विज्ञापन

राजस्थान पंचायत चुनाव: 4 मंत्रियों के गृह जिलों में BJP का खाता नहीं खुला, भरतपुर-चूरू में बिना बहुमत बने प्रधान

Rajasthan Panchayat Samiti Pradhan Chunav: राजस्थान में पंचायत समिति प्रधान के चुनाव में बीजेपी को जहां झटका लगा है, तो वहीं कांग्रेस को बड़ी जीत मिली है. मंत्रियों के जिलों में भी भाजपा को हार मिली है.

राजस्थान पंचायत चुनाव: 4 मंत्रियों के गृह जिलों में BJP का खाता नहीं खुला, भरतपुर-चूरू में बिना बहुमत बने प्रधान
Rajasthan Panchayat Samiti Pradhan Chunav: राजस्थान पंचायत चुनाव में बीजेपी को लगा झटका
  • राजस्थान की 419 पंचायत समितियों में कांग्रेस ने 255 प्रधान और बीजेपी ने 105 प्रधान पदों पर जीत हासिल की.
  • चार बीजेपी मंत्रियों के गृह जिलों में पार्टी को एक भी प्रधान पद नहीं मिला, जिससे बड़ा राजनीतिक झटका लगा.
  • बिना बहुमत के भी बीजेपी ने भरतपुर और चूरू में गठबंधन और रणनीति से कई पंचायत समितियों में प्रधान बनाए.

Rajasthan Panchayat Samiti Pradhan Elections: राजस्थान में पंचायत समिति प्रधान के चुनाव ने कई जिलों में सियासी समीकरण बदल दिए हैं, कांग्रेस को बड़ी जीत मिली है, जबकि बीजेपी को इस बार भी बड़ा झटका लगा है. प्रदेश की 419 पंचायत समितियों में कांग्रेस ने 255 और बीजेपी ने 105 प्रधान बनाए, आरएलपी के 24, बीएपी के 14, माकपा के 2 और निर्दलीयों के 19 प्रधान बने. खास बात यह है कि बीजेपी के सीनियर मंत्रियों के इलाकों में भी पार्टी को हार मिली है. मंत्री किरोड़ीलाल मीणा, झाबर सिंह खर्रा, विजय सिंह चौधरी और मंजू बाघमार अपने गृह जिलों में बीजेपी का खाता नहीं खुलवा पाए. हालांकि कुछ बीजेपी नेताओं ने अपने जिलों में पार्टी को जीत भी दिलाई, जिसमें जवाहर सिंह बेढम ने भरतपुर में बिना बहुमत 5 प्रधान बनवाए, राजेंद्र राठौड़ ने चूरू में 5 के बजाय 7 समितियों में बीजेपी के प्रधान बनवाए. इसके अलावा अलवर, अजमेर, बीकानेर, जयपुर और जोधपुर जैसे जिलों में पूरे सियासी समीकरण बदल गए. 

राजस्थान में मंत्रियों के गृह जिलों में BJP को झटका

सबसे ज्यादा चर्चा बीजेपी के चार मंत्रियों के गृह जिलों की रही जहां पार्टी एक भी प्रधान नहीं बना पाई. इनमें कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा का सवाई माधोपुर, यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा का सीकर, जबकि नागौर की जिम्मेदारी मंत्री विजय सिंह चौधरी और मंजू बाघमार की थी, लेकिन यहां भी पार्टी को एक भी प्रधान नहीं मिला. 

सवाई माधोपुर 

कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के गृह जिले में बीजेपी एक भी प्रधान नहीं बना पाई. कांग्रेस सांसद हरीश चंद्र मीणा, विधायक इंद्रा मीणा और रामकेश मीणा ने कांग्रेस सदस्यों को एकजुट रखा. किरोड़ीलाल मीणा, विधायक जितेंद्र कुमार और प्रभारी मंत्री गौतम कुमार की रणनीति काम नहीं आई. वजीरपुर में किसी को बहुमत नहीं था, यहां कांग्रेस के बागी ने कांग्रेस सदस्यों के समर्थन से निर्दलीय बोर्ड बना लिया. 

सीकर

यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के गृह जिले सीकर में भी बीजेपी का खाता नहीं खुला. यह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का भी गृह जिला है, जहां कांग्रेस को बड़ी जीत दिलाने में कामयाब रहे. जिले में कांग्रेस ने 16 में से 15 प्रधान बनाए, 1 जगह निर्दलीय जीता. कांग्रेस के पास 14 समितियों में बहुमत था, 2 त्रिशंकु समितियों में से एक में भी कांग्रेस ने निर्दलीयों को जोड़कर प्रधान बना लिया. खर्रा की रणनीति डोटासरा के प्रबंधन के सामने फेल रही. इससे पहले जिला परिषद के चुनावों में भी झाबर सिंह खर्रा के परिवार के लोगों को हार का सामना करना पड़ा था. 

नागौर

मंत्री विजय सिंह चौधरी और मंजू बाघमार के जिले में भी बीजेपी एक भी प्रधान नहीं बना पाई. यहां हनुमान बेनीवाल ने खेल बदल दिया. आरएलपी के पास 6 समितियों में बहुमत था, लेकिन पार्टी ने 8 जगह प्रधान बनवा लिए. रियांबड़ी में बीजेपी के टिकट पर जीते सदस्यों को आरएलपी में शामिल करवाकर प्रधान बनाया गया. बीजेपी और कांग्रेस दोनों के सदस्यों की क्रॉस वोटिंग भी हुई. 

बिना बहुमत के भी BJP ने मारी बाजी

बीजेपी के कुछ सीनियर नेताओं ने अपने गृह जिलों में अच्छा प्रबंधन भी दिखाया था.  दूसरी तरफ गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने भरतपुर में बिना किसी पंचायत समिति में बहुमत के बीजेपी के 5 प्रधान बनवाकर राजनीतिक समीकरण बदल दिए. चूरू में राजेंद्र राठौड़, अलवर में भूपेंद्र यादव और संजय शर्मा तथा नागौर में हनुमान बेनीवाल की रणनीति भी चर्चा में रही.

भरतपुर 

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने बिना किसी समिति में बहुमत के 7 में से 5 समितियों में बीजेपी के प्रधान बनवा दिए. कांग्रेस को सिर्फ 1 समिति में स्पष्ट बहुमत था, 3-4 में वह आगे थी, लेकिन सिर्फ 2 जगह ही प्रधान बना पाई. निर्दलीयों को साथ लेने की रणनीति काम आई.

चुरू

पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने 5 की जगह 7 समितियों में बीजेपी के प्रधान बनवाए. बीजेपी के पास 5 में बहुमत था. चूरू उत्तर में बीजेपी का प्रधान निर्विरोध चुना गया. सुजानगढ़ में कांग्रेस के बहुमत के बावजूद बीजेपी ने प्रधान हासिल किया, वहीं रतनगढ़ में कांग्रेस ने बीजेपी से कुर्सी छीन ली. कांग्रेस के पास 6 में बहुमत था और उसने 6 ही प्रधान बनाए. राहुल कस्वां और रफीक मंडेलिया कांग्रेस की ओर से सक्रिय थे. 

अलवर

बीजेपी के पास 11 में से किसी भी समिति में बहुमत नहीं था, फिर भी केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और वन मंत्री संजय शर्मा की रणनीति से बीजेपी ने 3 प्रधान बनाए. लक्ष्मणगढ़, मालाखेड़ा और थानागाजी में त्रिशंकु स्थिति में बीजेपी जीती. उमरैण में कांग्रेस ने फायदा उठाया. कांग्रेस के पास 7 में बहुमत था, उसने 8 प्रधान बनाए। टीकाराम जूली और भंवर जितेंद्र सिंह की रणनीति से कांग्रेस को अतिरिक्त सफलता मिली

अजमेर

10 समितियों में दोनों दलों के पास 4-4 में बहुमत था. 2 त्रिशंकु समितियों में बीजेपी ने निर्दलीयों को जोड़कर दोनों जीत लीं. वासुदेव देवनानी, भागीरथ चौधरी के सामने रघु शर्मा और धर्मेंद्र राठौड़ थे. बीजेपी के 6, कांग्रेस के 4 प्रधान बने.

बीकानेर

15 समितियों में बीजेपी के पास सिर्फ 1 में बहुमत था, फिर भी अर्जुनराम मेघवाल और सुमित गोदारा की टीम ने 3 प्रधान बनवाए. नोखा, पांचू और देशनोक में क्रॉस वोटिंग काम आई. कांग्रेस ने 10 में बहुमत वाली सभी 10 समितियों में प्रधान बनाए. बीडी कल्ला, सुशीला डूडी और गोविंदराम मेघवाल ने खाजूवाला समेत कई जगह क्रॉस वोटिंग करवाई. 2 जगह निर्दलीय भी प्रधान बने.

जयपुर

22 समितियों में बीजेपी सिर्फ 4 जगह प्रधान बना सकी. दूदू क्षेत्र की 3 समितियों में किसी में बीजेपी के पास बहुमत नहीं था, फिर भी डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने मोजमाबाद में बीजेपी का प्रधान बनवाया. अंदरखाने दूदू में आरएलपी को समर्थन का समीकरण सामने आया. बैरवा की रणनीति बाबूलाल नागर पर भारी पड़ी. कांग्रेस बड़ी पार्टी होने के बावजूद सिर्फ फागी में प्रधान बना पाई.

जोधपुर

अशोक गहलोत और गजेंद्र सिंह शेखावत के गृह जिले में बीजेपी को 23 में से सिर्फ 1 प्रधान मिला. किसी भी समिति में बीजेपी के पास बहुमत नहीं था. सेखाला में अंदरखाने आरएलपी के समर्थन से बीजेपी जीती. कांग्रेस के पास 15 में बहुमत था, उसने 16 प्रधान बनाए. 

झालावाड़

वसुंधरा राजे के जिले में बीजेपी के पास 2 में बहुमत था, उसने 3 प्रधान बनाए. अकलेरा में कांग्रेस के ज्यादा सदस्य होने के बावजूद बीजेपी ने जोड़तोड़ से प्रधान हासिल किया. खानपुर में बीजेपी सिर्फ 1 वोट से चूक गई. 

पाली

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के जिले में बीजेपी ने बहुमत वाली सभी 6 समितियां जीतीं. जोराराम कुमावत और पीपी चौधरी भी सक्रिय रहे. कांग्रेस की ओर से भीमराज भाटी, बद्रीराम जाखड़ और संगीता बेनीवाल ने 3 समितियों में कांग्रेस का बहुमत संभाले रखा. कांग्रेस के पास 6 में बहुमत था, लेकिन वह सिर्फ 5 जगह प्रधान बना पाई। सुरेश गुर्जर और प्रमोद जैन भाया की टीम एक समिति में सदस्यों को नहीं रोक पाई.

ये भी पढे़ंः लाल साड़ी में कांग्रेस, सलवार-सूट में बीजेपी, पीली साड़ी में जीतीं: राजस्थान में क्यों वती कुमारी ने भरे थे 3 फॉर्म?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan Panchayat Samiti Pradhan Chunav Results, Rajasthan Panchayat Election, Rajasthan Panchayat Election 2026, Jaipur Panchayat Results, Rajasthan Panchayat Chunav 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com