शानिवार को जापान के आइची-नागोया में हो एशियन गेम्स की आधिकारिक शुरूआत होने वाली है. हालांकि, ओपनिंग सेरेमनी से पहले ही टीम इंडिया का मेडल कंफर्म हो सकता है. भारत की क्विम्सी जोआकिम डिसूजा ने शुक्रवार को एशियाई खेलों की टेकबॉल प्रतियोगिता के महिला एकल के सेमीफाइनल में जगह बना ली है और शानिवार सुबह वह शनिवार को सेमीफाइनल में इंडोनेशिया की सुमाया से भिड़ेंगी और इस मैच में जीत हासिल करने पर टेकबॉल में भारत का पहला पदक पक्का हो जाएगा. इसके अलावा कल कोई और अन्य भारतीय एथलीट एक्शन में नहीं होगा. जबकि दोपहर को ओपनिंग सेरेमनी होगी.
19 सितंबर का शेड्यूल
सुबह 6:30 बजे- टेकबॉल- भारत की क्विम्सी जोआकिम डिसूजा बनाम इंडोनेशिया की सुमाया
दोपहर 2:30 बजे- ओपनिंग सेरेमनी-मनु भाकर और तेजिंदर पाल सिंह तूर होंगे उद्घाटन समारोह में भारत के ध्वजवाहक
आज कैसा रहा दिन
टेकबॉल सेमीफाइनल में क्विम्सी जोआकिम डिसूजा
भारत की क्विम्सी जोआकिम डिसूजा ने शुक्रवार को एशियाई खेलों की टेकबॉल प्रतियोगिता के महिला एकल के सेमीफाइनल में जगह बनाई और इस तरह से वह इस खेल में ऐतिहासिक पदक जीतने के करीब पहुंच गई. एशियाई खेलों में पदार्पण करते हुए क्विम्सी ने नागोया सिटी हिगाशी स्पोर्ट्स सेंटर में खेले गए अपने ग्रुप ए के पहले मैच में जापान की शीर्ष वरीयता प्राप्त युइना सकामोटो को 2-1 (10-12 12-11 13-11) से हराकर उलटफेर किया.
यह मैच 43 मिनट तक चला. इस युवा भारतीय खिलाड़ी ने ग्रुप के अपने दूसरे मैच में भी लय बरकरार रखते हुए कंबोडिया की कोएमयेन डीवाई को केवल 24 मिनट में 2-0 (12-9 12-7) से हराकर अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया. अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहने के कारण उन्हें बाइ मिल गई और उन्हें क्वार्टर फाइनल नहीं खेलना पड़ा.
विम्सी- इमरान की जोड़ी क्वार्टर फाइनल में हारी
विम्सी और मोहम्मद अनस इमरान बेग की भारतीय जोड़ी मिश्रित युगल स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में वियतनाम के होआंग मिन्ह तान गुयेन और जिया नघी त्रिन्ह से 0-2 (7-12 10-12) से हार गई. भारतीय जोड़ी के पास अब भी पदक जीतने का मौका है क्योंकि उसने अपना रिपेचेज मुकाबला जीत लिया है. भारतीय जोड़ी ने ग्रुप ए के अपने पहले मुकाबले में फिलीपींस के जोहाना अबुलेंसिया और प्रिंस ऑगस्टिन को 2-0 (12-10 12-3) से हराकर सकारात्मक शुरुआत की.
सॉफ्ट बॉल टेनिस में हारी भारतीय जोड़ी
भारतीय टीम एशियाई खेलों की सॉफ्ट टेनिस स्पर्धा के पुरूष टीम क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया से 0-2 से हार गई. भारत ने ग्रुप सी में मंगोलिया और लाओ को हराया जबकि चीनी ताइपै से पराजय का सामना करना पड़ा. भारतीय टीम में जय मीणा, आर्यन ठाकुर, योगेश चौधरी , अनिकेत पाटिल और ओम यादव हैं.
दूसरे क्वार्टर फाइनल में वे इंडोनेशिया से हार गए जिसमें फर्नांडो सांगेर, टियो हुतारूक, मोहम्मद फालेवी, रिजकी लालुयान और बागुस प्राडेवा थे. जय मीणा और योगेश चौधरी को पुरूष युगल मुकाबले में टियो और फर्नांडो ने हराया. आर्यन ठाकुर को पुरूष एकल में बागुस ने मात दी. तीसरा मैच रद्द कर दिया गया.
सेमीफाइनल में पहुंची महिला टीम
सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा के हरफनमौला प्रदर्शन और बायें हाथ की स्पिनर श्री चरणी की शानदार गेंदबाजी के दम पर पिछली चैम्पियन भारतीय टीम ने अनुभवहीन जापान को शुक्रवार को आठ विकेट से हराकर एशियाई खेलों की महिला क्रिकेट स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया. श्री चरणी ने 10 रन देकर चार विकेट लिये जो टी20 क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. शेफाली वर्मा ने 13 रन देकर दो विकेट चटकाये. जापान की टीम 19.5 ओवर में 57 रन पर आउट हो गई. भारत ने यह लक्ष्य पांच ओवर में हासिल कर लिया. अब भारत का सामना 20 सितंबर को बांग्लादेश से होगा.
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स: बदइंतजामी से जूझ रहे खिलाड़ी, मदद के लिए आगे आए प्रवासी भारतीय, जरूरत पर खुलेंगे घरों के दरवाजे
यह भी पढ़ें: चीफ सेलेक्टर पद छोड़ना चाहते हैं अजीत अगरकर, बीसीसीआई को बताया अपना फैसला-सूत्र
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं