विज्ञापन

कार्तिक आर्यन ने जीता बेस्ट एक्टर नेशनल अवॉर्ड, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिली ऐसी तारीफ बन गई यादगार

‘चंदू चैंपियन’ के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले कार्तिक आर्यन के लिए यह पल तब और खास हो गया, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मुरलीकांत पेटकर के किरदार में उनके अभिनय की जमकर तारीफ की.

कार्तिक आर्यन ने जीता बेस्ट एक्टर नेशनल अवॉर्ड, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिली ऐसी तारीफ बन गई यादगार
द्रौपदी मुर्मू ने की कार्तिक आर्यन के काम की तारीफ

कार्तिक आर्यन के लिए 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का मंच बेहद खास और यादगार रहा. हाल ही में गुजरता के केवडिया में सम्पन्न हुए नेशनल पुरस्कार समारोह में कार्तिक आर्यन को न सिर्फ उनकी फिल्म ‘चंदू चैंपियन' में उनके शानदार अभिनय के लिए बेस्ट एक्टर के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया, बल्कि भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी उनके अभिनय की भूरी-भूरी प्रशंसा की. गौरतलब है कि इस फिल्म में कार्तिक ने पैरालंपिक चैंपियन मुरलीकांत पेटकर की भूमिका निभाई थी.

अवॉर्ड समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कार्तिक आर्यन को पुरस्कार प्रदान किया और उनके अभिनय की सराहना की. राष्ट्रपति ने कहा, “मैं मानती हूँ कि ऐसी शख्सियत पर बायोपिक फिल्में बनाना बेहद सराहनीय कार्य है. बचपन से खेल जगत में प्रसिद्ध होने का सपना देखने वाले सैनिक श्री मुरलीकांत पेटकर 1965 में एक युद्ध के दौरान घायल हो गए, लेकिन उसके बावजूद अपने साहस और दृढ़ संकल्प के बल पर वे वर्ष 1972 में पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारत के पहले दिव्यांग खिलाड़ी बने. वर्ष 2018 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया और उनके व्यक्तित्व को अपने अभिनय से जीवंत बनाने वाले कार्तिक आर्यन को मैं बधाई देती हूँ.”

फिलहाल राष्ट्रपति के इन प्रशंसा भरे शब्दों ने कार्तिक के लिए इस उपलब्धि को और भी खास बना दिया है. विशेष रूप से राष्ट्रीय मंच पर राष्ट्रपति से पुरस्कार प्राप्त करने के साथ उनके अभिनय की सराहना मिलना अभिनेता के करियर के महत्वपूर्ण पलों में से एक बन गया है. ‘चंदू चैंपियन' में कार्तिक आर्यन ने मुरलीकांत पेटकर के जीवन, संघर्ष और दृढ़ संकल्प को पर्दे पर उतारने के लिए शारीरिक और भावनात्मक स्तर पर काफी मेहनत की थी. फिल्म में एक ऐसे खिलाड़ी की कहानी दिखाई गई है, जिसने तमाम मुश्किलों के बावजूद अपने सपने को पूरा किया और देश के लिए गौरव हासिल किया.

कार्तिक के लिए यह सम्मान इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह उनकी अब तक की फिल्मी यात्रा में एक बड़ी उपलब्धि के तौर पर सामने आया है. एक अभिनेता के रूप में अलग-अलग तरह के किरदारों को निभाने की उनकी कोशिशों के बीच ‘चंदू चैंपियन' में मुरलीकांत पेटकर का किरदार उनके करियर की चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं में शामिल रहा. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पुरस्कार प्राप्त करने और उनकी प्रशंसा सुनने का यह पल कार्तिक आर्यन के लिए एक लैंडमार्क मोमेंट बन चुका है, जिसने ‘चंदू चैंपियन' के साथ उनके सफर को राष्ट्रीय सम्मान के एक यादगार अध्याय में बदल दिया है.

ये भी पढ़ें: 17 साल पुरानी वो धुन, छत्तीसगढ़ की ददरिया लोक परंपरा से निकल पहुंची बॉलीवुड, शहरों पर चढ़ा देहाती रंग, रेखा भारद्वाज की आवाज में गाना बना कल्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kartik Aaryan, Chandu Champion, National Awards 2026, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com