विज्ञापन

'मेरा IAS से त्यागपत्र स्वीकार हो गया... बढ़े चलो', प्रशासनिक सेवा से दिव्या मित्तल की 13 साल बाद विदाई, शेयर की इंस्टा स्टोरी

यूपी कैडर की 2013 बैच की चर्चित IAS दिव्या मित्तल का इस्तीफा केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय ने स्वीकार कर लिया है. उन्होंने 30 अगस्त 2026 को निजी कारणों से इस्तीफा दिया था.

'मेरा IAS से त्यागपत्र स्वीकार हो गया... बढ़े चलो', प्रशासनिक सेवा से दिव्या मित्तल की 13 साल बाद विदाई, शेयर की इंस्टा स्टोरी
IAS दिव्या मित्तल का इस्तीफा स्वीकार किया गया. (File Photo)
  • IAS दिव्या मित्तल का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है.
  • उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- "प्रशस्त पुण्य पंथ है, बढ़े चलो"
  • दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त 2026 को व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया था.
मिर्जापुर:

उत्तर प्रदेश की चर्चित आईएएस अधिकारी रहीं दिव्या मित्तल का इस्तीफा स्वीकार हो गया है. दिव्या ने इसकी जानकारी खुद सोशल मीडिया पर देते हुए लिखा, “मेरा IAS से त्यागपत्र स्वीकार हो गया है. प्रशस्त पुण्य पंथ है, बढ़े चलो बढ़े चलो.” यूपी काडर की साल 2013 बैच की सीनियर आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल का इस्तीफा केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय ने स्वीकार करते हुए नोटिफिकेशन जारी किया. उनका इस्तीफा 15 सितंबर यानी मंगलवार से प्रभावी माना जाएगा.

Latest and Breaking News on NDTV
दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त 2026 को व्यक्तिगत कारणों, पारिवारिक प्राथमिकताओं और जीवन के नए लक्ष्यों का हवाला देते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा दिया था. इसके साथ ही उनके करीब 13 साल लंबे प्रशासनिक करियर का समापन हो गया. 

कई जिलों में संभाली जिम्मेदारियां...

दिव्या मित्तल ने उत्तर प्रदेश में कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं. वे मिर्जापुर और संत कबीरनगर की जिलाधिकारी रह चुकी हैं. इसके अलावा उन्होंने देवरिया की जिलाधिकारी के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली. मई 2026 में उन्हें देवरिया के डीएम पद से हटाकर राजस्व विभाग में विशेष सचिव बनाया गया था. इसी पद पर रहते हुए उन्होंने आईएएस से इस्तीफा दिया.

पढ़ाई के बाद लंदन में नौकरी

दिव्या मित्तल मूल रूप से हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली हैं उन्होंने आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और इसके बाद आईआईएम बेंगलुरु से एमबीए किया. पढ़ाई पूरी करने के बाद दिव्या ने लंदन में नौकरी की, लेकिन बाद में भारत लौटकर सिविल सेवा की तैयारी की. साल 2013 में उनका चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा में हुआ और उन्हें उत्तर प्रदेश कैडर मिला.

ये भी पढ़ें: 'आगे राह कठिन है, साहस देना मां...' IAS से इस्तीफा देकर वैष्णो देवी यात्रा पर दिव्या मित्तल, शेयर किया VIDEO

मिर्जापुर में भी रहा चर्चित कार्यकाल

मिर्जापुर की जिलाधिकारी के रूप में दिव्या मित्तल का कार्यकाल भी चर्चा में रहा. इस दौरान उन्होंने ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों में पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं को लेकर कई पहल की. प्रशासनिक स्तर पर उनकी कार्यशैली और जनसमस्याओं को लेकर सक्रियता की चर्चा होती रही.

इस्तीफा देने के बाद दिव्या मित्तल ने अपने फैसले को व्यक्तिगत प्राथमिकताओं और जीवन के नए लक्ष्यों से जोड़कर बताया था. अब केंद्र सरकार की ओर से इस्तीफा स्वीकार किए जाने के बाद उनका आईएएस अधिकारी के रूप में कार्यकाल औपचारिक रूप से खत्म हो गया है.

(Input- Brijendra Dubey)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Divya Mittal, Divya Mittal IAS, Uttar Pradesh, Mirzapur, Ministry Of Personnel
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com