- झालावाड़ के राजकीय जनाना अस्पताल में एक साथ चार बच्चों का दुर्लभ प्रसव हुआ है
- इनमें 3 बच्चियां और एक बच्चा है. पिता ने इसे भगवान की मर्जी बताया है
- इस दुर्लभ प्रसव के बाद परिवार एवं आसपास के लोग काफी खुश हैं
राजस्थान के झालावाड़ के राजकीय जनाना अस्पताल में एक दुर्लभ प्रसव का मामला सामने आया है. वहां एक गर्भवती महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है. इनमें 4 बच्चियां और एक बच्चा है. डॉक्टरों ने बताया है कि प्रसव के बाद मां की हालत सामान्य है. चारों नवजात भी सकुशल हैं. लेकिन उनका वजन कम होने के कारण उन्हें अस्पताल की एनआईसीयू (NICU) में भर्ती कर विशेष निगरानी में रखा गया है. बच्चों के जन्म पर परिवार और उनके करीबी लोग बहुत खुश हैं और बधाई देने हॉस्पिटल पहुंच रहे हैं. झालावाड़ के जनाना अस्पताल में हुए इस प्रसव की बड़ी चर्चा हो रही है.
'मैंने तो एक ही बेटी मांगी थी'
झालावाड़ के पति-पत्नी अरुण कश्यप (32) और ज्योति कश्यप (25) की शादी सात साल पहले हुई थी. उनका 5 साल का एक बेटा है. इस बुधवार, 8 जुलाई को ज्योति कश्यप की जनाना अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी हुई और एक साथ चार बच्चों का जन्म हुआ.
बच्चों के पिता अरुण कश्यप इसी हॉस्पिटल में काम करते हैं. उन्होंने डिलीवरी के बाद खुशी व्यक्त करते हुए कहा,"यह सब भगवान की मर्जी है.मैंने तो एक बेटी की ही उम्मीद की थी, लेकिन भगवान ने मुझे तीन बेटियां और एक बेटा दिया है.जो भी दिया है, उसकी खुशी है."

अरुण कश्यप और ज्योति कश्यप का पहले से 5 साल का एक बेटा है
Photo Credit: NDTV
डॉक्टर ने बताया दुर्लभ
जनाना अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र गुप्ता ने कहा है कि हॉस्पिटल में उनके सामने इस तरह का ये पहला प्रसव है. उन्होंने बताया कि इस तरह से चार बच्चों का जन्म होना सामान्य घटना नहीं है. उन्होंने बताया कि प्रसव के 24,000 मामलों में से सिर्फ एक मामला इस तरह का आता है.
फिलहाल झालावाड़ की इस घटना की काफी चर्चा हो रही है. चिकित्सकों का कहना है कि नवजातों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक उपचार जारी है.
ये भी पढ़ें-: DSP लक्ष्मी को देख स्कॉर्पियो से जा रहे खाटूश्यामजी के भक्तों ने कर दी हूटिंग, आगबबूला होकर कराई नाकेबंदी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं