भाजपा ने बीते कुछ सालों में ओडिशा, बंगाल और दिल्ली जैसे उन राज्यों में भी सत्ता हासिल की है, जो उसके लिए परंपरागत रूप से कमजोर राज्य थे. फिर भी उत्तर भारत के जिस राज्य में वह अब तक कमजोर स्थिति में है, वह पंजाब है. यही वजह है कि बीते कुछ समय से भाजपा का पंजाब पर फोकस काफी बढ़ा है. कांग्रेस के नेता रहे सुनील जाखड़, रवनीत सिंह बिट्टू और कैप्टन अमरिंदर सिंह जैसे नेताओं को एंट्री देकर भाजपा पकड़ बनाने की कोशिश की है. इसके अलावा अकाली दल के साथ दोबारा गठजोड़ के भी कयास तेज हैं. इस बीच पंजाब चुनाव से पहले भाजपा ने अपने संगठन में भी एक बड़ा बदलाव किया है.
पार्टी ने मनप्रीत सिंह बादल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बना दिया है. नितिन नवीन की टीम के कुल 13 उपाध्यक्षों में से वह एक होंगे. उन्हें ऐसे समय में राष्ट्रीय टीम में लाया गया है, जब पंजाब में अगले कुछ महीनों में ही चुनाव होने वाले हैं. ऐसे में मनप्रीत सिंह बादल जैसे सिख चेहरे को प्रमोशन देकर भाजपा ने संकेत देने की कोशिश की है. मनप्रीत सिंह बादल भले ही इन दिनों सुर्खियों में नहीं रहते, लेकिन वह राज्य के दो बार वित्त मंत्री रह चुके हैं. वह 5 बार विधायक रहे हैं. अकाली दल छोड़ने के बाद वह कांग्रेस का हिस्सा बने थे और फिर 2023 में भाजपा में आ गए थे.
मनप्रीत सिंह बादल का प्रमोशन इसलिए भी अहमियत रखता है क्योंकि वह पंजाब में एक विरासत से जुड़े हुए नेता हैं. कांग्रेस से होते हुए भाजपा में आने से पहले मनप्रीत बादल अकाली दल में थे और जैसा कि उनके सरनेम से स्पष्ट है कि वह बादल परिवार का ही हिस्सा हैं. वह सुखबीर बादल के चचेरे भाई हैं. पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल के बेटे सुखबीर बादल हैं. वहीं प्रकाश बादल के छोटे भाई गुरदास सिंह बादल के बेटे मनप्रीत हैं. भाजपा की पहचान पंजाब में हिंदू वोटरों के बीच सीमित रखने की कोशिश होती रही है, लेकिन पार्टी सिखों के बीच भी जनाधार बढ़ाने के लिए गंभीर है.
यही कारण है कि वह लगातार सिख चेहरों को शामिल कर रही है. इसी कड़ी में अब मनप्रीत बादल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. पंजाब में कांग्रेस अंतर्कलह से जूझ रही है. फिलहाल वही मुख्य विपक्षी दल है. लेकिन भाजपा के रणनीतिकारों को लगता है कि अपने संगठन को मजबूत करके और अकाली दल को साथ लाकर मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई जा सकती है. खासतौर पर कांग्रेस की अंतर्कलह का फायदा उठाया जा सकता है. बता दें कि रवनीत सिंह बिट्टू को पंजाब चुनाव में कोई अहम जिम्मेदारी भी दी जा सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं