भारत के हेड कोच क्रेग फुल्टन एशियाई खेलों में पुरुष हॉकी के सेमीफाइनल में पाकिस्तान के पलटवार के बावजूद अपनी टीम की 4-3 से जीत के बाद संतुष्ट होने के बजाय राहत महसूस कर रहे हैं. भारत ने इस मैच में जीत से अपना खिताब बचाने की उम्मीद को बनाए रखा है लेकिन इस मैच में उसकी डिफेंस की कमजोरी खुलकर सामने आ गई हैं और कोच ने कहा कि फाइनल में इस तरह की गलतियां स्वीकार नहीं की जा सकती हैं.
फुल्टन ने कहा, 'मुझे काफी राहत मिली है. 3-0 से आगे होने के बाद 3-3 से बराबरी और फिर 4-3 से जीत हासिल करने पर आप खुश नहीं हो सकते. मैं खुश हूं, लेकिन यह आदर्श स्थिति नहीं थी.' उन्होंने स्वीकार किया कि मैच के एक महत्वपूर्ण स्टेज के दौरान भारत अपनी लय खो बैठा, जिससे पाकिस्तान को वापसी करने और मौजूदा चैंपियन की कमजोरियों को उजागर करने का मौका मिला.
तीसरे और चौथे क्वार्टर की शुरुआत में बिगड़ी लय
उन्होंने कहा, 'तीसरे क्वार्टर में और चौथे क्वार्टर की शुरुआत में हमारी लय थोड़ी बिगड़ गई. लेकिन अगर आप इस तरह की टीम के खिलाफ गलतियां करते हैं, तो वे गोल कर सकते हैं. यह हमारे लिए बड़ा सबक है.' भारत हालांकि आखिर में जीत हासिल करने में सफल रहा लेकिन फुल्टन ने पहले हाफ में अपनी टीम के दबदबे का फायदा उठाने में विफल रहने की आलोचना की.
'पहले हाफ में चार और पांच गोल करने चाहिए थे'
उन्होंने कहा, 'हमें पहले हाफ में चार और पांच गोल करने चाहिए थे. हमने कुछ मौके गंवाए और हम तीन गोल पर ही अटके रहे. पाकिस्तान के खिलाफ खेलते समय आपको तीन से अधिक गोल करने होते हैं.' हालांकि, फुल्टन ने इस बात को सिरे से खारिज कर दिया कि उनकी टीम ने तीन गोल की बढ़त लेने के बाद जानबूझकर डिफेंसिव रवैया अपनाया था. उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि हम डिफेंसिव खेल खेले. हमने बस मौके गंवाए. अगर आप उस जैसी टीम के खिलाफ एक-दो गलतियां करते हैं, तो वे गोल कर सकते हैं. यही अंतर है.'
ये भी पढ़ें- ईशान किशन ने पहली बार शादी को लेकर कही दिल की बात, बताया कहां जानें की है प्लानिंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं