अमेरिकी शेयर बाजार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का दबाव बना हुआ है. शुक्रवार, 20 नवंबर को वॉल स्ट्रीट में कारोबार के दौरान प्रमुख सूचकांकों में उतार-चढ़ाव रहा. AI कंपनी Anthropic का शेयर 7% गिरकर 90.55 डॉलर पर आ गया. वहीं, S&P 500 लगातार छठे कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ ट्रेड करता दिखा.
S&P 500 शुक्रवार को करीब-करीब स्थिर था, लेकिन पूरे सप्ताह में इसमें करीब 5% की गिरावट आने का अनुमान था. अगर इसमें एक और दिन गिरावट रहती, तो कोविड महामारी की शुरुआत के बाद ये इसकी सबसे लंबी गिरावट का ग्राफ होता.
Anthropic का शेयर 7% गिरा, IPO रेट से अब भी ऊपर
Claude AI टूल बनाने वाली कंपनी Anthropic के शेयर में शुक्रवार को 7% की गिरावट आई और ये 90.55 डॉलर पर कारोबार कर रहा था. हालांकि, शेयर अब भी इसके 83 डॉलर प्रति शेयर के IPO मूल्य से ऊपर है.
Anthropic की शेयर बाजार में लिस्टिंग को अब तक का सबसे बड़ा पब्लिक स्टॉक ऑफरिंग बताया गया था. कंपनी का बाजार मूल्य एक समय 2 लाख करोड़ डॉलर से भी ज्यादा पहुंच गया था. लेकिन टेक सेक्टर में जारी बिकवाली का असर इसकी ट्रेडिंग पर भी पड़ा.
क्यों गिर रहे हैं AI कंपनियों के शेयर?
टेक कंपनियों के IPO के बाद शेयरों में उतार-चढ़ाव आम बात है. इससे पहले सबसे बड़े IPO का रिकॉर्ड रखने वाली SpaceX के शेयर शुरुआती तीन कारोबारी दिनों में करीब 50% चढ़े थे, लेकिन एक महीने बाद IPO मूल्य से नीचे आ गए थे.
AI कंपनियों के शेयरों में गिरावट की एक बड़ी वजह उनकी ऊंची वैल्यूएशन और भारी खर्च को लेकर बढ़ती चिंता है. निवेशकों को आशंका है कि कंपनियों के मौजूदा बाजार मूल्य और AI पर किए जा रहे बड़े निवेश को सही ठहराना मुश्किल हो सकता है.
इसके साथ ही AI सेक्टर में बुलबुला बनने की आशंका भी चर्चा में है. हालिया मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को झटका लगने के बाद निवेशकों की चिंता बढ़ी है. इस पार्टी को आम तौर पर AI इंडस्ट्री के लिए ज्यादा अनुकूल माना जाता रहा है.
बॉन्ड यील्ड और कच्चे तेल में भी गिरावट
अमेरिकी बॉन्ड बाजार में 10 साल के ट्रेजरी नोट की यील्ड घटकर 4.99% पर आ गई. गुरुवार देर रात ये 5.04% थी. वहीं, कच्चे तेल की कीमतों में 1.5% की गिरावट आई और ये 90.62 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. ये गिरावट ऐसे समय में आई है, जब होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास तनाव बना हुआ है और अमेरिका-ईरान युद्ध जारी है.
सऊदी अरब ने शुक्रवार को कहा कि ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने उसके खिलाफ और मिसाइलें तथा ड्रोन दागे हैं. इससे कुछ दिन पहले ही सऊदी अरब ने यमन के हूती नियंत्रित इलाकों में बड़ा हवाई अभियान चलाया था. दूसरी ओर, इराक ने तेल तस्करी के आरोपों से जुड़े एक ईरान समर्थित शक्तिशाली मिलिशिया समूह के साथ समझौता किया. यूरोप और एशिया के शेयर बाजारों में भी गिरावट रही.
यह भी पढ़ें | एंथ्रोपिक के IPO ने 2,800 इंप्लॉई को करोड़पति बनाया, 600 कर्मचारी हो गए अरबपति, जिसने पैसे लगाए कितना कमाया?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं