विज्ञापन

इतिहास रचने वाली प्रणवी उर्स को मिलेगा नकद इनाम, IGU ने किया कैश प्राइज का ऐलान

प्रणवी उर्स को मिलेगा कैश प्राइज, एशियाई खेलों के गोल्फ पदक विजेताओं के लिए IGU ने की पुरस्कार राशि की घोषणा.

इतिहास रचने वाली प्रणवी उर्स को मिलेगा नकद इनाम, IGU ने किया कैश प्राइज का ऐलान
एशियाई खेलों के गोल्फ पदक विजेताओं के लिए IGU ने की पुरस्कार राशि की घोषणा

एशियन गेम्स में गोल्फ में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने वालीं प्रणवी उर्स पर इनामों की बारिश हो रही है. अब भारतीय गोल्फ यूनियन ने उन्हें कैश प्राइस देने का ऐलान किया है. साथ ही संघ ने  रजत पदक जीतने वाली भारतीय महिला गोल्फ टीम की प्रत्येक सदस्य, जिसमें अदिति अशोक और दीक्षा डागर शामिल हैं, को इनाम दिया है. बता दें, भारतीय गोल्फ यूनियन, खेल मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त गोल्फ का राष्ट्रीय खेल महासंघ है.

आइची-नागोया में भारत की पहली महिला व्यक्तिगत गोल्ड मेडलिस्ट बनने वाली प्रणवी उर्स को ₹10 लाख, जबकि रजत पदक जीतने वाली भारतीय महिला गोल्फ टीम की प्रत्येक सदस्य, जिसमें अदिति अशोक और दीक्षा डागर शामिल हैं, को ₹3 लाख दिए जाएंगे. IGU की गवर्निंग काउंसिल ने नकद पुरस्कारों को मंजूरी दी. IGU ने प्रणवी को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनकी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और खेल के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की.

भारतीय गोल्फ यूनियन के अध्यक्ष बृजिंदर सिंह ने प्रणवी के प्रदर्शन पर कहा,"2026 एशियाई खेलों में शानदार स्वर्ण पदक जीतने पर प्रणवी को हार्दिक बधाई. एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतना एक बड़ी उपलब्धि है और यह उनकी प्रतिभा, कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और खेल के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतिबिंब है. हमें उन पर बेहद गर्व है और हम आने वाले वर्षों में उनकी निरंतर सफलता की कामना करते हैं."

प्रणवी उर्स महाद्वीपीय खेल प्रतियोगिता में व्यक्तिगत गोल्ड जीतने वाली तीसरी भारतीय गोल्फर हैं. उनसे पहले ‘बनी' लक्ष्मण सिंह (1982 दिल्ली) और शिव कपूर (2002 बुसान) ने यह उपलब्धि हासिल की थी. अदिति अशोक ने 2022 हांगझोउ एशियाई खेलों में महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीता था.

टीम स्पर्धा में यह एशियाई खेलों में भारत का अब तक का चौथा पदक है. ‘बनी' लक्ष्मण सिंह, राजीव मोहता, ऋषि नारायण और अमित लूथरा की चौकड़ी ने 1982 दिल्ली संस्करण में टीम गोल्ड जीता था. इसके बाद 2006 दोहा एशियाई खेलों में अनिर्बान लाहिड़ी, गगनजीत भुल्लर, चिराग कुमार और जोसेफ चकोला की टीम ने रजत पदक जीता. वहीं राशिद खान, अभिजीत चड्ढा, राहुल बजाज और अभिनव लोहान की भारतीय टीम ने 2010 ग्वांगझोउ संस्करण में लगातार दूसरा टीम रजत पदक अपने नाम किया.

यह भी पढ़ें | रोहित के 36वें वनडे शतक से चूकने पर गंभीर हुए गावस्कर, बोले- करियर खत्म होने से ....

यह भी पढ़ें | वेस्टइंडीज वनडे सीरीज खत्म, अब विराट-रोहित कब खेलेंगे? किस टीम के खिलाफ दिखेंगे एक्शन में

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Asian Games 2026, Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com