- संदीप उर्फ काला जठेड़ी को छह घंटे की कस्टडी पैरोल पर उसके गांव सोनीपत में नामकरण कार्यक्रम के लिए लाया गया.
- काला जठेड़ी पर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में हत्या, फिरौती और रंगदारी समेत 30 से अधिक मामले दर्ज हैं.
- सुरक्षा के मद्देनजर काला जठेड़ी को जेल से गांव तक पुलिस की कड़ी घेराबंदी में लाया गया.
लंबे समय में दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी आज अपने गांव पहुंचा है. उसके गांव पहुंचने से पहले वहां पुलिस की भारी तैनाती की गई थी. काला जठेड़ी 30 से ज्यादा आपराधिक मामलों का आरोपी है. लॉरेंस बिश्नोई गैंग से भी वो जुड़ा हुआ रहा है. ऐसे में उसकी सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान रखा जा रहा है. जेल की गाड़ी से ही पुलिस की कड़ी घेरेबंदी में काला जठेड़ी को सोनीपत स्थित उसके गांव लाया गया. जहां उसका ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया. इसका वीडियो भी सामने आया है. मालूम हो कि काला जठेड़ी की दो जुड़वा बेटियों का आज नामकरण कार्यक्रम है. जिसके लिए काला जठेड़ी को 6 घंटे की कस्टडी पैरोल मिली है.
बताया गया कि गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी को कोर्ट से छह घंटे के लिए अंतरिम जमानत मिली है. जिसके बाद वो आज हरियाणा के सोनीपत जिले में स्थित अपने गांव जठेड़ी पहुंचा है. सोनीपत के राई इलाके में काला जठेड़ी का गांव है. जहां उनके नाते-रिश्तेदारों के साथ-साथ परिजनों की भीड़ जुटी है.
काला जठेड़ी के गांव पहुंचने पर ढोल-नगाड़े से स्वागत, देखें वीडियो
सोनीपत, हरियाणा: गैंगस्टर संदीप उर्फ़ काला जठेड़ी अपनी जुड़वां बेटियों के नामकरण समारोह में शामिल होने के लिए छह घंटे की पैरोल पर जठेड़ी गांव स्थित अपने घर पहुंचा। pic.twitter.com/VFZySQQ1ft
— IANS Hindi (@IANSKhabar) September 20, 2026
जुड़वा बेटियों के नामकरण प्रोग्राम में शामिल होगा
संदीप उर्फ काला जठेड़ी ने लेडी डॉन के नाम से मशहूर अनुराधा चौधरी से मार्च 2024 में शादी की थी. उस समय भी काला जठेड़ी जेल में ही था. शादी के लिए उनसे कस्टडी पैरोल मिली थी. शादी के बाद अनुराधा ने IVF टेक्नोलॉजी से जुड़वा बेटियों को जन्म दिया था. बेटियों के जन्म के समय भी काला जठेड़ी पैरोल पर बाहर आया था. अब बेटियों के जन्म के 80 दिन बाद काला जठेड़ी हवन-यज्ञ, नामकरण और अन्य रस्मों में शामिल होने गांव पहुंचा है.
दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा में 30 मामले
प्रशासनिक गाइडलाइन के अनुसार काला जठेड़ी सुबह 11 बजे से शाम करीब 4 बजे तक गांव में अपने घर पर रहेगा. बता दें, काला जठेड़ी पर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में 30 से ज्यादा मामले दर्ज है। इनमें हत्या, फिरौती, रंगदारी, हत्या का प्रयास जैसे मामले शामिल हैं. काला जठेड़ी को 30 जुलाई 2021 को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया था.
यह भी पढ़ें - लॉरेंस बिश्नोई, काला जठेड़ी समेत 10 बड़े गैंगस्टर आज पटियाला हाउस कोर्ट में हुए पेश, चप्पे-चप्पे पर पुलिस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं