जयपुर ग्रामीण के शाहपुरा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े कार का शीशा तोड़कर 1 लाख 10 हजार रुपये चोरी करने वाले अंतरराज्यीय कड़िया सांसी गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. आरोपी राजस्थान सहित हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश में सक्रिय होकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे. पुलिस अब आरोपियों से अन्य मामलों को लेकर पूछताछ कर रही है.
पैसों से भरा बैग चोरी किया
शाहपुरा थाना प्रभारी रिया चौधरी ने बताया कि 18 जून 2026 को शाहपुरा के मुख्य बाजार में एक कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा 1 लाख 10 हजार रुपये से भरा बैग चोरी कर लिया गया था. घटना के बाद शाहपुरा थाने में मामला दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया गया और जांच शुरू की गई. जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और निगरानी के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग मिले.
आरोपी कड़िया सांसी गिरोह के सदस्य
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के सूरज सांसी, अविनाश सांसी, रिंकू उर्फ काला सांसी और अनिल सांसी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में सामने आया कि चारों आरोपी संगठित अंतरराज्यीय कड़िया सांसी गिरोह के सदस्य हैं.
वाहनों की करते थे रेकी, फिर चोरी
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह भीड़भाड़ वाले बाजारों में वाहनों की रेकी करता था, और मौका मिलते ही कारों का शीशा तोड़कर नकदी व कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाता था. वारदात के तुरंत बाद आरोपी दूसरे राज्यों में निकल जाते थे ताकि पुलिस की गिरफ्त से बच सकें.
यूपी, हरियाणा और एमपी में करते थे वारदात
पूछताछ में आरोपियों ने राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में कई चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है. गिरोह के खिलाफ विभिन्न राज्यों में कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं. पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी गहन पूछताछ कर रही है.
यह भी पढ़ें: पति से तलाक, 'दुनिया धोखेबाज' का FB अकाउंट; जयपुर की महिला के जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ने की इनसाइड स्टोरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं