राजस्थान निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया समाप्त हो गई है. नामांकन खत्म होने के बाद प्रदेशभर से अलग-अलग अनोखे की कहानी सामने आई है. सीकर जिले में कांग्रेस पार्टी ने पूरे परिवार को निकाय चुनाव में उम्मीदवार बना दिया है. कांग्रेस ने पति-पत्नी और ससुर-बहू को अलग-अलग वार्डों से टिकट दिया है. वहीं भाजपा ने पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी के 24 वर्षीय पोते यश जलधारी को वार्ड नंबर 11 से उम्मीदवार बनाया है. लक्ष्मणगढ़ में भाजपा ने पूर्व पालिका अध्यक्ष दिनेश जोशी की पत्नी और पुत्रवधू को भी अलग-अलग वार्डों से टिकट दिया है.
पति-पत्नी को बनाया दिया प्रत्याशी
सीकर नगर परिषद के 65 वार्डों में भाजपा-कांग्रेस ने वार्डों में प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं. कांग्रेस ने वार्ड नंबर 15 से निवर्तमान सभापति जीवण खां और वार्ड नंबर 16 से उनकी पत्नी खतीजा बानो को प्रत्याशी बनाया है. इसी तरह वार्ड नंबर 34 से अशोक चौधरी और वार्ड नंबर 40 से उनकी बहू किरण चौधरी को टिकट दिया गया है. जीवण खां ने परिवार से दो टिकट मिलने पर कहा कि मेरी पत्नी मुझसे ज्यादा सीनियर हैं.
उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी खतीजा बानो उनसे ज्यादा सीनियर हैं. उन्होंने बताया कि सबसे पहले उनकी पत्नी ने पार्षद का चुनाव लड़ा था, इसके बाद उपचुनाव भी जीता और फिर लगातार दो बार पार्षद रही हैं. जीवण खां ने कहा कि वार्डवासियों की डिमांड थी कि खतीजा हमारे वार्ड से चुनाव लड़ें. वार्ड की सहमति से टिकट की मांग की गई थी और पार्टी ने उसे कंसीडर किया. उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और वार्ड की महिलाओं ने विधायक तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को फोन कर खतीजा बानो के लिए टिकट की मांग की थी. बगावत के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के युवा कार्यकर्ता उनके साथ हैं और दोनों ही सीनियर हैं.
ससुर बहू को दिया टिकट
पूर्व उपसभापति और वर्तमान वार्ड संख्या 34 से कांग्रेस प्रत्याशी अशोक चौधरी ने कहा कि पिछली बार वह अलग वार्ड से पार्षद रहे, जबकि उनके बेटे भी दूसरे वार्ड से पार्षद रहे हैं. अब पार्टी ने उन्हें फिर टिकट दिया है और उनके बेटे की जगह महिला वार्ड होने पर उनकी बहू किरण चौधरी को वार्ड नंबर 40 से प्रत्याशी बनाया गया है. अशोक चौधरी ने दावा किया कि पिछली बार उनके बेटे ने 1314 वोटों से रिकॉर्ड जीत दर्ज की थी, जबकि उन्होंने 594 वोटों से जीत हासिल की थी. उन्होंने कहा कि यह वार्ड की मांग और मतदाताओं के आशीर्वाद का परिणाम है. परिवारवाद के सवाल पर अशोक चौधरी ने कहा कि “परिवारवाद नहीं होता, वार्ड में जो काम करने वाले होते हैं, उनको टिकट मिलता है.”
वार्ड नंबर 40 से कांग्रेस प्रत्याशी किरण चौधरी ने कहा कि उनके पति अनिल चौधरी पहले इस वार्ड से पार्षद थे. अब वार्ड महिला के लिए आरक्षित होने के कारण उन्हें टिकट मिला है. किरण चौधरी ने कहा कि वार्ड नंबर 34 और 40 दोनों में अच्छा विकास हुआ है. उन्होंने कहा कि उनके पति ने वार्ड नंबर 40 में और उनके ससुर अशोक चौधरी ने वार्ड नंबर 34 में विकास कार्य करवाए हैं. दूसरी ओर भाजपा ने वार्ड नंबर 11 से 24 वर्षीय यश जलधारी को प्रत्याशी बनाया है.
यश जलधारी पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी के पोते हैं. उनके दादा ने 2023 में भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. यश को टिकट मिलने के बाद वार्ड नंबर 11 में भाजपा की युवा राजनीति को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है. लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका में भाजपा ने पूर्व पालिका अध्यक्ष दिनेश जोशी की पत्नी सरोज देवी को वार्ड नंबर 34 से और उनकी पुत्रवधू शीतल जोशी को वार्ड नंबर 29 से प्रत्याशी बनाया है.
यह भी पढे़ं-
एक ही नेता को बीजेपी और कांग्रेस ने बना दिया उम्मीदवार, दोनों पार्टी में लगाया था 'जुगाड़'
अजमेर कलेक्ट्रेट में हो रहा था नामांकन, बाहर बीजेपी नेता ने मुंडवाया सिर; टिकट बंटवारे पर उठाए सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं