भारतीय महिला हॉकी टीम ने यादगार प्रदर्शन करते हुए एशियन गेम्स 2026 में ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीता. भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में चीन को 1-0 से हराया. इस अच्छी खबर के बीच एक शर्मनाक घटनाक्रम में भारतीय हॉकी अंपायर और तकनीकी अधिकारी गुरिंदर सिंह सांघा को एशियाई खेलों के दौरान कथित यौन दुर्व्यवहार की शिकायत के बाद जापान से वापिस भेज दिया गया. हॉकी इंडिया के सूत्र ने पीटीआई को बताया कि सांघा ने मलेशिया की एक महिला हॉकी अधिकारी और होटल स्टाफ के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की.
नागोया में मौजूद अधिकारी ने कहा, 'मलेशिया की एक महिला अधिकारी द्वारा यौन उत्पीड़न की शिकायत मिलने के बाद सांघा को वापिस भेज दिया गया है. वह दो दिन पहले वापिस चला गया.' यह पूछने पर कि क्या हॉकी इंडिया खेलों के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई करेगा, अधिकारी ने कहा कि एशियाई हॉकी महासंघ से विस्तृत रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जायेगी.
दोषी साबित होने पर होगी कड़ी कार्रवाई
अधिकारी ने कहा, 'एएचएफ की रिपोर्ट में दोषी साबित होने पर हम कड़ी कार्रवाई करेंगे. कसूरवार होने पर उसे छोड़ा नहीं जायेगा.' एशियाई खेलों में अंपायरों और तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति एएचएफ करता है. सांघा के खिलाफ 2025 में रांची में हॉकी इंडिया लीग के दौरान भी एक महिला अंपायर ने शिकायत की थी. हॉकी इंडिया की तीन सदस्यीय समिति ने मामले की जांच की थी. हॉकी इंडिया अधिकारी ने बताया कि समिति को उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिले थे.
उन्होंने कहा,'हमने समिति बनाई थी लेकिन उसे कोई सबूत नहीं मिले.' भारतीय ओलंपिक संघ के एक अधिकारी ने कहा कि मामले का आईओए या हॉकी इंडिया से कोई सरोकार नहीं है क्योंकि एएचएफ अधिकारियों की नियुक्ति करता है. नागोया में एएचएफ अधिकारियों ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. हॉकी इंडिया ने इस साल महिला टीम के सहयोगी स्टाफ के एक सदस्य को उत्पीड़न के आरोपों के बाद हटाया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं