चंडीगढ़ में आज से देश की सबसे बड़ी पंजाब हॉकी लीग शुरू हो रही है जहां इस बार सबसे ज्यादा 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं. ये हॉकी इंडिया की मजबूत होती बेंच का इशारा है. हॉकी के युवा खिलाड़ी ओलिंपिक समेत टॉप टूर्नामेंट में भारतीय हॉकी के सुनहरे दिन लौटाने की राह पर हैं. 1980 के ओलिंपिक गोल्ड के बाद भारतीय हॉकी अपने सबसे निचले स्तर पर भी पहुंची जब 8 बार की ओलिंपिक चैंपियन 2008 के बीजिंग ओलिंपिक्स के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई थी.
जूनियर वर्ल्ड चैंपियन से ओलिंपिक्स के पोडियम तक
भारत ने 2016 में जूनियर वर्ल्ड कप का खिताब दूसरी बार जीतकर भारतीय बेंच को मजबूत किया और ओलिंपिक में जीत का फॉर्मूला भी हासिल कर लिया. जूनियर वर्ल्ड कप चैंपियन टीम के कई खिलाड़ी सीनियर स्तर पर अब लगातार धमाल मचा रहे हैं. पंजाब हॉकी लीग भारतीय हॉकी की बेंच को मजबूत करने की फैक्टरी साबित हो रही है.

चंडीगढ़ का राउंडग्लास स्पोर्ट-Roundglass Sport और हॉकी पंजाब पिछले तीन सालों से पंजाब हॉकी लीग का आयोजन कर रहे हैं. तीनों ही बार लीग की कामयाबी की वजह से लीग में टीमों की संख्या बढ़ती गई है. 6 टीमों से शुरू होकर इस बार टूर्नामेंट में 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं.
‘मजबूत बेंच ही है सक्सेस का मंत्र'
भारत ने अब तक सिर्फ़ दो बार जूनियर वर्ल्ड कप हॉकी टूर्नामेंट का चैंपियन (2001, 2016) बना. भारत की पहली जूनियर वर्ल्ड कप हॉकी विजेता टीम के कोच राजिन्दर सिंह कहते हैं, 'जबतक बेंच मजबूत नहीं होगी आप ओलिंपिक्स में नहीं जीत सकते.'
पूर्व भारतीय कोच और मौजूदा राउंडग्लास हॉकी अकादमी के कोच राजिन्दर सिंह कहते हैं, 'दुनिया की हॉकी लगातार और तेजी से बदल रही है. आप जूनियर खिलाड़ी तैयार करते हैं तभी वो दुनिया की टॉप स्किल्स को सीख सकते हैं. पंजाब हॉकी लीग भारत की सबसे बड़ी और दुनिया की सबसे बड़ी हॉकी लीग में से एक है. यहां से टॉप खिलाड़ी तैयार हो सकते हैं.'
‘पंजाब के गांवों से टैलेंट ढूंढ रहा है राउंडग्लास'
राउंडग्लास की नुमाइंदगी कर रहे अशफाक कहते हैं, 'हम पंजाब के हर पिंड में पहुंचकर टैलेंट तलाश रहे हैं. हमारे इस प्रोग्राम से तकीरबन 3000 बच्चे जुड़ चुके हैं. इनमें से चुने गए खिलाड़ी भारतीय टीम की रीढ़ बन सकते हैं. इस लीग से तैयार होकर वरिन्दर सिंह जैसे खिलाड़ी अंडर-18 एशिया कप गोल्ड मेडल जीत चुके हैं. इस लीग के कई खिलाड़ी सीनियर स्तर पर पहुंचकर कमाल करते दिखेंगे.'
अशफाक कहते हैं, 'सारे खिलाड़ी इंडिया नहीं खेल सकते. राउंडग्लास बाकू खिलाड़ियों को छोड़ नहीं देता. हम उनका करियर तैयार करने की कोशिश करते हैं.'
‘बगैर डॉक्टर के सलाह के सप्लीमेंट से हो जाएगा सत्यानाश!'
पंजाब हॉकी लीग के ब्रैंड अंबैसडर बने डबल ओलिंपिक पदक विजेता और भारत के लिए सबसे ज़्यादा 433 मैच खेलने वाले मनप्रीत सिंह अंडर-21 खिलाड़ियों और उनके जरिये युवाओं को एक सख़्त हिदायत देते हैं, 'अपनी फिटनेस या किसी भी और वजह से प्रोटीन या कोई और सप्लीमेंट नहीं लें. आपके करियर और हेल्थ का सत्यानाश हो सकता है. डोपिंग का ख़तरा अलग है.'
ओलिंपिक पदक विजेता और सबसे अनुभवी कप्तान मनप्रीत मानते हैं कि मॉडर्न ह़की में फिटनेस जीत का बीज मंत्र है. लेकिन फिटनेस के लिए वो भी ओलिंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा की तरह घर का खाना- दाल-चावल, रोटी, दही, अंडे, तोफू, मछली, चिकन वगैरह खाने की सलाह देते हैं.
पंजाब हॉकी लीग ने पूर्व भारतीय कप्तान मनप्रीत सिंह, दुनिया के सबसे स्किलफुल प्लेयर्स में से एक हार्दिक सिंह और दिलप्रीत सिंह को अपना ब्रैंड अंबैसडर चुना है. ये खिलाड़ी ग्राउंड आकर इन्हें प्रेरित भी कर रहे हैं.
लीग के अधिकारी कहते हैं कि हॉकी इंडिया के ओलिंपिक पदक विजेता खिलाड़ी इस लीग का ग्लैमर हैं. ये लीग भारतीय हॉकी का विजन है, ये लीग तेजी से पांव जमा रही है.
यह भी पढ़ें- भारत की 10वें खिताब नजर, सैफ फुटबॉल चैंपियनशिप में पाकिस्तान से खिताबी टक्कर कल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं