शनिवार को जापान के आइची-नागोया में एशियाई खेल 2026 की आधिकारिक शुरुआत हो रही है. भारत हांग्जो में हुए पिछले खेलों में जीते गए रिकॉर्ड-तोड़ पदकों की संख्या से आगे निकलने की कोशिश करेगा. एशियाई खेल एशिया की सबसे बड़ी खेल प्रतियोगिता है, जो हर चार साल में एक बार होती है. इनका आयोजन ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) करता है और इसमें 45 देश या क्षेत्र हिस्सा लेते हैं.
एशियाई खेल पहली बार 1951 में नई दिल्ली में हुए थे, जिसमें 11 देशों के 489 एथलीटों ने हिस्सा लिया था. तब से अब तक ये खेल कुल 19 बार आयोजित हो चुके हैं. आगामी एशियाई खेलों में 45 देशों और क्षेत्रों के एथलीट 43 खेलों में मुकाबला करेंगे. यह खेलों का 20वां संस्करण होगा और टोक्यो 1958 और हिरोशिमा 1994 के बाद यह तीसरी बार होगा जब जापान इस बड़े महाद्वीपीय आयोजन की मेजबानी करेगा.
भारत इस महाद्वीपीय आयोजन में हांग्जो 2023 के अपने रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन से बेहतर करने के इरादे से जा रहा है, जहां उसने 28 स्वर्ण सहित कुल 107 पदक जीते थे. भारत पुरुष और महिला क्रिकेट और कबड्डी दोनों में मौजूदा चैंपियन है, जबकि पुरुष हॉकी टीम भी मौजूदा चैंपियन के तौर पर उतर रही है.
पीवी सिंधु भारत के बैडमिंटन अभियान की अगुवाई करेंगी, जबकि मीराबाई चानू वेटलिफ्टिंग टीम का नेतृत्व करेंगी. शूटिंग में मनु भाकर देश के प्रमुख नामों में शामिल होंगी, और अमन सहरावत कुश्ती में दांव-पेच लगाएंगे. वहीं, लवलीना बोरगोहेन बॉक्सिंग में अपना दम दिखाएंगी.
एथलेटिक्स में 75 से ज़्यादा भारतीय ट्रैक और फील्ड एथलीट हिस्सा लेंगे, जिनमें गुलवीर सिंह, तेजस्विन शंकर, मुरली श्रीशंकर, ज्योति याराजी और पारुल चौधरी पदक जीतने की उम्मीद वाले प्रमुख भारतीय खिलाड़ी हैं. तेजिंदरपाल सिंह तूर शॉट पुट में दो बार के मौजूदा चैंपियन के तौर पर आइची-नागोया जा रहे हैं. आर्चरी, सेलिंग, स्क्वैश, सर्फिंग और टेनिस में ओलंपिक कोटा भी हासिल करने का मौका होगा. भारत में एक्शन सुबह 4:30 बजे से शुरू होगा, जो शाम तक चलेंगे. ऐसे में फैंस को एक्शन के लिए सुबह जल्दी उठना पड़ सकता है.
लाइव स्ट्रीमिंग और टेलीकास्ट की जानकारी
एशियाई खेल 2026 के उद्घाटन समारोह का कार्यक्रम कब होगा? एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी 19 सितंबर को जापान के आइची-नागोया में होगी.
भारत में एशियन गेम्स 2026 का लाइव टेलीकास्ट कहां देखें?
भारत में एशियन गेम्स 2026 का लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स 1 और सोनी स्पोर्टर्स 5 टीवी चैनलों पर उपलब्ध होगा.
भारत में एशियन गेम्स 2026 के मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग कहां देखें?
भारत में एशियन गेम्स 2026 की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी.
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026: 17 सितंबर से एक्शन में होंगे भारतीय एथलीट, ऐसा है टीम इंडिया का पूरा शेड्यूल
यह भी पढ़ें: पृथ्वी शॉ की सगाई टूटी, मंगेतर ने सोशल मीडिया पोस्ट कर कही यह बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं