विज्ञापन

चीफ जस्टिस पर तंत्र-मंत्र, श्मशान घाट में तस्‍वीर रखकर की तांत्रिक साधना, मछली और नींबू के साथ ये सामान मिला

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा पर बिलासपुर के एक श्मशान घाट में तंत्र-मंत्र किया जा रहा था. ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके साथी फरार हो गए. मौके से चीफ जस्टिस की तस्‍वीर के साथ मछली और अन्‍य सामान मिला है.  

चीफ जस्टिस पर तंत्र-मंत्र, श्मशान घाट में तस्‍वीर रखकर की तांत्रिक साधना, मछली और नींबू के साथ ये सामान मिला
bilaspur high court chief justice photo black magic sipat.

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरी गांव स्थित श्मशान घाट में आधी रात को चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा पर तंत्र-मंत्र करने का मामला सामने आया है. चार युवक देर रात चीफ जस्टिस सूर्यकांत की तस्‍वीर और पूजा सामग्री लेकर श्मशान पहुंचे थे. जहां उन्‍होंने तंत्र साधना शुरू की. लेकिन, कुछ ही देर बाद ग्रामीणों को इसकी भनक लगी तो वे मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन पीछा करके एक युवक ऋषिकेश कुमार को पकड़ लिया गया.

मछली, नींबू, नारियल और सिंदूर समेत अन्‍य सामान मिला 

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां से मछली, नींबू, नारियल और सिंदूर समेत तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल होने वाली अन्य पूजा सामग्री बरामद हुई. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि वहां छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की तस्वीर भी रखी मिली. इसके अलावा दो अन्य युवकों की तस्वीरें भी मौके पर रखी गई थीं.
bilaspur high court chief justice photo black magic sipat: काली शर्ट में पकड़ा गया युवक.

bilaspur high court chief justice photo black magic sipat: काली शर्ट में पकड़ा गया युवक.

तस्वीरों में से एक युवक चाकूबाजी में आरोपी 

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि तस्वीरों में से एक युवक वह बताया जा रहा है, जिस पर चाकूबाजी के मामले में हमला किया गया था. वहीं दूसरी तस्वीर प्रियांशु बोल की बताई जा रही है. प्रियांशु इसी चाकूबाजी के मामले में जेल में बंद है और उसकी जमानत नहीं हो पा रही है.

साथी की जमानत के लिए तंत्र-मंत्र का सहारा 

तंत्र-मंत्र में शामिल बताया जा रहा एक अन्य युवक ओम बोले भी इसी मामले में आरोपी है, जिसे हाल ही में जमानत मिली है. पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, जेल में बंद प्रियांशु को जमानत दिलाने की मंशा से यह तांत्रिक गतिविधि की जा रही थी. इसी सिलसिले में जमानत से जुड़े मुख्य न्यायिक पदाधिकारी के रूप में चीफ जस्टिस की फोटो वहां रखे जाने की बात सामने आई है.

फरार युवकों की तलाश में जुटी पुलिस

बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह के बताया कि पुलिस ने मौके से पकड़े गए ऋषिकेश कुमार के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की है. फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. मामले की जांच जारी है, जांच में जो भी सामने आएगा उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

नहीं मिले ठोस सबूत, 17 साल जेल में बिताने के बाद दो सगे भाई बरी; हाईकोर्ट ने उम्रकैद की सजा रद्द की

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com