विज्ञापन
This Article is From May 09, 2018

बैडमिंटन: साई प्रणीत और समीर वर्मा ने ऑस्‍ट्रेलियन ओपन में की जीत के साथ शुरुआत

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों बी साई प्रणीत और समीर वर्मा ने ऑस्ट्रेलिया ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप में अच्‍छी शुरुआत करते हुए आज यहां पुरुष एकल के दूसरे दौर में जगह बनाई.

बैडमिंटन: साई प्रणीत और समीर वर्मा ने ऑस्‍ट्रेलियन ओपन में की जीत के साथ शुरुआत
बी साई प्रणीत को प्रतियोगिता में दूसरी वरीयता हासिल है (फाइल फोटो)
  • प्रणीत ने इस्राइल के मिशा जिल्बरमैन को हराया
  • समीर को कड़े संघर्ष के बाद भी मिल पाई जीत
  • समीर के भाई सौरभ वर्मा जापान के उएदा से हारे
सिडनी: भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों बी साई प्रणीत और समीर वर्मा ने ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप में अच्‍छी शुरुआत करते हुए आज यहां पुरुष एकल के दूसरे दौर में जगह बनाई. प्रणीत ने इस्राइल के मिशा जिल्बरमैन को सीधे गेम में 21-17, 21-14 से हराया जबकि समीर को न्यूजीलैंड के अभिनव मनोता को इस एचएसबीसी बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर सुपर 300 प्रतियोगिता के पहले दौर में 13-21 21-17 21-12 से हराने में काफी पसीना बहाना पड़ा. हालांकि समीर के भाई सौरभ को अपने मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा.

यह भी पढ़ें: इस वजह से एचएस प्रणॉय को चैलेंज लग रही टॉप-10 पायदान..

समीर के भाई सौरभ वर्मा को हालांकि कड़े मुकाबले में जापान के ताकुमा उएदा ने 19-21 21-17 21-12 से हराया. गैरवरीय वरीय अजय जयराम को भी जापान के रिची ताकेशिता ने एक घंटा और 12 मिनट चले कड़े मुकाबले में 20-22 22-20 21-17 से हराया. प्रणीत अगले दौर में इंडोनेशिया के पणजी अहमद मौलाना से भिड़ेंगे जबकि समीर को ताकुमा का सामना करना है. करण राजन राजराजन को इंडोनेशिया के सोनी ड्वी कुनकोरो के खिलाफ 15-21 8-21 से हार का सामना करना पड़ा. साइना नेहवाल और पीवी सिंधु जैसे बड़े नामों की गैरमौजूदगी में जक्का वैष्णवी रेड्डी महिला एकल के दूसरे दौर में जगह बनाने वाली एकमात्र भारतीय रही. उन्होंने इंग्लैंड की जार्जीना ब्लेंड को 19-21 21-15 21-15 से हराया.

वीडियो: वर्ल्‍ड चैंपियनशिप में मेडल जीतकर लौटीं पीवी सिंधु
पुरुष युगल में तीसरे वरीय मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी ने लुकास डेफोल्की और माइकल फरिमैन की जोड़ी को 21-11 21-10 से हराया जबकि अर्जुन एमआर और रामचंद्रन श्लोक ने रेमंड टैम और एरिक वुयोग को 21-7 21-15 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई. फ्रांसिस एल्विन और के नंदगोपाल की भारतीय जोड़ी हालांकि ताइ इन जुंग और ह्वी तेइ किम की कोरिया की जोड़ी के खिलाफ जब 28-30 8-7 से पिछड़ रही थी तो पहले दौर के मुकाबले से हट गई. रोहन कपूर और शिवम शर्मा की जोड़ी को भी टेंग जेई चेन और सून हुआत गोह की मलेशियाई जोड़ी के खिलाफ 15-21 21-15 7-21 से हार झेलनी पड़ी. (इनपुट: एजेंसी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Australian Open Badminton, B Sai Praneeth, Sameer Verma
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com