- मलेशिया के प्रधानमंत्री ब्रिक्स समिट के दौरान भारतीय गायक किशोर कुमार और मुकेश के प्रसिद्ध गीत गुनगुनाते दिखे
- ‘दोस्त दोस्त ना रहा’ गीत 1964 की फिल्म संगम का है, जिसका संगीत शंकर-जयकिशन ने दिया और मुकेश ने गाया था
- मलेशिया में लगभग 28 लाख भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जो देश की कुल आबादी का लगभग नौ प्रतिशत हैं
अनवर इब्राहिम मलेशिया के 10वें प्रधानमंत्री हैं. ब्रिक्स समिट के लिए दिल्ली पहुंचे तो खूब गंभीर दिखे. मगर BRICS समिट डिनर में पहुंचे तो वहां के 'स्टार'बन गए. डिनर के दौरान उन्होंने भारतीय गायक किशोर कुमार का ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत...' और मुकेश का ‘दोस्त दोस्त ना रहा, प्यार प्यार ना रहा...' गाना गुनगुनाया.
मलेशिया के पीएम X (ट्विटर) पर डेढ़ मिनट का वीडियो शेयर करते हुए लिखा— "गुरु, थोड़ा सा गाने की इजाजत है?" वीडियो में गीत गाते और झूमते नजर आए. ऐसा लग रहा था कि गीत गाते वो ख्यालों में खो गए.
कौन से गीत हैं ये और किस फिल्म के
‘ख्वाब हो तुम...' तीन देवियां फिल्म का गीत है. ये फिल्म 1965 में आई थी. इसके गायक किशोर कुमार थे. इसका संगीत एसडी बर्मन ने तैयार किया था और इसके गीतकार मजरूह सुल्तानपुरी थे. फिल्म के हीरो देव आनंद थे और हीरोइनें नंदा, कल्पना और सिमी गरेवाल थीं.
‘दोस्त दोस्त ना रहा...' फिल्म संगम का गीत है. ये फिल्म 1964 में आई थी. इस फिल्म के गायक मुकेश थे. इसका संगीत शंकर-जयकिशन ने तैयार किया था और इसके गीतकार शैलेंद्र थे. संगम फिल्म में राज कपूर और राजेंद्र कुमार हीरो थे. वहीं हीरोइन वैजयंतीमाला थीं.
हिंदी सिनेमा और संगीत के फैन हैं अनवर
अनवर इब्राहिम भारतीय संगीत, खासकर पुराने हिंदी गानों के प्रति अपनी गहरी रुचि और पसंद के लिए जाने जाते हैं. वे महान गायक किशोर कुमार के बहुत बड़े प्रशंसक हैं. इससे पहले वर्ष 2024 में अपने आधिकारिक भारत दौरे के दौरान भी उन्होंने एक कार्यक्रम में किशोर दा का यही प्रसिद्ध गीत गुनगुनाया था.
सांस्कृतिक कूटनीति का हिस्सा
फरवरी 2026 में जब भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मलेशिया की यात्रा की थी, तब अनवर इब्राहिम ने उनका स्वागत करने के लिए एक विशेष आधिकारिक वीडियो मोंटाज साझा किया था. उस आधिकारिक स्वागत वीडियो के बैकग्राउंड में उन्होंने 2001 की मशहूर बॉलीवुड फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' का लोकप्रिय गीत 'बोले चूड़ियां' इस्तेमाल किया था, जो दोनों देशों के बीच मजबूत सांस्कृतिक रिश्तों और जुड़ाव को दर्शाता है. आपको बता दें मलेशिया में करीब 28 लाख भारतीय मूल के लोग रहते हैं. ये मलेशिया की आबादी का 9 फीसदी हैं और इनमें से करीब 20 लाख लोग तमिल बोलते हैं.
यह भी पढ़ें-
मायावती के परिवार में कौन-कौन, भतीजी दीपिका आनंद की एंट्री की चर्चाओं के बीच जान लीजिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं