विज्ञापन

जयपुर में पानी की टंकी पर चढ़े  NSUI के तीन छात्र,  छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग 

छात्र संगठन NSUI ने सरकार के ख‍िलाफ नारेबाजी की. राजस्‍थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग की. 

जयपुर में पानी की टंकी पर चढ़े  NSUI के तीन छात्र,  छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग 
जयपुर में पानी की टंकी पर चढ़कर छात्र संघ चुनाव कराने की मांग की.
NDTV Reporter

राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है. दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को जयपुर में कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई (NSUI) ने प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान राजस्थान विश्वविद्यालय से जुड़े NSUI के 3 छात्र नेता टोंक फाटक स्थित एक पानी की टंकी पर चढ़ गए. उन्होंने पोस्टर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से इस्तीफे व छात्रों से माफी की मांग की. 

छात्रों पर लाठीचार्ज का विरोध  

टंकी पर चढ़ने वालों में NSUI प्रभारी विजयपाल कुड़ी, छात्र नेत्री वियोना जाट और छात्र नेता कोशेन खान शामिल हैं. उनका कहना है कि दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र और छात्र अधिकारों पर हमला है. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, जिसे स्वीकार नहीं किया जाएगा. 

4 साल से छात्र संघ चुनाव नहीं हुए  

प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने राजस्थान में पिछले 4 वर्षों से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने का मुद्दा भी उठाया. उनका कहना है कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अहम हिस्सा है, लेकिन लंबे समय से चुनाव नहीं होने के कारण छात्रों को अपने प्रतिनिधि चुनने का अवसर नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने राज्य सरकार से जल्द चुनाव कराने की घोषणा की मांग की. 

छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं किए गए तो वे टंकी से नीचे नहीं उतरेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि मांगों की अनदेखी होने पर वे आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो सकते हैं, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी. 

छात्रों से बातचीत करके नीचे उतारा 

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया. क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और अधिकारियों द्वारा टंकी पर चढ़े छात्रों से लगातार बातचीत कर उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है. प्रदर्शन के चलते इलाके में भीड़ जुट गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा.  पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है. 

छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग

राज्य में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग लगातार उठ रही है. छात्र संगठनों का कहना है कि लोकतांत्रिक परंपराओं को बनाए रखने के लिए नियमित रूप से चुनाव कराए जाने चाहिए.  दिल्ली की घटना को लेकर भी देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. फिलहाल टोंक फाटक की पानी की टंकी पर चढ़े तीनों छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं, और प्रशासन उन्हें समझाकर नीचे उतारने की कोशिश कर रहा है. 

यह भी पढ़ें: राजस्थान में भारी से अत‍ि भारी बारिश का पूर्वानुमान, जानें अगले 3 द‍िन कैसा रहेगा मौसम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Student Union, Student Union Election Rajasthan, NSUI, Pani Ki Tanki
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com