सीमा पूनिया ने इस सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के चक्का फेंक में रजत पदक जीता, लेकिन पिछली बार की चैंपियन कृष्णा पूनिया निराशाजनक प्रदर्शन करके पांचवें स्थान पर रही।
सीमा अपने दूसरे प्रयास में 58.87 मीटर चक्का फेंककर शुरू में तीसरे स्थान पर चल रही थीं, लेकिन अपने पांचवें प्रयास में इस 31-वर्षीय एथलीट ने 61.61 मीटर की दूरी नापी, जिससे वह दूसरे स्थान पर पहुंच गईं।
ऑस्ट्रेलिया की डानी सैमुअल्स ने 64.88 मीटर चक्का फेंककर स्वर्ण पदक हासिल किया। इंग्लैंड की जाडे लैली (60.48 मीटर) को कांस्य पदक मिला। भारत के लिए इस स्पर्धा के पुरुष वर्ग में विकास गौड़ा ने स्वर्ण पदक जीता था। सीमा उनकी बराबरी नहीं कर पाई, लेकिन वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल रही।
उन्होंने गुरुवार को क्वालीफाईंग में 58.44 मीटर चक्का फेंककर दूसरा स्थान हासिल किया था। दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली कृष्णा पूनिया ने हालांकि निराश किया और वह केवल 57.84 मीटर चक्का फेंककर पांचवें स्थान पर रहीं। कृष्णा ने अपने तीसरे प्रयास में सबसे अधिक दूरी मापी, लेकिन वह पदक हासिल करने के लिए पर्याप्त नहीं थी।
कृष्णा क्वालीफाईंग में भी 11वें स्थान पर रहकर बमुश्किल फाइनल के लिए क्वालीफाई कर पाई थीं। इस बीच महिलाओं की ऊंची कूद में भारत की सहाना नागराज 1.86 मीटर की कूद ही लगा पाई और 11 खिलाड़ियों के बीच आठवें स्थान पर रही। ऑस्ट्रेलिया की इलोनोर पैटरसन ने 1.94 मीटर की कूद के साथ इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं