विज्ञापन

Video: बांग्लादेश में भड़की हिंसा, यूनुस के घर और बैंक जले; PM रहमान बोले-मुंहतोड़ जवाब दो

अवामी लीग की तरफ से बुलाए गए बंद के बीच, ढाका में देसी बम फटे और देश के कई हिस्सों में अशांति फैल गई. यह हिंसा ऐसे समय में हुई है जब शेख हसीना की अवामी लीग पार्टी अपने पूर्व नेता के समर्थन में एकजुट होने की कोशिश कर रही है.

Video: बांग्लादेश में भड़की हिंसा, यूनुस के घर और बैंक जले; PM रहमान बोले-मुंहतोड़ जवाब दो
बांग्लादेश के कपड़ा मजदूर भी देश में कई जगहों पर गाड़ियां जला रहे हैं. (फोटो-PTI)

बांग्लादेश एक बार फिर जल रहा है. मुहम्मद यूनुस को अब उसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है, जिसका सामना उनके शासनकाल में कई बांग्लादेशियों ने किया था. वे अगस्त 2024 से फरवरी 2026 तक बांग्लादेश में सत्ता संभालने वाली अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार थे. बुधवार रात चटोग्राम के पंचलाइश इलाके में, पूर्व अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर में तोड़फोड़ की गई और उसे आग के हवाले कर दिया गया. इसके अलावा, बांग्लादेश के अलग-अलग हिस्सों में मुहम्मद यूनुस के 'ग्रामीण बैंक' की कई शाखाओं में भी आग लगा दी गई.

बांग्लादेश में कब से शुरू हुई हिंसा

इसके बाद बृहस्पतिवार को भी बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के सैकड़ों समर्थकों ने सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया.बांग्लादेश के प्रमुख अंग्रेजी अखबार 'द डेली स्टार' की रिपोर्ट के अनुसार, अलग-अलग जिलों के 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी नवनिर्मित तुंगीपाड़ा पुलिस स्टेशन के परिसर में फंस गए थे. मंगलवार रात और बुधवार सुबह के बीच इस पुलिस स्टेशन में तोड़फोड़ भी की गई. बाद में, सुरक्षा कारणों से इनमें से ज्यादातर पुलिसकर्मियों को जिला पुलिस लाइंस भेज दिया गया.

तुंगीपाड़ा के निलफा बाजार के पास 'बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश' (BGB) के 4 वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया. इलाके के कई हिस्सों का संपर्क कट गया है, क्योंकि सड़कों पर लकड़ी के लट्ठे डालकर रास्ता रोक दिया गया है. मंगलवार को स्थानीय BNP सांसद SM जिलानी की गाड़ी में भी आग लगा दी गई थी.

कई दिनों से जारी अशांति के बीच, भारत-बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा में तैनात 'बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश' (BGB) ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए सात जिलों में 96 प्लाटून तैनात किए हैं. इन जिलों में ढाका, चट्टोग्राम, नारायणगंज, गाजीपुर, गोपालगंज, मयमनसिंह और फरीदपुर शामिल हैं. बांग्लादेश संवाद संस्था की रिपोर्ट के अनुसार, ढाका में 23 प्लाटून, चट्टोग्राम में 15, नारायणगंज में 6, गाजीपुर में 15, गोपालगंज में 27, मयमनसिंह में 2 और फरीदपुर में 3 प्लाटून तैनात किए गए हैं. जरूरत पड़ने पर तैनाती के लिए 5 और प्लाटून को स्टैंडबाय पर रखा गया है.

क्यों होने लगी अचानकर फिर हिंसा

यह हिंसा ऐसे समय में हुई है जब शेख हसीना की अवामी लीग पार्टी (जिस पर अब प्रतिबंध लग चुका है) अपने पूर्व नेता के समर्थन में एकजुट होने की कोशिश कर रही है. हसीना दिसंबर में बांग्लादेश लौटने का ऐलान कर चुकी हैं. 2024 में छात्रों के नेतृत्व वाले विद्रोह के बाद उनकी सरकार गिर गई थी, जिसके बाद वह भारत चली गई थीं. 79 वर्षीय हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने का संकल्प लिया है. हालांकि, विद्रोह के दौरान हुई घातक कार्रवाई में मानवता के खिलाफ अपराधों के लिए, उन्हें उनकी अनुपस्थिति में ही मौत की सजा सुनाई जा चुकी है.

बीएनपी ने हिंसा का वीडियो शेयर किया

तारिक रहमान बोले-बहुत हो गया

प्रतिबंधित अवामी लीग द्वारा बुलाए गए शटडाउन (बंद) के बीच, ढाका में देसी बम (क्रूड बम) फटे और देश के कई हिस्सों में अशांति फैल गई. इसके बाद प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है.  देश भर में हो रही आगजनी और हिंसक घटनाओं के बीच, लालमोनिरहाट में जिला बीएनपी द्वारा आयोजित एक जनसभा में उन्होंने कहा, "अब बहुत हो चुका है. हमें इन आतंकवादियों, आगजनी करने वालों और हत्यारों को मुंहतोड़ जवाब देना होगा. देश की जनता अब जबरन गायब किए जाने, हत्याओं, आगजनी, आतंकवाद और लोगों के वोट देने के अधिकार छीनने वाली राजनीति की ओर वापस नहीं जाना चाहती. आइए हम सब एकजुट हों और आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दें, ताकि वे फिर कभी बांग्लादेश और यहां के लोगों के भाग्य के साथ खिलवाड़ न कर सकें." तारिक रहमान की मुसीबत इसलिए और बढ़ गई है क्योंकि कपड़ा मजदूर पहले ही हिंसक आंदोलन कर रहे हैं. 

यह भी पढ़ें | Explainer: नये वर्ल्ड ऑर्डर में चीन भी सुपरपावर; वो 5 वजहें जिनसे ट्रंप-पुतिन के सामने जिनपिंग दिखे बॉस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sheikh Hasina, Yunus Bangladesh, Tarique Rahman, Bangladesh, Bangladesh Violence
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com