विज्ञापन
This Article is From Nov 18, 2018

सबरीमाला मंदिर : कड़ी सुरक्षा के बीच भक्तों ने भगवान अयप्पा के दर्शन किए, BJP नेता हिरासत में

मलयाली पंचांग के पवित्र महीने ‘वृश्चिकम’ के पहले दिन शनिवार को हजारों श्रद्धालुओं ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यहां भगवान अयप्पा के दर्शन किए.

सबरीमाला मंदिर : कड़ी सुरक्षा के बीच भक्तों ने भगवान अयप्पा के दर्शन किए, BJP नेता हिरासत में
श्रद्धालुओं ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यहां भगवान अयप्पा के दर्शन किए.
  • कड़ी सुरक्षा के बीच भक्तों ने भगवान अयप्पा दर्शन किए
  • हड़ताल से जनजीवन प्रभावित रहा
  • भाजपा के एक नेता को एहतियातन हिरासत में लिया गया
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
सबरीमला: मलयाली पंचांग के पवित्र महीने ‘वृश्चिकम' के पहले दिन शनिवार को हजारों श्रद्धालुओं ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यहां भगवान अयप्पा के दर्शन किए. वहीं, भाजपा के एक नेता को एहतियातन हिरासत में लिया गया और उन्हें निलक्कल आधार शिविर से हटा दिया गया. इससे पहले, दक्षिणपंथी संगठन की एक महिला नेता को हिरासत में लेने के खिलाफ हिन्दू संगठनों ने 12 घंटे की हड़ताल आह्वान किया था जिसमें भक्त फंसे रहे और केरल का जनजीवन प्रभावित हुआ. त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) ने स्पष्ट कर दिया कि वह सोमवार को उच्चतम न्यायालय से उसके 28 सितंबर के आदेश को लागू करने के लिए और समय की मांग करेगा. पुलिस ने कहा कि सबरीमला मंदिर जाने की कोशिश कर रहे भाजपा महासचिव के सुरेंद्रन को शनिवार रात एहतियाती तौर पर हिरासत में ले लिया गया और आधार शिविर निलक्कल से हटा दिया गया. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पी एस श्रीधरन पिल्लई ने कहा कि सुरेंद्रन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई ने ‘बहुत खतरनाक' स्थिति पैदा कर दी है. 

सबरीमाला मंदिर विवाद : हिन्दूवादी महिला नेता की गिरफ्तारी के विरोध में केरल में हड़ताल 

उन्होंने कहा कि स्थिति की ‘गंभीरता' के बारे में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह को सूचित कर दिया गया है. पिल्लई ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता रविवार को समूचे राज्य में ‘विरोध दिवस' मनाएंगे और यातायात को बाधित करेंगे. अयप्पा के मंत्र का जयघोष करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने पत्तनमतिट्टा जिले के चित्तर थाने के सामने प्रदर्शन किया, जहां सुरेंद्रन को हिरासत में रखा गया था. तिरूवनंतपुरम में, भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुरेंद्रन के खिलाफ कार्रवाई के विरूद्ध सचिवालय तक एक मार्च निकाला और यातायात को बाधित किया. पुलिस ने उन्हें तितर बितर करने के लिए पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया. मंदिर में माहवारी आयु वर्ग की महिलाओं के प्रवेश की अनुमति देने पर जारी गतिरोध के बीच दो महीने लंबी वार्षिक तीर्थयात्रा के लिए मंदिर शुक्रवार शाम को फिर से खुला. मुख्य पुजारी वासुदेवन नम्बूदरी की निगरानी में आज सुबह पूजा शुरू हुई. 

सबरीमाला विवाद : केरल HC ने सामाजिक कार्यकर्ता रेहाना फातिमा की अग्रिम जमानत याचिका खारिज की

पुलिस मंदिर परिसर के आसपास सख्त निगरानी कर रही है और निलक्कल आधार शिविर पर तीर्थयात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रही है. हिंदू एक्य वेदी की प्रदेश अध्यक्ष के पी शशिकला को शनिवार तड़के हिरासत में लेने के बाद आहूत हड़ताल के कारण जनजीवन प्रभावित रहा. पुलिस महानिदेशक लोकनाथ बेहेरा ने मुख्यमंत्री पी विजयन से मुलाकात की ओर उन्हें कानून एवं व्यवस्था की स्थिति के बारे में जानकारी दी. 

VIDEO: सबरीमाला विवाद और स्मृति का बयान
पुलिस महानिरीक्षक विजय सखारे ने कहा कि भक्तों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं ताकि वे सुचारू रूप से दर्शन कर सकें.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com