विज्ञापन

SAFF चैंपियनशिप में भारत-पाकिस्तान आमने-सामने, युवा भारतीय टीम करेगी अभियान का आगाज

सैफ चैंपियनशिप के लिए सेकेंड-स्ट्रिंग का ऐलान हुआ है. भारत मौजूदा चैंपियन है. टीम पाकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी. टूर्नामेंट का फाइनल 17 नवंबर को होगा.

SAFF चैंपियनशिप में भारत-पाकिस्तान आमने-सामने, युवा भारतीय टीम करेगी अभियान का आगाज
SAFF चैंपियनशिप में भारत-पाकिस्तान आमने-सामने

भारतीय टीम, जिसमें केवल 18 खिलाड़ी उपलब्ध हैं, गुरुवार को दक्षिण एशियाई फुटबॉल महासंघ चैंपियनशिप के अपने पहले मैच में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का सामना करेगी. भारत मौजूदा चैंपियन है. लेकिन मुख्य टीम इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले रही है क्योंकि उसे 12 और 15 नवंबर को ऑकलैंड और क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच खेलने हैं. इसके अलावा, इंडियन सुपर लीग क्लब भी मौजूदा सीजन के बीच अपने खिलाड़ियों को छोड़ने को लेकर हिचकिचा रहे हैं. गुरुवार को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाला मैच FIFA अंतरराष्ट्रीय विंडो (9-17 नवंबर) की तारीखों के बाहर आता है.

पाकिस्तान के खिलाफ शुरू होगा अभियान

टूर्नामेंट के लिए टीम की घोषणा करते हुए, अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ ने बताया था कि 18 खिलाड़ी 3 नवंबर को कोलकाता से ढाका के लिए रवाना होंगे, जबकि बाकी 10 खिलाड़ी बाद के दिनों में टीम के साथ जुड़ेंगे. 9 नवंबर को FIFA अंतरराष्ट्रीय विंडो शुरू होने पर, ISL क्लब अपने खिलाड़ियों को छोड़ देंगे और तब टीम में कुल 28 खिलाड़ी हो जाएंगे.

ढाका के नेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे इस छह-टीम टूर्नामेंट में, 'ब्लू टाइगर्स' गुरुवार 5 नवंबर को अपने अभियान की शुरुआत करेगी.  इसके बाद टीम इंडिया अपना दूसरा ग्रुप B मैच 11 नवंबर को मालदीव के खिलाफ खेलेंगे. मेजबान बांग्लादेश, श्रीलंका और भूटान को ग्रुप A में रखा गया है. हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जो 14 नवंबर को खेला जाएगा. फाइनल मुकाबला 17 नवंबर को होगा.

भारतीय टीम की कमान U-23 राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच नौशाद मूसा के हाथों में है. बिबियानो फर्नांडीस, जिन्होंने हाल ही में अजरबैजान में FIFA U-15 विश्व कप और फेस्टिवल में भारत की U-15 पुरुष टीम को कोचिंग दी थी, इस टीम के सहायक कोच हैं.

ढाका पहुंचने के बाद स्थानीय मीडिया से बातचीत में नौशाद ने कहा,"मुझे लगता है कि इस टूर्नामेंट में बांग्लादेश फिलहाल सबसे मजबूत टीम है, और हमें उम्मीद है कि फाइनल में हमारा सामना उनसे होगा." उन्होंने कहा, "मुझे पूरा भरोसा है कि मेरी टीम चैंपियन बन सकती है." 

1993 से अब तक हुए 14 टूर्नामेंटों में से भारत ने 9 बार जीत हासिल की है, 4 बार उपविजेता रहा है और एक बार तीसरे स्थान पर रहा है. इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन 1997 में रहा है, जब वे तीसरे स्थान पर रहे थे. इतिहास पर नज़र डालें तो, पाकिस्तान के खिलाफ भारत हमेशा से एक मजबूत टीम रही है. नई सदी की शुरुआत के बाद से दोनों टीमों के बीच खेले गए मैचों में भारत का पलड़ा भारी रहा है.

2023 में बेंगलुरु में हुए पिछले टूर्नामेंट में, भारत ने पाकिस्तान को 4-0 से हराया था, जिसमें सुनील छेत्री ने हैट्रिक लगाई थी. इगोर स्टिमैक की कोचिंग में भारत ने वह टूर्नामेंट जीता था. पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में अपने पिछले मैचों के खराब प्रदर्शन के बाद आ रहा है. आसियान कप के ग्रुप B मैचों में उन्हें दो हार मिलीं और एक मैच ड्रॉ रहा. वे थाईलैंड (0-4) और वियतनाम (2-4) से हारे, जबकि फिलीपींस के खिलाफ उनका मैच (2-2) से ड्रॉ रहा.

हालांकि, पिछले साल मुख्य कोच बने पेरू के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नोलबर्टो सोलानो के मार्गदर्शन में पाकिस्तान ने सुधार किया है. अपने पिछले 5 मैचों में उन्होंने 2 जीत हासिल की हैं और एक मैच ड्रॉ खेला है. इस क्षेत्रीय टूर्नामेंट के फाइनल में पहली बार पहुंचने की कोशिश में, पाकिस्तान ने डेनमार्क में जन्मे कप्तान और डिफेंडर अब्दुल्ला इकबाल को टीम में शामिल किया है. वे स्वीडन के क्लब 'मजालबी एआईएफ' के लिए खेलते हैं.

चूंकि भारत इस टूर्नामेंट में अपनी दूसरी टीम (सेकंड स्ट्रिंग टीम) उतार रहा है, इसलिए गुरुवार को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाला मुकाबला काफी कड़ा हो सकता है. टूर्नामेंट से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में मूसा ने कहा,"पिछली SAFF चैंपियनशिप में हमने जिस पाकिस्तान टीम का सामना किया था, इस बार की टीम उससे अलग होगी और हम इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं. हम निश्चित रूप से यह मैच जीतना चाहेंगे. मुझे नहीं लगता कि कोई खास दबाव है. बल्कि, यह अपना सर्वश्रेष्ठ देने और मैदान पर अपना सब कुछ झोंक देने के जज्बे की बात है." 

उन्होंने आगे कहा,"मैं यहां एक युवा टीम के साथ आया हूं. मेरे लिए सबसे जरूरी यह है कि मेरे खिलाड़ी बिना किसी दबाव के खेलें. मुझे अपना खिताब बचाने की कोई खास चिंता नहीं है. मेरी प्राथमिकता अच्छा फुटबॉल खेलना है. जब टीम अच्छा फुटबॉल खेलेगी, तो नतीजे अपने आप मिल जाएंगे." 

भारतीय टीम के होटल चेक-इन में देरी

मंगलवार को जब भारतीय टीम ढाका एयरपोर्ट के पास क्राउन प्लाज़ा होटल पहुंची, तो खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को चेक-इन करने के लिए दो घंटे से ज्यादा इंतजार करना पड़ा. SAFF के महासचिव पुरुषोत्तम कट्टेल ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि भारतीय टीम के चेक-इन में देरी, होटल और बुकिंग का काम देखने वाले स्थानीय पार्टनर के बीच गलतफहमी की वजह से हुई.

कट्टेल ने कहा,"SAFF होटल बुकिंग में शामिल नहीं है, हमने यह काम एक स्थानीय पार्टनर को सौंपा था. स्थानीय पार्टनर और होटल के बीच कुछ गलतफहमी हो गई थी. मैं तुरंत होटल पहुंचा और मामले को सुलझा दिया." उन्होंने आगे कहा,"पता चला कि बांग्लादेश में बुकिंग से पहले 100 प्रतिशत भुगतान करना होता है (जबकि दूसरी जगहों पर 40 से 50 प्रतिशत देना होता है), लेकिन होटल वालों को हमारे पार्टनर को पहले ही बता देना चाहिए था. मामला जल्दी ही सुलझा लिया गया और भारतीय टीम ने होटल में चेक-इन कर लिया."

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Football, India Football Team, Pakistan National Football Team, Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com