Bank Open or Not Today on 22 Sep 2026 Tuesday: बैंक से जुड़े कामों के लिए अगर आपने भी आज का दिन तय कर रखा है, सोच रखा है कि बैंक का काम आज ही निपटाया जाएगा तो ये खबर आप ही के लिए है. RBI की हॉलिडे लिस्ट के मुताबिक, आज कहां बैंकों में छुट्टी रहेगी, कहां बैंक खुले रहेंगे और कहां बंद, ये जान लेना आपके लिए जरूरी है.
आज देश के कुछ हिस्सों में बैंक बंद रहेंगे, जबकि देशभर के बाकी हिस्सों में बैंक खुले रहेंगे. आज झारखंड में करमा पूजा मनाया जा रहा है, जो कि मुख्य रूप से झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, सिक्किम, बिहार और पश्चिम बंगाल में मनाया जाने वाला एक लोकप्रिय और महात्वपूर्ण लोक-सांस्कृतिक पर्व है.
देशभर में आज SBI, PNB, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक, केनरा बैंक जैसे सरकारी बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक और साथ ही HDFC, ICICI, Axis बैंक जैसे प्राइवेट बैंक कहां-कहां खुले रहेंगे और कहां बंद, यहां जान लीजिए.
करमा पूजा पर कहां-कहां बैंक बंद?
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के आधिकारिक हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार, करमा पूजा के अवसर पर 22 सितंबर 2026 को झारखंड के रांची बैंकिंग केंद्र (Ranchi Banking Center) के अंतर्गत आने वाले सभी बैंकों में छुट्टियां रहेंगी. यानी रांची और उससे जुड़े क्षेत्रों में बैंक की शाखाएं बंद रहेंगी.
रांची के अलावा सिक्किम के गंगटोक बैंकिंग सर्किल में भी बैंकों का आधिकारिक अवकाश रहेगा. कारण कि करमा पूजा झारखंड के साथ-साथ सिक्किम की जनजातियों और नेपाली मूल के कुछ समुदायों में भी बेहद उत्साह के साथ मनाई जाती है, इसलिए RBI की हॉलिडे लिस्ट में रांची और गंगटोक दोनों सर्किल में बैंक बंद रखने का निर्णय लिया गया है.
बता दें कि करमा पर्व मुख्य रूप से प्रकृति की उपासना, कृषि-समृद्धि और भाई-बहन के अटूट प्रेम का अनूठा त्यौहार है. आदिवासी और मूलवासी समुदाय (जैसे मुंडा, उरांव, संथाल, कुड़मी, खड़िया आदि) इस पर्व को बेहद हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं.
देश के बाकी राज्यों और शहरों में खुले रहेंगे बैंक
झारखंड के अन्य जिलों या शहरों में भी राज्य सरकार ने स्कूलों और सरकारी कार्यालयों में छुट्टी (22 और 23 सितंबर) घोषित की है, लेकिन बैंकिंग नियमों के अनुसार पूरे राज्य के सभी बैंकों में अनिवार्य रूप से बंदी नहीं रहेगी. सिक्किम में भी बाकी शहरों में बैंक खुले रहेंगे.
रांची और गंगटोक के अलावा देश के बाकी शहरों में बैंक खुले रहेंगे. देशभर में आज SBI, PNB, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक, केनरा बैंक जैसे सरकारी बैंक और साथ ही HDFC, ICICI, Axis बैंक जैसे प्राइवेट बैंकों में सामान्य दिनों की तरह कामकाज होता रहेगा.
सितंबर 2026 में और कब-कब बैंक बंद रहेंगे?
- 22 सितंबर (मंगलवार): करमा पूजा- रांची और गंगटोक में बैंकों में अवकाश रहेगा.
- 23 सितंबर (बुधवार): महाराजा हरि सिंह जी की जयंती- जम्मू और श्रीनगर में बैंकों में अवकाश रहेगा.
- 25 सितंबर (शुक्रवार): इंद्रजात्रा- गंगटोक में बैंकों में अवकाश रहेगा.
- 26 सितंबर (चौथा शनिवार): साप्ताहिक अवकाश- देशभर के सभी बैंक बंद रहेंगे.
- 27 सितंबर (रविवार): साप्ताहिक अवकाश- देशभर के सभी बैंक बंद रहेंगे.
- 28 सितंबर (सोमवार): बैंककर्मियों की हड़ताल के चलते बैंक बंद रहने की संभावना.
- 29-30 सितंबर: हड़ताल जारी रही तो देश के कई शहरों में बैंकों में कामकाज ठप रह सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं