राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के नामांकन के सिए सिर्फ 2 दिन बचे हैं. हालांकि, अभी तक कांग्रेस और बीजेपी की तरफ उम्मीदवारों की लिस्ट जारी नहीं की गई है. बीजेपी में अलग-अलग संभागों में प्रत्याशियों के चयन को लेकर बैठकों का दौर जारी है. शुक्रवार को एक बार फिर से जयपुर स्थित बीजेपी कार्यालय में बैठक आयोजित की गई है, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजेय कुमार समेत अन्य बीजेपी के बड़े नेता शामिल हैं. इस बैठक में संभाग प्रभारी और सह प्रभारी के साथ जिला प्रभारी से नगर निकाय चुनाव में बीजेपी के प्रत्याशियों के चयन पर चर्चा हो रही है.
भरत-कोटा संभाग पर मंथन
आज की बैठक में भरतपुर और कोटा संभाग के निकायों में प्रत्याशियों पर मंथन होना है. इसके साथ ही बीकानेर संभाग की कुछ बाकी बची सीटों पर भी चर्चा होनी है. बीकानेर नगर निगम की सीटों पर समन्वय और बेहतर उम्मीदवार उतारने के लिए केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल भी बीजेपी कार्यालय पहुंचे और मंथन में शामिल हुए.
अजमेर-उदयपुर को लेकर चर्चा पूरी
बीजेपी के प्रदेश महामंत्री और अजमेर संभाग के प्रभारी कैलाश मेघवाल ने बताया कि अजमेर और उदयपुर संभाग के निकायों को लेकर विचार-विमर्श लगभग पूरा कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि अजमेर संभाग में नवगठित ब्यावर जिले के समीकरणों पर थोड़ी और चर्चा बाकी है. कैलाश मेघवाल ने कहा कि पार्टी हर एक निकाय सीट को गंभीरता से ले रही है और सभी निकायों में जीत दर्ज करना चाहती है, इसलिए हर नाम को पूरी तरह परखने में समय लग रहा है.
आज जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मुख्यमंत्री श्री @BhajanlalBjp, प्रदेश अध्यक्ष श्री @madanrrathore एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री @ajaeybjp की गरिमामयी उपस्थिति में नगर निकाय चुनाव को लेकर अजमेर संभाग के नागौर देहात जिले की बैठक आयोजित हुई।
— BJP Rajasthan (@BJP4Rajasthan) August 27, 2026
बैठक में नगर निकाय चुनाव… pic.twitter.com/lJPT24IkOm
3-3 नामों का पैनल मांगा
प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि संभाग प्रभारी प्रत्येक वार्ड और सीट से 3-3 नामों का पैनल बनाकर लाए हैं. स्थानीय विधायकों और वरिष्ठ नेताओं से रायशुमारी के दौरान नए तथ्य और समीकरण सामने आते हैं, जिसके बाद अंतिम रूप से एक मजबूत नाम पर मुहर लगाई जा रही है. उन्होंने संकेत दिए कि अजमेर और उदयपुर संभाग के प्रत्याशियों की सूची देर रात तक जारी हो सकती है. हालांकि, पार्टी के कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि अंतिम सूची आने में अभी और वक्त लग सकता है.
यह भी पढ़ें-
राजस्थान में नगर निगम, परिषद और पालिका चुनाव के लिए आज से नामांकन, कब मिलेगा चुनाव चिन्ह?
राजस्थान: शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बेटा का सियासी दांव फेल? पड़ोसियों के बयान ने पलट दिया गेम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं