राजस्थान के कई जिलों में शनिवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. बीते 24 घंटे के दौरान सवाई माधोपुर और दौसा समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश हुई है. आज फिर से सवाई माधोपुर, करौली और धौलपुर जिले भारी से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है. इसके अलावा करीब 2 दर्जन से अधिक जिलों में येलो अलर्ट है. मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. झालावाड़ जिले में शनिवार को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल में बच्ची के लिए छुट्टी कर दी गई है.
केवल विद्यार्थियों के लिए छुट्टी
इस दौरान स्कूलों में शिक्षक और अन्य स्टाफ की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी. जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शनिवार को जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों का अवकाश घोषित किया है. हालांकि वर्तमान में जिले में कहीं भी जलभराव की स्थिति सामने नहीं आई है. मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामसिंह मीणा के मुताबिक अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा.
स्टाफ की स्कूल में उपस्थिति अनिवार्य
स्कूलों में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक स्टाफ की उपस्थिति पूर्ववत अनिवार्य रहेगी. स्टाफ को विद्यालय से जुड़े जरूरी कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शैक्षणिक व्यवस्थाएं प्रभावित नहीं हों. प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि बारिश के दौरान बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न भेजें और नदी, नाले, तालाब तथा पानी भरे स्थानों से दूर रखें. इधर, झालावाड़ जिले में पिछले दो दिनों से सावन जैसी झड़ी लगी रही. कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश का दौर चलता रहा.
करीब एक सप्ताह बाद हुई अच्छी बारिश ने मौसम खुशनुमा कर दिया, वहीं बारिश की कमी से चिंतित किसानों को भी बड़ी राहत मिली है. जिले में सबसे अधिक बारिश सुनेल में 76 एमएम और पचपहाड़ में 73 एमएम दर्ज की गई. लगातार बारिश से खेतों में नमी बढ़ने लगी है और खरीफ फसलों को इसका सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है. बारिश के चलते नदी-नालों, तालाबों और अन्य जलस्रोतों में भी पानी की आवक बढ़ने की संभावना है. झालावाड़ जिले में अब तक 740 एमएम औसत बारिश दर्ज की जा चुकी है. पिछले साल पूरे मानसून सीजन में जिले में 1087 एमएम बारिश हुई थी.
यह भी पढ़ें- राजस्थान के 3 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, जानें अन्य जिलों में मौसम का हाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं