एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए दो सिल्वर मेडल जीतने वाले युवा शूटर हिमांशु ढिल्लों के लिए यह उपलब्धि और भी खास बन गई क्योंकि उन्होंने अपने जन्मदिन पर ही देश को पदक दिलाया. पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम और व्यक्तिगत स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने वाले हिमांशु ने कहा कि देश के लिए मेडल जीतना बेहद गर्व और भावुक करने वाला पल होता है.
NDTV से खास बातचीत में हिमांशु ने कहा कि वह मैदान पर कम बोलकर अपने प्रदर्शन को ज्यादा महत्व देते हैं. उन्होंने कहा, "मैं कोशिश करता हूं कि मेरे खेल की बात हो, मेरी बातें कम हों. मैदान के बाहर हम बाकी खिलाड़ियों की तरह हंसी-मजाक करते हैं, जिंदगी को एंजॉय करते हैं और फिल्में देखते हैं."
हिमांशु ने बताया कि फिल्मों से उन्हें काफी कुछ सीखने को मिलता है. खास तौर पर बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल उनके पसंदीदा कलाकारों में शामिल हैं. उन्होंने कहा, "मैं सनी देओल की फिल्में काफी देखता हूं और उनसे मुझे प्रेरणा मिलती है."
भारतीय शूटर ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और कोच पूजा घाटकर को दिया. उन्होंने कहा कि खिलाड़ी का सफर कभी आसान नहीं होता, लेकिन माता-पिता और कोच के समर्थन ने उन्हें हर कठिन दौर से निकलने की ताकत दी.
हिमांशु ने यह भी बताया कि उनके पिता ने हमेशा उन्हें एक खास सीख दी है कि सफलता को सिर पर नहीं चढ़ाना चाहिए और असफलता को दिल से नहीं लगाना चाहिए. इसी सोच के साथ वह आगे आने वाली प्रतियोगिताओं पर फोकस कर रहे हैं.
भारत के शूटर्स ने एशियन गेम्स में शानदार शुरुआत करते हुए कई पदक देश की झोली में डाले हैं और हिमांशु ढिल्लों का दो सिल्वर मेडल जीतना भारतीय अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल रहा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं