महाराष्ट्र के रायगढ़ में पिकनिक मनाने गए 8 छात्रों की मौत हो गई है. ये छात्र श्रीवर्धन तालुका के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दिवेआगर समुद्र तट पर घूमने पहुंचे थे. छात्र पुणे के आलंदी स्थित एक कॉलेज के हैं. ये हादसा पानी की गहराई और लहरों के तेज बहाव का सही अंदाजा न लग पाने के कारण हुआ. इस हादसे के बाद स्थानीय वाटर स्पोर्ट्स के मालिक और उनकी टीम ने जान पर खेलकर सभी 8 शवों को बाहर निकाला.
मिली जानकारी के मुताबिक, पुणे के आळंदी इलाके के एक कॉलेज के छात्र छुट्टियां मनाने और घूमने के लिए दिवेआगर आए हुए थे. समुद्र की लहरों का लुत्फ उठाने के लिए सभी छात्र पानी में उतरे थे. लेकिन, गहरे पानी और तेज बहाव का अंदाजा न होने के कारण 8 छात्र लहरों की चपेट में आकर बह गए और डूबने से उनकी जान चली गई.
कैसे किया रेस्क्यू?
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों में हड़कंप मच गया. इसी बीच दिवेआगर के 'भाऊ मारुती सालुंखे महाकाली वाटर स्पोर्ट्स' के मालिक और उनके साथियों ने बिना एक पल की देरी किए समुद्र में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया. अपनी जान की परवाह किए बिना भाऊ सालुंखे और उनकी टीम ने अथक प्रयास के बाद सभी 8 छात्रों के शवों को समंदर से बाहर निकाला.
हादसे की भनक लगते ही दिघी सागरी बोर्ली पंचतन पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक (API) संतोष आवटी अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी शवों को कब्जे में ले लिया है. पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए शवों को बोर्ली पंचतन के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) भेज दिया गया है.
पुलिस ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. पर्यटन के सीजन में हुई इस दिल दहला देने वाली घटना से दिवेआगर और आसपास के इलाकों में भारी शोक का माहौल है.
यह भी पढ़ें: उज्जैन के शाही मस्जिद विवाद पर मोहम्मद दीपक ने ऐसा क्या किया कि हो गई जेल? समझें पूरा मामला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं