- नागौर जिले की निंबोला और भूंडेल ग्राम पंचायत के दो सरपंच प्रत्याशी हारने के बाद भी चर्चा में हैं
- निंबोला के बाग सिंह को हार के बावजूद 36 कौम के लोगों ने करीब चौदह लाख रुपये का आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया
- भूंडेल के गंगा राम नायक को भी हार के बाद तीन गांवों के ग्रामीणों ने लगभग पंद्रह लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी
Rajasthan Sarpanch Election: राजस्थान में पंचायती राज चुनाव 2026 के तहत सरपंच चुनाव का पहला चरण पूरा हो चुका है, जबकि कई चरणों का मतदान अभी बाकी है. इस बीच नागौर जिले की निंबोला और भूंडेल ग्राम पंचायत के दो सरपंच प्रत्याशी चुनाव हारने के बावजूद चर्चा का विषय बने हुए हैं. इन दोनों उम्मीदवारों को ग्रामीणों का न केवल भरपूर स्नेह मिला, बल्कि दोनों हारे हुए प्रत्याशियों को कुल मिलाकर करीब 29 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई.
निंबोला सरपंच चुनाव
नागौर के निंबोला गांव में सरपंच चुनाव में हार का सामना करने वाले बाग सिंह के समर्थन में निंबोला और देवी सागर के लोगों ने करीब 14 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग दिया. निंबोला में बाग सिंह को 36 कौम के लोगों ने एकजुट होकर सरपंच पद का उम्मीदवार बनाया था. राजस्थान पंचायती राज चुनाव 2026 में उन्हें धन्ना राम कूकना के सामने 184 मतों से हार का सामना करना पड़ा.

नागौर के निंबोला गांव में सरपंच चुनाव में हार का सामना करने वाले बाग सिंह के समर्थन में निंबोला और देवी सागर के लोगों ने करीब 14 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग दिया. Photo NDTV
चुनाव में उन्हें सफलता नहीं मिली, लेकिन ग्रामीणों का भरोसा और अपनापन बरकरार रहा. चुनाव परिणाम आने के बाद निंबोला और देवी सागर के लोगों ने आर्थिक सहयोग कर उनका हौसला बढ़ाया. करीब 14 लाख रुपये की सहायता ने यह साबित किया कि ग्रामीणों के लिए बाग सिंह का महत्व केवल सरपंच पद के दावेदार के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक जुड़ाव और सामूहिक विश्वास के प्रतीक के रूप में भी है. ग्रामीणों से मिले सहयोग से अभिभूत बाग सिंह ने भी सामाजिक सरोकार निभाते हुए गौशाला के लिए 51 हजार रुपये भेंट किए.
भूंडेल सरपंच चुनाव
ग्राम पंचायत भूंडेल में गंगा राम नायक को रेवंत राम के सामने महज 87 मतों से हार का सामना करना पड़ा. सरपंच चुनाव 2026 में हार का सामना करने वाले गंगा राम के समर्थन में भूंडेल, श्रीयादे नगर और नेनाऊ के ग्रामीण एकजुट हो गए. 36 कौम के लोगों ने एक जाजम पर बैठकर गंगा राम की आर्थिक मदद का निर्णय लिया और करीब 15 लाख रुपये का सहयोग कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया.

36 कौम के लोगों ने एक जाजम पर बैठकर गंगा राम की आर्थिक मदद का निर्णय लिया और करीब 15 लाख रुपये का सहयोग कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया. Photo Credit: NDTV
चुनाव में हार, लेकिन अपनों का साथ बरकरार
आमतौर पर चुनावी मुकाबलों में जीत-हार को प्रतिष्ठा से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन भूंडेल के ग्रामीणों ने इस धारणा से अलग उदाहरण पेश किया. सरपंच चुनाव में गंगा राम को भले ही हार का सामना करना पड़ा, लेकिन ग्रामीणों का उनके प्रति विश्वास और अपनापन कम नहीं हुआ. उनकी मदद के लिए तीन गांवों के लोग आगे आए और सामूहिक रूप से आर्थिक सहयोग किया. इस अवसर पर गंगा राम ने भी सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए गौशाला के लिए 51 हजार रुपये भेंट किए. ग्रामीणों के आर्थिक सहयोग और गंगा राम की ओर से गौशाला को दी गई राशि ने कार्यक्रम को सामाजिक सेवा और सद्भाव से जोड़ दिया. क्षेत्र में ग्रामीणों की इस पहल की व्यापक चर्चा हो रही है.
यह भी पढ़ें- हनुमान बेनीवाल की दो भाभियां सरपंच चुनाव में आमने-सामने, किसने जीता चुनाव? एक को मिले 21 वोट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं