राजस्थान के जैसलमेर में लाठी क्षेत्र में मंगलवार (14 जुलाई) सुबह अफरा-तफरी मच गई. केरालिया गांव में करीब 6 फीट लंबा कोबरा एक घर के मुर्गियों के बाड़े में घुस गया. परिवार के लोगों की नजर जैसे ही कोबरा पर पड़ी, सभी घबरा गए और दूर चले गए. इस बीच चुनौती मुर्गियों को बचाने की भी थी, लेकिन घरवाले कुछ कर पाते उससे पहले ही कोबरा ने बाड़े में मौजूद 5 मुर्गियों को शिकार बना लिया.

मुर्गियों के बाड़े में घुसा सांप.
परिजनों ने लाठी वन विभाग को सूचना दी और रेस्क्यू टीम भेजने के लिए कहा. ग्रामीणों का आरोप है कि काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद वन विभाग की कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची. जब टीम नहीं पहुंची तो वन्यजीव प्रेमी विक्रम दर्जी मौके पर पहुंचे और सांप को रेस्क्यू करने का प्रयास शुरू किया. ग्रामीणों ने अनहोनी की आशंका के चलते मुस्तैदी दिखाते हुए घर और बाड़े के आसपास लोगों की आवाजाही भी रोक दी.
रेस्क्यू के दौरान छूटे पसीने
हालांकि, कोबरा का रेस्क्यू इतना आसान नहीं था. कोबरा लगातार फुफकारता रहा और कई बार आक्रामक दिखा. काफी मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया. उसे आबादी से दूर प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ा.

कोबरा का रेस्क्यू करता वन्यजीव प्रेमी.
वहीं, कामधेनु सेना के केरालिया ग्राम अध्यक्ष रणवीर सिंह भाटी ने वन विभागपर सवाल उठाते हुए कहा कि सूचना देने के बावजूद समय पर टीम का मौके पर नहीं पहुंचना चिंता का विषय है. उनका कहना है कि अगर रेस्क्यू करने के लिए वन्यजीव प्रेमी समय पर नहीं पहुंचे तो किसी व्यक्ति को भी नुकसान पहुंच सकता था. ग्रामीणों ने वन विभाग ऐसे मामलों में त्वरित रेस्क्यू व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की.
यह भी पढ़ेंः गैंगस्टर रोहित गोदारा का आलीशान घर ढहाया, पुलिस-प्रशासन ने खड़े किए हाथ, कहा- हमने नहीं गिराया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं