राजस्थान में मानसून कमजोर होने से गर्मी और उमस फिर से बढ़ गई है. राज्य में शुक्रवार को बारिश पूरी तरह थमी रही. तेज धूप के चलते जयपुर, टोंक और अलवर सहित 15 प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा, जबकि श्रीगंगानगर में पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच गया. मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ उत्तर की ओर खिसकने के चलते अगले एक हफ्ते तक राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा. हालांकि, बंगाल की खाड़ी में बनने वाले नए सिस्टम से पूर्वी और उत्तरी राजस्थान में आगामी 5 दिन में बारिश के नए दौर शुरू होने की संभावना है.
राजस्थान में आज नो-रेन अलर्ट
रक्षाबंधन के दिन यानी कल प्रदेश में हल्की बूंदाबांदी के अलावा कहीं भी बरसात दर्ज नहीं की गई. आज भी (शनिवार) प्रदेश के किसी जिले के लिए बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है. बारिश थमने और तेज धूप के चलते जयपुर, टोंक, अलवर समेत 15 शहरों में साफतौर पर गर्मी रही. इन जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया. श्रीगंगानगर में दिन का तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है.
फिलहाल मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर खिसकी हुई है. यह अमृतसर, देहरादून और लखीमपुर खीरी होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है. आगामी दिनों में ट्रफ के अपनी सामान्य स्थिति में लौटने की संभावना है. इसके बाद राजस्थान में मानसून की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.

Photo Credit: IANS
मौसम विभाग ने बताया कि अगले एक सप्ताह बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर व कोटा संभाग के अधिकांश भागों में कमजोर मानसून परिस्थितियां दर्ज होने और मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है.
राजस्थान मौसम अपडेट 28 अगस्त
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) August 28, 2026
राज्य के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, 3-4 सितंबर से पूर्वी व उत्तरी भागों में पुनः बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना। pic.twitter.com/iX0QrlXxka
नया वेदर सिस्टम से सक्रिय होगा मानसून
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सितंबर के पहले सप्ताह में बंगाल की खाड़ी में एक नया वेदर सिस्टम बनने की संभावना है. इसके प्रभाव से राजस्थान में 4-5 सितंबर से मानसून फिर सक्रिय हो सकता है और बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है. पूर्वी राजस्थान में केवल छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश की उम्मीद है. वहीं, 3-4 सितंबर से पूर्वी व उत्तरी राजस्थान के कुछ भागों में फिर से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है.
यह भी पढे़ं-
नेपाल आपदा की डराने वाली तस्वीर आईं सामने, WMO की सैटेलाइट इमेज में दिखी तबाही की पूरी कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं