विज्ञापन

'मिनी पाकिस्तान को ठीक किया है, इसलिए जीतेंगे' बीजेपी विधायक ने चर्चित बयान को बताया ठीक

खांजीपीर और आयड़ को ‘मिनी पाकिस्तान’ बताने वाले बयान पर अड़े रहते हुए भाजपा विधायक ने दावा किया कि इन इलाकों के वार्डों में भी बीजेपी 100% जीत हासिल करेगी.

'मिनी पाकिस्तान को ठीक किया है, इसलिए जीतेंगे' बीजेपी विधायक ने चर्चित बयान को बताया ठीक
बीजेपी विधायक ने चर्चित बयान को बताया ठीक

राजस्थान में निकाय चुनाव के बीच उदयपुर की सियासत में चुनावी तपिश बढ़ने के साथ ही नेताओं के दावों की गर्मी भी बढ़ती जा रही है. जयपुर आए उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने नगर निगम चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है. विधायक ताराचंद जैन ने उदयपुर में बहुमत से बोर्ड बनाने का दावा किया तो साथ ही उदयपुर के अल्पसंख्यक बहुल खांजीपीर और आयद को ‘मिनी पाकिस्तान' बताने वाले बयान को सही ठहराने के साथ ही इन इलाकों के वार्डों में जीत का दावा भी कर रहे हैं. 

'बीजेपा का सातवां बोर्ड जरूर बनेगा'

पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट के नामांकन को लेकर सवाल हुआ तो ताराचंद जैन ने साफ कहा कि उदयपुर नगर निगम में बीजेपी का सातवां बोर्ड जरूर बनेगा. जैन का दावा सिर्फ बोर्ड बनाने का नहीं, बल्कि बहुमत के आंकड़े को लेकर भी है. विधायक के मुताबिक, बीजेपी दो-तिहाई बहुमत तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि तीन-चौथाई बहुमत के साथ नगर निगम पर कब्जा करेगी.

विधायक ताराचंद जैन की बातों में असली तल्खी तो खांजीपीर और आयड़ को लेकर दिए गए बयान पर दिखाई दी. इन इलाकों को ‘मिनी पाकिस्तान' बताने वाले अपने बयान पर विधायक ज़रा भी पीछे हटते नहीं दिखे. जैन ने कहा कि पिछले दिनों हुई कई वारदातों और हत्याकांडों को देखते हुए ये इलाके संवेदनशील हैं.

'मिनी पाकिस्तान में सवा टका जीतेगी बीजेपी'

जिस इलाके को विधायक खुद ‘मिनी पाकिस्तान' कह रहे हैं. उसी इलाके के वार्डों में बीजेपी की जीत का दावा भी कर रहे हैं. उदयपुर शहर के विधायक ने कहा कि मिनी पाकिस्तान होने के बावजूद यहां बीजेपी जीतेगी और 100 टका जीतेगी. लेकिन जब जीत के इस दावे की वजह पूछी गई तो विधायक जैन का जवाब और भी सियासी था. उन्होंने कहा कि मिनी पाकिस्तान को ठीक किया है, इसलिए वहां बीजेपी जीतेगी.

उदयपुर शहर और ग्रामीण दोनों ही सीटें बीजेपी के पास हैं और दोनों ही विधायक अपने बयानों में तल्खी दिखा रहे हैं. लेकिन सवाल यह है कि ये बयान चुनावी रणनीति है या अपने कार्यकर्ताओं के लिए कोई मैसेज? सवाल यह भी कि क्या वाकई बीजेपी ने अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में वार्ड जीतने के लिए कोई खास रणनीति बनाई है?

यह भी पढे़ं-

राजस्थान निकाय चुनाव में BJP-कांग्रेस का बड़ा दांव, नहीं जारी होगी उम्मीदवारों की लिस्ट

अजमेर-उदयपुर, भरतपुर-कोटा संभाग, निकाय चुनाव में बीजेपी उम्मीदवारों पर आया अपडेट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Rajasthan Politics, Rajasthan Nagar Nigam Election, Rajasthan Nagar Nigam Chunav, Rajasthan Nikay Chunav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com