कि वह जीत गए? चैंपियन ने डिटेल से किया खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं