विज्ञापन
This Article is From Nov 28, 2018

Hockey world Cup: भारतीय टीम ने धमाकेदार जीत के साथ की शुरुआत, दक्षिण अफ्रीका को 5-0 से रौंदा

मेजबान भारतीय टीम ने हॉकी वर्ल्‍डकप में अपने अभियान का धमाकेदार अंदाज में आगाज किया है. मनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने आज यहां टूर्नामेंट के दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका को 5-0 से रौंद डाला.

Hockey world Cup: भारतीय टीम ने धमाकेदार जीत के साथ की शुरुआत, दक्षिण अफ्रीका को 5-0 से रौंदा
भारतीय टीम ने पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका पर शानदार जीत दर्ज की
  • भारत की जीत में सिमरनजीत सिंह ने दागे दो गोल
  • मनदीप, आकाशदीप और ललित ने एक-एक गोल किया
  • पहले क्‍वार्टर में ही 2-0 की बढ़त बना चुकी थी भारतीय टीम
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
भुवनेश्वर: मेजबान भारतीय टीम (Indian Hockey Team) ने हॉकी वर्ल्‍डकप (Hockey world cup 2018) में अपने अभियान का धमाकेदार अंदाज में आगाज किया है. मनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने आज यहां टूर्नामेंट के दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका को 5-0 से रौंद डाला. भारत की इस जीत के हीरो सिमरनजीत सिंह ( Simranjeet Singh) रहे, जिन्‍होंने टीम के लिए दो गोल (43वां और 46 वां मिनट) दागे. मनदीप सिंह (10वें),आकाशदीप सिंह (12वें) और ललित उपाध्‍याय (45वें मिनट) ने एक-एक गोल दागा. घरेलू दर्शकों की जबर्दस्‍त समर्थन के बीच भारतीय टीम ने मैच में जोरदार शुरुआत की और पहले ही क्‍वार्टर में मनदीप और आकाशदीप के गोल के सहारे 2-0 की बढ़त हासिल कर ली. दूसरा क्‍वार्टर गोलरहित रहा लेकिन इसके बाद  भारत ने अगले दो क्‍वार्टर में तीन और गोल दागते हुए दक्षिण अफ्रीका के हौसले को तोड़ दिया. मैच भारतीय टीम ने शानदार अंदाज में 5-0 से जीता. इससे पहले, टूर्नामेंट के प्रारंभिक मैच में बेल्जियम ने कनाडा को 2-1 से पराजित किया.
भारत के चिग्‍लेंसाना का यह 200वां इंटरनेशनल मैच रहा.मैच देखने के लिए भारत के पूर्व फारवर्ड धनराज पिल्‍लै भी दर्शक दीर्घा में मौजूद थे. भारत टीम ने जोरदार शुरुआत करते हुए आकाशदीप, मनदीप और दिलप्रीत की अगुवाई में हमले बोले. पहले क्‍वार्टर के शुरुआती क्षणों में मनदीप सिंह को एक मौका मिला था लेकिन वे गेंद को नियंत्रित करने में नाकाम रहे और यह मौका हाथ से जाता रहा.खेल के 10 वें मिनट में भारत को पेनल्‍टी कॉर्नर मिला जिस पर हरमनप्रीत के फ्लिक पर गेंद को रिबाउंड के जरिये गोल में पहुंचाते हुए मनदीप ने भारतीय टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी. जल्‍द ही 12वें मिनट में आकाशदीप ने दाएं छोर से फील्‍ड गोल करते हुए भारतीय बढ़त को 2-0 पर पहुंचा दिया. वरुण के पास पर आकाशदीप ने यह गोल दागा. मैच का पहला क्‍वार्टर पूरी तरह से भारत के नाम रहा, मैच में 82 फीसदी समय भारतीय टीम का गेंद पर कब्‍जा रहा और टीम दो गोल दागने में सफल रही. पहले क्‍वार्टर के बाद भारत 2-0 की बढ़त बना चुका था.

दूसरे क्‍वार्टर की शुरुआत भी भारतीय टीम ने बाएं छोर से आक्रमण करते हुए की. 19वें मिनट में टीम को पेनल्‍टी कार्नर मिला लेकिन हरमनप्रीत इसे गोल में नहीं बदल सके. मैच में अब तक पूरी तरह से मनप्रीत सिंह ब्रिग्रेड का दबदबा रहा है. 26वें मिनट में दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय गोलक्षेत्र पर आक्रमण बोला लेकिन गोलकीपर श्रीजेश ने बेहतरीन बचाव किया. 27वें मिनट में भारत के हार्दिक, नीलकांत और सुमित के कांबिनेशन ने विपक्षी गोल पर हमला बोला, लेकिन इसका फायदा नहीं उठाया जा सका.दूसरा क्‍वार्टर गोल रहित रहा.दूसरे क्‍वार्टर के बाद भारतीय टीम 2-0 की बढ़त बनाए हुए थी.
Hockey World Cup: हॉकी के महाकुंभ का रंगारंग शुभारंभ, शाहरुख-माधुरी रहे आकर्षण के केंद्र

तीसरे क्वार्टर में भारत ने फिर दो गोल दागे. 43वें मिनट में मंदीप ने डी में मौजूद सिमरनजीत को पास दिया, जिन्होंने गेंद को गोल में डालने में कोई गलती नहीं की. भारतीय खिलाड़ियों ने मैदान पर अपने शानदार पासिंग गेम खेलने का सिलसिला जारी रखा. तीसरा गोल होने के दो मिनट बाद, फारवर्ड खिलाड़ी ललित ने अकाशदीप के पास पर गोल किया और मेजबान टीम की बढ़त को 4-0 कर दिया.

दक्षिण अफ्रीका के लिए चौथे और अंतिम क्वार्टर की भी शुरुआत खराब रही. 46वें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला। इस बार भी मेहमान टीम के गोलकीपर ने अच्छा बचाव किया लेकिन रिबाउंड पर सिमरनजीत मैच का अपना दूसरा और टीम का पांचवां गोल करने में कामयाब रहे. भारत ने आखिरकार इस मैच में 5-0 के अंतर से जीत हासिल की.

वीडियो: भारतीय हॉकी टीम के कोच हरेंद्र सिंह से खास बातचीत

भारतीय टीम को पूल सी में अपने अगले दो मैच बेल्जियम और कनाडा के खिलाफ खेलने हैं. भारतीय टीम का बेल्जियम से सामना दो दिसंबर को और कनाडा से आठ दिसंबर को होगा. हर पूल से शीर्ष टीम क्वार्टर फाइनल में खेलेगी जबकि दूसरे और तीसरे स्थान की टीमें क्रासओवर खेलकर अंतिम आठ में जगह बनाएंगी.  (इनपुट: एजेंसी)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com