विज्ञापन
This Article is From May 05, 2017

अज़लान शाह कप हॉकी : मलेशिया ने भारत को 1-0 हराकर फ़ाइनल में पहुंचने से रोका

मलेशिया से हारकर टीम इंडिया के फाइनल में पहुंचने की उम्‍मीदें खत्‍म हो गईं. वर्ल्ड नंबर 6 टीम को पूरे मैच के दौरान गोलकीपर श्रीजेश की कमी खलती रही.

अज़लान शाह कप हॉकी : मलेशिया ने भारत को 1-0 हराकर फ़ाइनल में पहुंचने से रोका
फाइल फोटो
नई दिल्‍ली: मलेशिया के इपोह में खेले गए अज़लान शाह कप हॉकी के आख़िरी लीग मैच में मलेशिया ने भारत को 1-0 से हराया और फ़ाइनल की रेस से बाहर कर दिया. मलेशिया ने 4 बार अज़लान शाह की चैंपियन भारत को हराकर गुआंगझोऊ एशियाड की याद ताज़ा कर दी. अब कांस्‍य पदक के लिए भारत का मुकाबला शनिवार को न्‍यूजीलैंड से होगा. 2010 गुआंगझोऊ एशियाई खेलों में भी मलेशिया ने भारत को एक्स्ट्रा टाइम में 4-3 से हराकर उसे फ़ाइनल में पहुंचने से रोक दिया था. भारत को 2010 एशियाई खेलों में कांस्य से संतोष करना पड़ा (द.कोरिया को 1-0 से हराकर) जबकि मलेशियाई टीम को रजत पदक हासिल हुआ था. पूरे मैच में गोलकीपर कप्तान पीआर श्रीजेश की कमी खलती रही. भारत को मैच में पांच पेनल्टी कॉर्नर के मौक़े मिले. इनमें से तीन बार रूपिन्दर का ड्रैग फ़्लिक कमज़ोर और बिना किसी चतुराई के पेश होता दिखा. चौथी बार जूनियर वर्ल्ड कप चैंपियन टीम के हरमनप्रीत सिंह ने कोशिश की. यही नहीं आख़िरी बार भारतीय टीम ने पेनल्टी कॉर्नर में एक वेरिएशन की कोशिश की. लेकिन वो भी नाकाम कोशिश साबित हुई.

अज़लान शाह कप हॉकी में फ़ाइनल में पहुंचने के लिए भारत के लिए हर हाल में जीत ज़रूरी थी और वो भी कम से कम 2 गोलों के अंतर के साथ. अज़लान शाह स्टेडियम में हल्की बारिश में खेले जा रहे मैच के पहले क्वार्टर में दोनों ही टीमें संभलकर एक-दूसरे को आंकती रहीं. पहले क्वार्टर में भारतीय टीम ने दबाव तो बनाया, लेकिन दोनों टीमों में कोई विपक्षी सर्किल के अंदर कोई सटीक ख़तरा पैदा करती नज़र नहीं आईं.

तीसरे क्वार्टर तक दोनों टीमें कोई गोल बनाने में नाकाम रहीं. चौथे क्वार्टर में गोलकीपर आकाश चितके को बाहर कर टीम हॉकी इंडिया ने ऑलआउट अटैक करने की कोशिश की. हरमनप्रीत सिंह बिप्स पहनकर मैदान पर उतरे रहे. लेकिन 48वें और 50वें मिनट में मेज़बान मलेशिया को एक बार फिर पेनल्टी कॉर्नर के मौक़े मिले.

14वीं वर्ल्ड रैंकिंग वाली मेज़बान टीम आख़िरकार वर्ल्ड नंबर 6 भारत के ख़िलाफ़ 1-0 की बढ़त बनाने में कामयाब रही जिसे भारतीय टीम उतार पाने में नाकाम रही. फ़ाइनल में अब ऑस्ट्रेलिया की टक्कर प्वाइंट्स टेबल की दूसरी टीम ग्रेट ब्रिटेन से होगी.

गोल स्कोरर:
शारिल साबाह (51वां मिनट, 1-0)


भारत प्लेइंग X1: आकाश चितके (गोलकीपर), हरमनप्रीत सिंह, रूपिन्दर पाल सिंह, गुरिन्दर सिंह, मनप्रीत सिंह,मनदीप सिंह, हरजीत सिंह, प्रदीप मोर, एसवी सुनील, आकाशदीप सिंह, चिंगलेनसाना सिंह.
कोच: रोलंट ऑल्टमैन्स

मलेशिया प्लेइंग X1: सुब्रमियम कुमार, हाज़िक समसुल, माराह जलील, फ़ितरि सारि, सुक्री मुतालिब, नबी नूर, राज़ी रहीम, फ़ैज़ जालि, नजमी जाज़लन, शारिल साबाह.
कोच: स्टीफ़न वॉन हुइज़ेन
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indian Hockey Team, Sultan Azlan Shah Cup 2017, Men's Hockey, Malaysia
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com