विज्ञापन

एशियाड में खिलाड़ियों को कमरों के लिए करना पड़ रहा है इंतजार, रोइंग फेडरेशन के अध्यक्ष बालाजी मरडप्पा का बयान

भारतीय अधिकारियों और खिलाड़ियों के लिए पहले से तय किए गए कुछ कमरों को भी रद्द किए जाने की खबर है.

एशियाड में खिलाड़ियों को कमरों के लिए करना पड़ रहा है इंतजार, रोइंग फेडरेशन के अध्यक्ष बालाजी मरडप्पा का बयान

जापान में होने वाले एशियाई खेलों से पहले व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. भारतीय खिलाड़ियों को कमरे की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है. खिलाड़ियों को कमरे मिलने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है और कई मामलों में उन्हें एयरपोर्ट पर ही लंबा समय बिताना पड़ रहा है. बुधवार को भारतीय खिलाड़ियों समेत कई एथलीट 12 घंटे से अधिक समय तक बिना कमरे के फंसे रहे.

सबसे ज्यादा परेशानी भारतीय शूटिंग टीम को हो रही है, जिसकी प्रतियोगिता 20 सितंबर से शुरू होनी है. खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को ट्रेनिंग स्थल तक पहुंचने में दो घंटे से ज्यादा का समय लग रहा है, जिससे तैयारियों पर असर पड़ने की आशंका है. इतना ही नहीं, ट्रेनिंग स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए पानी के अलावा अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव बताया जा रहा है.

इस बीच एनडीटीवी स्पोर्ट्स एडिटर विमल मोहन से बातचीत में रोइंग फेडरेशन के अध्यक्ष बालाजी मरडप्पा ने बताया कि उनकी टीम को नागोया पहुंचने के बाद भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ा. उन्होंने कहा कि होटल और आवास से जुड़ी समस्याओं के कारण खिलाड़ियों का करीब 5 से 6 घंटे का कीमती समय बर्बाद हुआ. हालात ऐसे थे कि स्थानीय लोगों को टीम की मदद के लिए आगे आना पड़ा. मरडप्पा ने बताया कि खिलाड़ियों और स्टाफ को खाने-पीने की व्यवस्था को लेकर भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि लगातार बारिश की वजह से रोइंग प्रतियोगिता का वेन्यू अभी पूरी तरह तैयार नहीं है, जिससे टीम की तैयारियों पर असर पड़ रहा है.

भारतीय अधिकारियों और खिलाड़ियों के लिए पहले से तय किए गए कुछ कमरों को भी रद्द किए जाने की खबर है, जिससे स्थिति और मुश्किल हो गई है. कमरे मिलने से पहले खिलाड़ियों और अधिकारियों को कई घंटे एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ रहा है. बढ़ती समस्या को देखते हुए भारतीय शेफ-डी-मिशन ने खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए 15 अतिरिक्त कमरों की व्यवस्था की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके.

एशियाड शुरू होने से पहले सामने आई इन अव्यवस्थाओं ने आयोजन समिति की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि भारतीय दल बेहतर सुविधाओं और सुचारू इंतजाम की उम्मीद कर रहा है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com