विज्ञापन
This Article is From Oct 22, 2017

डेनमार्क ओपन में भारत के किदांबी श्रीकांत चैंपियन, फाइनल में कोरिया के ली ह्यून को हराया

भारतीय बैडमिंटन स्‍टार किदांबी श्रीकांत ने प्रतिष्ठित डेनमार्क ओपन का पुरुष सिंगल्‍स वर्ग का खिताब जीत लिया है.

डेनमार्क ओपन में भारत के किदांबी श्रीकांत चैंपियन, फाइनल में कोरिया के ली ह्यून को हराया
के.श्रीकांत ने फाइनल मुकाबला 21-10, 21-5 से जीता
  • फाइनल मुकाबला श्रीकांत ने 21-10, 21-5 से जीता
  • श्रीकांत का यह तीसरा सुपरसीरीज प्रीमियर खिताब
  • सेमीफाइनल में श्रीकांत ने वोंग विंग को हराया था
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
ओडेंसे (डेनमार्क): भारतीय बैडमिंटन स्‍टार किदांबी श्रीकांत ने 7 लाख 50 हजार डॉलर इनामी राशि वाली डेनमार्क ओपन चैंपियनशिप का पुरुष सिंगल्‍स वर्ग का खिताब जीत लिया है. उन्‍होंने यहां खेले गए फाइनल में दक्षिण कोरिया के ली ह्यून इल को लगभग एकतरफा मुकाबले में 21-10, 21-5 से हराया. इस खिताबी मुकाबले को जीतने में श्रीकांत को ज्‍यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी और कोरियाई खिलाड़ी ने आसानी से हार स्‍वीकार कर ली. श्रीकांत का यह तीसरा सुपर सीरीज प्रीमियर खिताब है.

यह भी पढ़ें : डेनमार्क ओपन : नंबर-1 एक्लेक्सन को हराकर श्रीकांत ने किया उलटफेर

इस साल इंडोनेशिया ओपन और ऑस्ट्रेलिया ओपन का खिताब जीतने वाले आठवें वरीय श्रीकांत ने ओडेंसे स्पोर्ट्स पार्क में अपने से 12 साल सीनियर ली को सिर्फ 25 मिनट में 21-10 21-5 से शिकस्त दी.

दुनिया के आठवें नंबर के खिलाड़ी श्रीकांत का यह तीसरा सुपर सीरीज प्रीमियर खिताब है. उन्होंने इससे पहले 2014 में चीन ओपन जबकि इस साल इंडोनेशिया ओपन का खिताब जीता.

श्रीकांत ने अपने से अधिक अनुभवी 37 साल के ली को कोई मौका नहीं दिया. ली ने शनिवार को सेमीफाइनल में हमवतन और दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी सोन वान हो को हराया था लेकिन वह इस प्रदर्शन को नहीं दोहरा पाए.

श्रीकांत ने धीमी शुरुआत की और पहले आठ अंक के बाद दोनों खिलाड़ी 4-4 से बराबर थे. श्रीकांत ने इसके बाद अपने ताकतवर स्मैश की बदौलत 9-5 की बढ़त बनाई. भारतीय खिलाड़ी ब्रेक तक 11-6 से आगे था.

ली के पास श्रीकांत के दमदार स्मैश और क्रॉस कोर्ट रिटर्न का कोई जवाब नहीं था जिससे भारतीय खिलाड़ी ने 14-8 की बढ़त बनाई. ली ने इसके अलावा बेसलाइन पर भी गलतियां की और उनके कई शॉट बाहर गए जिससे श्रीकांत ने 17-8 की बढ़त बनाई. कोरियाई खिलाड़ी ने दो शॉट बाहर मारे जिससे श्रीकांत को 20-8 के स्कोर पर 10 गेम प्वाइंट मिले. श्रीकांत की गलती से ली को दो अंक मिले लेकिन उन्हें इसके बाद शॉट बाहर मारकर गेम भारतीय खिलाड़ी की झोली में डाल दिया.

दूसरे गेम में श्रीकांत ने बेहतरीन शुरुआत की और वह ब्रेक के समय 11-1 से आगे थे. ली को अपने शॉट को लेकर जूझना पड़ा. उन्होंने कई शॉट बाहर मारे जबकि कई शॉट नेट पर उलझाए जिससे श्रीकांत को गेम और मैच जीतकर खिताब अपने नाम करने में कोई परेशानी नहीं हुई.

वीडियो: किदांबी श्रीकांत का लक्ष्‍य अब ओलिंपिक में मेडल जीतना

इससे पहले 2013 की विश्व चैंपियन थाईलैंड की रतचानोक इंतानोन ने महिला एकल में पहला गेम गंवाने के बाद जोरदार वापसी करते हुए जापान की चौथी वरीय अकाने यागामुची को एक घंटे और छह मिनट में 14-21 21-15 21-19 से हराकर सत्र का अपना पहला खिताब जीता.

(इनपुट भाषा से...)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com