फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियाई गेम्स में मेडल जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों के लिए नकद इनाम की घोषणा की है. इसके तहत गोल्ड मेडल जीतने वालों को 10 लाख रुपये दिए जाएंगे. FAI के सेक्रेटरी जनरल राजीव मेहता ने बताया कि सिल्वर मेडल जीतने वालों को 7.5 लाख रुपये और ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने वालों को 5 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा. मेहता ने कहा, "हमारे फ़ेंसर्स ने एशियाई गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए बहुत कड़ी मेहनत की है. यह नकद इनाम उनके समर्पण और लगन के लिए एक छोटी सी पहचान है. हमें उम्मीद है कि इससे हमारे खिलाड़ियों को आत्मविश्वास, गर्व और दृढ़ संकल्प के साथ मुकाबला करने और देश का नाम रोशन करने के लिए और प्रेरणा मिलेगी."
बुधवार को भारत का फेंसिंग अभियान शुरू होगा
पुरुषों के फॉइल व्यक्तिगत इवेंट में भारत के दो फेंसर और महिलाओं के एपी व्यक्तिगत मुकाबले में दो फेंसर हिस्सा लेंगे. पुरुषों के फॉइल में सचिन और हेमाश सिंह सनासम मुकाबला करेंगे, जबकि महिलाओं के एपी में मितवा चौधरी और तनीक्षा खत्री हिस्सा लेंगी. मुकाबले की शुरुआत पूल स्टेज से होगी और सफल फेंसर नॉकआउट राउंड में पहुंचेंगे. राउंड ऑफ 32 सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसके बाद उसी दिन राउंड ऑफ 16, क्वार्टर फाइनल, सेमी-फाइनल और फाइनल होंगे.
भारत की फेंसिंग टीम हाल के सालों में हुई प्रगति को और आगे बढ़ाने की उम्मीद करेगी. 2023 एशियाई फेंसिंग चैंपियनशिप में भवानी देवी का ऐतिहासिक ब्रॉन्ज मेडल जीतना, जिसमें वह सीनियर एशियाई चैंपियनशिप मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बनीं - इस खेल के लिए एक और अहम उपलब्धि थी.
एशियन गेम्स के लिए भारतीय फेंसिंग टीम में मेंस फॉइल, विमेंस फॉइल, विमेंस एपी, मेंस सेबर और विमेंस सेबर में से प्रत्येक में चार-चार फेंसर शामिल हैं.
- मेंस फॉइल: सचिन, सनासम हेमाश सिंह, आदित्य और तेजस मनोज पाटिल
- विमेंस फॉइल: जॉयस अशिता स्टालिनराज, नओरेम मीना देवी, कनुप्रिया चावला और सोनिया देवी वाइखोम
- विमेंस एपी: तनिष्का खत्री, प्राची लोहान, मितवा चौधरी और यशकीरत कौर हायर
- मेंस सेबर: करण सिंह, गिशो निधि केपी, लक्ष्य बडसेर और विशाल थापर
- विमेंस सेबर: भवानी देवी सीए, श्रेया गुप्ता, जेफरलिन जेएस और श्रुति जोशी
ये भी पढ़ें- भारत-जापान टी 20 आज, फ्री में कैसे देखें LIVE मुकाबला?
ये भी पढ़ें- कौन हैं 36 साल की सुचिका तरियाल? विश्व चैंपियन को हराकर एशियन गेम्स में भारत को दिलाया MMA ब्रॉन्ज मेडल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं