क्रिकेट में जिस तरह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में विराट कोहली के प्रदर्शन को लेकर बहस छिड़ी हुई है, कुछ वैसा ही माहौल इस समय शतरंज की दुनिया में भी देखने को मिल रहा है. फर्क सिर्फ इतना है कि यहां चर्चा दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को लेकर हो रही है. वर्षों तक अपराजेय नजर आने वाले नॉर्वे के ग्रैंडमास्टर हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में आयोजित टोटल चेस टूर्नामेंट में संघर्ष करते दिख रहे हैं. 10 क्लासिकल मुकाबलों में एक भी जीत नहीं मिलने के बाद पहली बार ऐसा लग रहा है कि 'शतरंज के राजा' भी आखिर इंसान ही हैं.
10 मैच खेले, लेकिन एक भी जीत नहीं
टोटल चेस टूर्नामेंट के फास्ट क्लासिकल स्टेज में मैग्नस कार्लसन ने 10 मुकाबले खेले. इनमें उन्हें एक हार मिली जबकि बाकी 9 मुकाबले ड्रॉ रहे. सामान्य खिलाड़ियों के लिए यह प्रदर्शन बुरा नहीं माना जाएगा, लेकिन कार्लसन के स्तर के खिलाड़ी के लिए इसे बड़ा झटका माना जा रहा है.
रेटिंग में भी हुआ नुकसान
बुडापेस्ट पहुंचने से पहले कार्लसन की लाइव रेटिंग 2823 थी, लेकिन लगातार फीके नतीजों के बाद यह घटकर लगभग 2801.2 पर पहुंच गई. पिछले 15 वर्षों से वह 2800 रेटिंग के ऊपर बने हुए हैं और अब पहली बार इस आंकड़े पर भी खतरा मंडराने लगा है. दिलचस्प बात यह है कि कार्लसन कभी 2900 रेटिंग तक पहुंचने की बात करते थे, लेकिन फिलहाल उनकी रेटिंग गिरावट की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है.
फिर भी बचा हुआ है नंबर-1 का ताज
अमेरिका के फैबियानो करूआना की रेटिंग 2800 तक पहुंच गई है और वह लगातार कार्लसन के करीब आते जा रहे हैं. हालांकि टूर्नामेंट के अंतिम मुकाबले में हार के कारण करूआना फिलहाल दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी नहीं बन सके. इस तरह कार्लसन अभी भी टॉप स्थान पर बने हुए हैं, लेकिन यह बढ़त उनके शानदार प्रदर्शन की वजह से नहीं बल्कि प्रतिद्वंद्वी की हार के कारण कायम है.
वेस्ली सो ने कहा - 'किंग को यह पसंद नहीं आ रहा'
फिलीपींस मूल के अमेरिकी ग्रैंडमास्टर वेस्ली सो ने कार्लसन की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा, "किंग को यह पसंद नहीं आ रहा होगा.' सो ने मजाकिया अंदाज में अपने मित्र फैबियानो करूआना को पहले ही बधाई भी दे दी और संकेत दिया कि आने वाले समय में वह दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी बन सकते हैं.
प्रतिद्वंद्वी भी हैरान
नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर अनीश गिरी का मानना है कि इस प्रदर्शन का जरूरत से ज्यादा विश्लेषण नहीं किया जाना चाहिए. उनके मुताबिक, 'ऐसा किसी के साथ भी हो सकता है. यह उनकी गिरती हुई क्षमता है या सिर्फ एक खराब दौर, इसका जवाब भविष्य में मिलेगा.'
'कार्लसन हर कीमत पर जीतना चाह रहे हैं'
रूस के टॉप ग्रैंडमास्टर इयान नेपोमनियाची ने कार्लसन के खेल का गहराई से विश्लेषण किया. उनका मानना है कि कार्लसन सामान्य रणनीति की बजाय हर हाल में जीत हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं.
नेपोमनियाची ने कहा, 'उनके लिए बिना कोई मैच जीते टूर्नामेंट खत्म करना बेहद असामान्य है. ऐसा लग रहा है कि वे जीत हासिल करने के लिए जरूरत से ज्यादा जोखिम उठा रहे हैं. कभी-कभी वही मैच हार जाते हैं जिन्हें सामान्य परिस्थितियों में ड्रॉ कराया जा सकता था.'
यही कार्लसन को असुरक्षित बना रहा है
कई वर्षों तक कार्लसन की सबसे बड़ी ताकत यह रही कि वह बराबरी की स्थिति से भी जीत निकाल लेते थे. लेकिन बुडापेस्ट में तस्वीर अलग दिखाई दी है. अब वे जीत के दबाव में जोखिम ले रहे हैं और उसी कारण मुश्किल स्थितियों में फंसते भी नजर आ रहे हैं. यही वजह है कि शतरंज जगत में अब चर्चा कार्लसन की अगली जीत की नहीं, बल्कि यह हो रही है कि क्या कोई खिलाड़ी उनसे नंबर-1 की कुर्सी छीन सकता है.
करियर का सबसे कठिन दौर?
कार्लसन अभी भी दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी हैं, लेकिन पहली बार उनकी बादशाहत कमजोर पड़ती दिखाई दे रही है. टोटल चेस टूर्नामेंट में वह मुख्य खिताबी दौड़ से बाहर होकर 17वें से 20वें स्थान के खिलाड़ियों के नॉकआउट ब्रैकेट में पहुंच गए हैं. अपना अधिकांश करियर पहले स्थान के लिए लड़ने वाले खिलाड़ी के लिए यह स्थिति काफी असामान्य मानी जा रही है.
होटल में भी चर्चा का विषय बने कार्लसन
टूर्नामेंट से इतर बुडापेस्ट के ऐतिहासिक अनंतारा होटल में भी कार्लसन चर्चा का विषय बने हुए हैं. कुछ दिन पहले उन्होंने उड़ान के दौरान अपने आईपैड में 'पेप्पा पिग' देखते हुए तस्वीर साझा की थी, जिसे शतरंज समुदाय ने मजाक में 'डैडी पिग गैम्बिट' नाम दे दिया. अब उनके आईपैड पर आल्प्स पर्वतों की स्कीइंग से जुड़े वीडियो दिखाई दे रहे हैं. शायद कार्लसन आगे की तैयारी के बारे में सोच रहे हों, लेकिन फिलहाल दुनिया ने उनका ऐसा रूप देखा है, जिसकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी.
यह भी पढ़ें- VIDEO: गली क्रिकेट में उड़े ब्रिटेन के प्रिंस विलियम के स्टंप्स, प्रिंसेस भी रह गईं हैरान, वायरल हुआ रिएक्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं