मुंबई की एक सड़क पर सोमवार को ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने शाही प्रोटोकॉल और भारतीय क्रिकेट के जुनून को एक ही फ्रेम में समेट दिया. ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन ने मुंबई की गलियों में बच्चों के साथ गली क्रिकेट खेला, जबकि क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर भी उनके साथ मैदान में मौजूद थे. लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उस पल की रही, जब प्रिंस विलियम बल्लेबाजी करते हुए बोल्ड हो गए. विकेट गिरते ही आसपास मौजूद स्कूली छात्राओं और खिलाड़ियों ने जश्न मनाया, खुद विलियम भी मुस्कुराते हुए उस पल का आनंद लेते नजर आए.
प्रिंस विलियम हुए बोल्ड, जमकर हुआ सेलिब्रेशन
दरअसल, तीन दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे प्रिंस विलियम ने मुंबई के बैलार्ड एस्टेट इलाके में आयोजित गली क्रिकेट कार्यक्रम में हिस्सा लिया. सफेद शर्ट, नेवी ब्लू जैकेट और काले ट्राउजर में बल्लेबाजी करने उतरे विलियम ने कुछ शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन चौथी गेंद पर उनका विकेट उड़ गया. जैसे ही गेंद स्टंप्स से टकराई, मैदान पर मौजूद बच्चों और खिलाड़ियों ने जश्न मनाया. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भी यह उत्साह साफ दिखाई देता है. इस दौरान सचिन तेंदुलकर भी कुल पल के लिए विकेटकीपिंग करते नजर आए.
दिलचस्प बात यह रही कि विलियम ने इसे खेल भावना के साथ लिया और हंसते हुए खिलाड़ियों का अभिवादन किया. बाद में उन्होंने सचिन तेंदुलकर के सामने गेंदबाजी में भी हाथ आजमाया. प्रिंसेस कैथरीन भी क्रिकेट के रंग में पूरी तरह रंगी नजर आईं. उन्होंने लगभग दो ओवर तक बल्लेबाजी की और कुछ अच्छे शॉट लगाए. आखिरकार प्रिंस विलियम ने ही उन्हें आउट किया. इस दौरान स्कूली छात्राओं और 'गली क्रिकेट' समुदाय के सदस्यों ने शाही मेहमानों के साथ क्रिकेट का भरपूर आनंद लिया.
यहां देखें प्रिंस विलियम के स्टंप्स का वीडियो
#WATCH | Maharashtra: Britain's Prince William plays gully cricket with young Cricketers in Mumbai. Princess Kate and Cricket legend Sachin Tendulkar are also here. The Prince and Princess of Wales are in Mumbai for a three-day visit centred around the 2026 Earthshot Prize. https://t.co/t1pbETB3ic
— ANI (@ANI) November 16, 2026
सचिन के सीधे ड्राइव ने जीता बच्चों का दिल
कार्यक्रम में शामिल कई छात्राओं ने इसे जीवन का यादगार अनुभव बताया. एक छात्रा ने कहा कि सचिन तेंदुलकर को सामने से उनका मशहूर स्ट्रेट ड्राइव खेलते देखना उसके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था. कुछ बच्चों को तेंदुलकर का ऑटोग्राफ भी मिला, जिससे उनकी खुशी दोगुनी हो गई.
कुल्हड़ वाली चाय का भी लिया स्वाद
क्रिकेट के बाद प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन ने मुंबई की मशहूर 'कटिंग चाय' का स्वाद भी चखा. उन्हें बरगद के पेड़ के नीचे एक चाय स्टॉल पर कुल्हड़ में चाय परोसी गई. स्टॉल संचालकों के अनुसार, शाही मेहमानों ने चाय की तारीफ की और कहा कि उसका स्वाद बेहद शानदार था.
यह भी पढ़ें- रोहित शर्मा की खामोशी ने खींचा फैंस का ध्यान, राजीव शुक्ला से बातचीत की तस्वीर वायरल
यह भी पढ़ें- न्यूजीलैंड सीरीज के बाद अब कब लौटेंगे रोहित और विराट? जानिए अगले मैच की पूरी डिटेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं