उत्तर प्रदेश के दानिश खान ने शनिवार को नई दिल्ली के पास डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 69वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता (NSCC) में 'मास्टर मेन्स इंडिविजुअल स्कीट' इवेंट में गोल्ड मेडल जीता. इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (ISSF) के नियमों के तहत, नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) द्वारा आयोजित ये शॉटगन प्रतियोगिताएं 12 नवंबर से चल रही हैं.
दानिश, जो 109 (20, 22, 23, 22, 22) अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहकर क्वालीफाई किए थे, उन्होंने आठ खिलाड़ियों के फाइनल में 29 अंक हासिल किए और बाकी प्रतिस्पर्धियों से दो टारगेट आगे रहे. तेलंगाना के जे. जयेशचंद, जो 103 (21, 20, 22, 21, 19) अंकों के साथ छठे स्थान पर रहकर फाइनल में पहुंचे थे, उन्होंने 27 अंकों के साथ रजत पदक जीता. दिल्ली के सैयद हम्माद मीर ने 106 (23, 22, 20, 21, 20) अंकों के साथ चौथे स्थान पर क्वालीफाई किया था और फाइनल में 25 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल किया.
तेलंगाना के तीन और निशानेबाज फाइनल में पहुंचे थे. राहुल राव 20 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहे; उन्होंने पंजाब के गुरविंदर सिंह गिल के साथ 99 अंकों पर टाई होने के बाद, शूट-ऑफ के जरिए फाइनल में अपनी जगह बनाई थी. ई. चेतन रेड्डी 16 अंकों के साथ पांचवें और विकार अहमद शफीक 14 अंकों के साथ छठे स्थान पर रहे.
क्वालीफिकेशन में टॉर पर रहे उत्तर प्रदेश के हारिस उल इस्लाम ने 125 में से 111 (21, 21, 24, 22, 23) अंक हासिल किए थे, लेकिन फाइनल में वे केवल 5 अंक ही बना सके. राजस्थान के प्रताप सिंह ने भी 5 अंक बनाए, और टाई-शॉट के बाद हारिस सातवें स्थान पर रहे, जबकि प्रताप सिंह आठवें स्थान पर रहे. क्वालीफिकेशन राउंड में चेतन रेड्डी और हम्माद मीर दोनों के 106-106 अंक थे, जिसमें टाई-शॉट के जरिए चेतन रेड्डी को तीसरा स्थान मिला. बुधवार को, पंजाब के निशानेबाजों ज़ोरावर सिंह बेदी और परमीत कौर ने क्रमशः यूथ पुरुष और यूथ महिला स्कीट स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते.
यूथ पुरुष व्यक्तिगत स्कीट इवेंट में, जोरावर सिंह बेदी ने पांच राउंड (24, 25, 23, 25, 22) में कुल 119 (125 में से) अंक हासिल किए और दो टारगेट के अंतर से गोल्ड मेडल अपने नाम किया. राजस्थान के आंजनेय सिंह मंडावा ने 117 (25, 23, 22, 24, 23) अंकों के साथ सिल्वर मेडल जीता. ब्रॉन्ज मेडल का फैसला पंजाब के ही दो निशानेबाजों के बीच 'शूट-ऑफ' से हुआ, क्योंकि दोनों का स्कोर 116 पर बराबर था. इसमें युवान नेयोल (22, 23, 24, 24, 23) ने अपने ही राज्य के हरज़ीज़ सिंह अटवाल (24, 24, 22, 22, 24) को टाई-ब्रेकर में 7–6 से पीछे छोड़ दिया.
परमीत कौर ने यूथ महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में पंजाब के लिए दूसरा स्कीट स्वर्ण पदक जीता. उन्होंने कुल 110 (20, 23, 21, 23, 23) अंक हासिल किए. मध्य प्रदेश ने रजत और कांस्य दोनों पदक जीते; गरिमा शाक्य 106 (23, 20, 20, 22, 21) अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि ओश्मी श्रीवास 104 (20, 19, 22, 22, 21) अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं. हिमाचल प्रदेश की अग्रिमा कंवर 100 (17, 22, 19, 21, 21) अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहीं.
यह भी पढ़ें- Kavya Maran Reception: भुवनेश्वर कुमार से रजनीकांत तक, इंटरनेट पर छाईं काव्या मारन के रिसेप्शन की तस्वीरें
यह भी पढ़ें- नंबर-1 जो रूट, नंबर-2 स्टीव स्मिथ, 3000 WTC रन पूरे करने के बाद भी टॉप-5 में नहीं शुभमन गिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं