विज्ञापन

ऑनलाइन रस्सी मंगवाई, 20 बार कैब बुक की... लोन चुकाने के लिए चाहिए थे पैसे, बनाया खतरनाक प्लान

जयपुर में कैब ड्राइवर की हत्या का खुलासा हो गया है. पुलिस ने दौसा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनको लोन चुकाने और कैफे खोलने के लिए पैसे की जरूरत थी.

ऑनलाइन रस्सी मंगवाई, 20 बार कैब बुक की... लोन चुकाने के लिए चाहिए थे पैसे, बनाया खतरनाक प्लान
कैब ड्राइवर की हत्या में शामिल 2 आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान में जयपुर के हरमाड़ा इलाके में मिले Uber ड्राइवर के शव की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा ली है. पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में दो आरोपियों को दौसा से गिरफ्तार किया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों ने लोन चुकाने और लूटी गई कार बेचकर कैफे खोलने के लिए पूरी साजिश रची थी. हत्या से पहले आरोपियों ने ऑनलाइन रस्सी मंगवाई, कई दिनों तक रेकी की और करीब 20 बार उबर कैब बुक कर सही गाड़ी की तलाश करते रहे. 

दौसा से पकड़े गए दोनों

पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों सुधांशु और सोनू बैरवा को दौसा से पकड़ा है. दोनों पिछले करीब 15 साल से एक-दूसरे को जानते हैं और जयपुर में किराए के मकान में रह रहे थे. पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों पर लोन का दबाव था. उनका मकसद नई मॉडल की कार लूटकर उसे बेचने और मिले पैसों से कैफे शुरू करना था.

इसी योजना के तहत पिछले पांच दिनों से दोनों हत्या और लूट की साजिश रच रहे थे. जांच में यह भी सामने आया कि वारदात से पहले आरोपियों ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म  ब्लिंकिट के जरिए रस्सी मंगवाई. इसके बाद उन्होंने करीब 20 बार उबर कैब बुक की, लेकिन उन्हें पुरानी मॉडल की गाड़ियां मिलती रहीं.

वारदात वाले दिन भी 12  कैब बुक की गईं. आखिरकार 2026 मॉडल की आर्टिगा मिलने पर उन्होंने उसे निशाना बनाया. दोपहर करीब दो बजे विश्वकर्मा क्षेत्र से उबर कैब बुक की गई.

ड्राइवर का चेहरा बुरी तरह था क्षतिग्रस्त

चालक लखपति कुशवाहा जब दोनों को लेकर रवाना हुआ तो राजावास इलाके में उसकी हत्या कर दी गई. इसके बाद आरोपी कार लेकर फरार हो गए. पुलिस ने लूटी गई कार भी बरामद कर ली है. सबसे अहम कड़ी शव की पहचान रही. हत्या के बाद मृतक का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था.

मृतक की फोटो

मृतक की फोटो

पुलिस ने तकनीकी सहायता और एआई आधारित इमेज रिकंस्ट्रक्शन की मदद से चेहरा तैयार कराया, जिससे मृतक की पहचान उबर चालक लखपति कुशवाहा के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने उसकी आखिरी राइड की जानकारी निकाली और वहीं से आरोपियों तक पहुंच गई.

यूट्यूब वीडियो देखकर बनाया प्लान

पूछताछ में आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वारदात से एक दिन पहले भी उन्होंने एक उबर ड्राइवर को निशाना बनाने की कोशिश की थी, लेकिन बारिश और पुलिस की सख्त नाकाबंदी के कारण वे अपने इरादे में सफल नहीं हो सके.

पुलिस का कहना है कि दोनों ने यूट्यूब वीडियो देखकर वारदात और पुलिस से बचने की योजना बनाई थी, लेकिन तकनीकी जांच के आगे उनकी पूरी साजिश बेनकाब हो गई. फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है.

यह भी पढ़ें-

पत्नी से विवाद, चाची से नजदीकी, 24 घंटे में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा

बदला लेने के लिए रची खौफनाक साजिश, गूगल पर सर्च कर ढूंढी जगह; गुजरात के सोमनाथ से गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Rajasthan Crime News, Jaipur News, Jaipur News Today, Jaipur Hindi News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com