'इन दंगलों में मैं बहुत हिस्सा लेती हूं. ये दंगल आपको दबाव में खेलना सिखाते हैं. चंदगी राम गोल्ड कप में भी अच्छे और दमदार पहलवान आए हैं. मैं यहां भी गोल्ड जीतना चाहती हूं. इरादा तो बिल्कुल लॉस एंजेल्स 2028 ओलिंपिक में गोल्ड जीतने का है. उसी की तैयारी है,' रेसलिंग मैट के ठीक बाहर NDTV से ख़ास बात करते हुए 18 साल की सोनीपत की काजल धोचक यहां भी रणनीति बनाकर मैच खेल रही हैं और उनके हौसले बुलंद हैं.
वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में सिल्वर मेडल
काजल धोचक ने कजाकिस्तान के अस्ताना में हुए वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में पहली ही बार लड़ते हुए उन्होंने सिल्वर मेडल जीता जिसने उनके ख़्वाब बड़े कर दिये हैं. अब उनकी नज़र लॉस एंजेल्स के गोल्ड पर है.
सोनीपत की सिर्फ़ 18 साल की काजल ने सेमीफ़ाइनल में 1-7 से पिछड़ने के बावजूद वर्ल्ड चैंपियनशिप की ट्रिपल मेडलिस्ट और तीन बार की एशियन चैंपियन किग्रिस्तान की एइपेरि मेदेत को 10-7 से हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई और सनसनी मचा दी.
World Championship medallist Kajal Dochak: “Rural dangals teach you to handle pressure.” The Prahladpur Bangar dangal is held in honour of Master Chandgiram, the pioneer of women's wrestling in India.* @ndtv @ndtvindia @jagdishkaliramn @wrestling https://t.co/bvVftpKyHP
— Dr. Vimal Mohan (@Vimalsports) November 23, 2026
'अखाड़े से एयरपोर्ट पहुंची- ओलिंपिक्स में जीतेगी काजल!'
महावीर प्रसाद ख़ासकर वर्ल्ड चैंपियनशिप पदक विजेता काजल की जमकर तारीफ करते हैं. कोच महावीर कहते हैं, 'आने वाले टाइम में काजल ओलिंपिक चैंपियन और वर्ल्ड चैंपियन भी बनेगी. आप देखिये ये सिर्फ़ 18 साल की है और वर्ल्ड चैंपियनशिप के फ़ाइनल में उस पहलवान से बहुत ही नज़दीकी मुक़ाबले में हारी (यूक्रेन की अनास्तास्या एल्पेयेयेवा से 6-8 से हारी) जिसे इसने प्रो-रेसलिंग लीग में दो बार हराया था.'
कोच महावीर कहते हैं, 'काजल बहुत ज़्यादा टूर्नामेंट में हिस्सा लेती है. वर्ल्ड चैंपियनशिप में पिछले महीने जाने से पहले ये पहलवल के एक सरकारी दंगल में हिस्सा ले रही थी. वहां हरियाणा केसरी का ख़िताब जीता और सीधे एयरपोर्ट पहुंच गई.'
दिल्ली देहात के दंगल में पहलवानों का जमघट
द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता पहलवान और कोच महावीर प्रसाद कहते हैं, 'इस टूर्नामेंट की खासियत ये है कि इसमें वर्ल्ड चैंपियनशिप में पदक विजेता खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं. दिल्ली, हरियाणा के दर्जनों अंतर्राष्ट्रीय पहलवान इसमें भाग ले रहे हैं. ये टूर्नामेंट सीनियर नेशनल और आनेवाली लीग के लिए इन खिलाड़ियों को तैयार करेगा. इससे खिलाड़ियों को अच्छा एक्सपोज़र मिलेगा.'
दिल्ली के लगभग बार प्रह्लादपुर बांगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के आस-पास के गांवों में इसे लेकर धूम मची हुई है. इस शानदार स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दो दिनों के टूर्नामेंट में पहलवानों ने रौनक ला दी है. चंदगीराम गोल्ड कप कुश्ती प्रतियोगिता के टॉप विजेता पहलवान को एक-एक लाख रुपये का इनाम मिलेगा.
इस टूर्नामेंट में तीन-तीन वज़न वर्गों में पुरुष और महिला पहलवान हिस्सा ले रहे हैं. दिल्ली, हरियाणा और आसपास के इलाक़ों से तकरीबन 1000 पहलवानों के इस दंगल की इनामी रकम 8 लाख रुपये है. बड़ी बात ये भी है कि महिला और पुरुष पहलवान बराबर की रकम के हक़दार होंगे.
चंदगीराम गोल्ड कप कुश्ती टूर्नामेंट का आयोजन पूर्व इंटरनेशनल पहलवान जगदीश कालीरमन कर रहे हैं, जो पद्म श्री और अर्जुन पुरस्कार विजेता पहलवान मास्टर चंदगीराम के पुत्र हैं. चंदगीराम ने 1970 के बैंकाक एशियाई खेलों में हेवीवेट वर्ग में गोल्ड मेडल जीता था और 1972 के म्यूनिख़ ओलिंपिक खेलों में हिस्सा भी लिया था. उन्हें हिन्द केसरी, भारत केसरी, भारत भीम, रुस्तमे हिंद और महा भारत केसरी जैसे कुश्ती के नामचीन ख़िताबों से भी नवाज़ा गया.
'मास्टर चंदगी राम ने की भारत में महिला कुश्ती की शुरुआत'
8वीं चंदगीराम गोल्ड कप का आयोजन कर रहे जगदीश कालीरमन कहते हैं, 'मास्टर चंदगीराम ने से भारत में महिला कुश्ती की शुरुआत की और इसके लिए अच्छी लड़ाई भी लड़ी. अपनी बेटियों यानी मेरी बहनों को अखाड़े में लाकर शुरुआत की.'
जगदीश कालीरमन ये भी कहते हैं, 'इस टूर्नामेंट के ज़रिये हमारी कोशिश है कि महिला और पुरुष पहलवान यहां से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाकर भी धूम मचाएं. मास्टर चंदगीराम की विरासत को आगे बढ़ाने की हम लगातार कोशिश कर रहे हैं. इसे लेकर पहलवानों में जोश देखता हूं तो हमारा उत्साह बढ़ता है. इसे हम अपनी कामयाबी के तौर पर भी देखते हैं.'
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ की बेटियों का कमाल, पलक-महक को भारतीय U-19 टीम में मौका, इंग्लैंड के खिलाफ T20 सीरीज में दिखेगा दम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं