विज्ञापन

वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत की बड़ी सफलता, शूटिंग में जयपाल मालवीय ने जीता सिल्वर मेडल

भारत के जयपाल मालवीय ने दोहा में आयोजित ISSF World Championships की पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीत लिया है. जयपाल के इस शानदार प्रदर्शन से भारत के खाते में एक और बड़ा अंतरराष्ट्रीय पदक जुड़ गया.

वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत की बड़ी सफलता, शूटिंग में जयपाल मालवीय ने जीता सिल्वर मेडल
Jaypal Malviya Silver Medal
NDTV

भारत के निशानेबाज जयपाल मालवीय ने ISSF वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का रजत पदक अपने नाम किया. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने भारत को लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए पहला कोटा भी दिला दिया. वहीं महिला टीम ने भी रजत पदक जीतकर भारत के अभियान को मजबूती दी.

लुसैल शूटिंग कॉम्प्लेक्स में खेले गए फाइनल में जयपाल मालवीय ने दबाव के बीच संयम बनाए रखते हुए 24 शॉट्स के मुकाबले में 242.2 अंक हासिल किए और दूसरे स्थान पर रहे. चीन के हू काई ने 243.9 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि चेकिया के जिंदरिच डुबोवी 220.9 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे. इस स्पर्धा में उपलब्ध तीन ओलंपिक कोटा स्थानों में से एक जयपाल ने भारत के नाम किया.

शुरुआत से ही पदक की दौड़ में बने रहे जयपाल

जयपाल ने पहले सीरीज में 50.5 और दूसरी सीरीज के बाद 100.0 का स्कोर बनाया. एलिमिनेशन चरण में उन्होंने लगातार हाई-10 स्कोर लगाए, जिनमें 10.8 और 10.7 जैसे सटीक शॉट्स शामिल रहे. अंतिम चरण में उन्होंने दबाव को बखूबी संभालते हुए डुबोवी को पीछे रखा और सिल्वर मेडल सुनिश्चित किया.

महिला टीम ने भी दिलाया रजत पदक

इससे पहले भारतीय महिला 10 मीटर एयर पिस्टल टीम ने भी रजत पदक जीता. दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर, सुरुचि इंदर सिंह और सैन्यम की तिकड़ी ने कुल 1738 अंक और 61 इनर-10 के साथ दूसरा स्थान हासिल किया. चीन की टीम 1745 अंक के साथ पहले स्थान पर रही, जबकि दक्षिण कोरिया ने कांस्य पदक जीता.

मनु और सुरुचि व्यक्तिगत स्पर्धा में पोडियम से चूकीं

महिला व्यक्तिगत फाइनल में मनु भाकर पांचवें और सुरुचि सिंह छठे स्थान पर रहीं. दोनों निशानेबाज पदक जीतने के साथ-साथ लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के व्यक्तिगत कोटा हासिल करने से भी चूक गईं.

पुरुष टीम स्पर्धा में भारत सातवें स्थान पर

पुरुष टीम मुकाबले में भारत 1730-58x के संयुक्त स्कोर के साथ सातवें स्थान पर रहा. जयपाल ने क्वालिफिकेशन में 585-23x का स्कोर बनाकर टीम की अगुआई की थी और तीसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई थी. कमलजीत 580-20x के साथ 27वें और रविन कुमार 565-15x के साथ पीछे रहे. टीम इवेंट में चीन ने स्वर्ण, दक्षिण कोरिया ने रजत और उज्बेकिस्तान ने कांस्य पदक जीता.

यह भी पढ़ें-  India vs Japan Hockey Final: हॉकी में भारत बना एशिया का बादशाह, जापान को हराकर छठी बार जीती चैंपियंस ट्रॉफी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com