राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर मेन बेंच की नई बिल्डिंग की सुरक्षा को लेकर हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है. भवन के करीब 21 मीटर ऊंचे सेंट्रल डोम से जुड़े मामले पर हाईकोर्ट ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया है.आईआईटी बॉम्बे की रिपोर्ट में सेंट्रल डोम के कभी भी ढहने की आशंका जताई गई है. अब जस्टिस डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी और जस्टिस प्रवीर भटनागर की खंडपीठ ने राज्य सरकार और संबंधित एजेंसियों से जवाब तलब करते हुए सुरक्षा के तत्काल उपाय करने के निर्देश दिए हैं.
2023 से अब तक कई घटनाएं हुईं
कोर्ट ने आदेश में कहा कि भवन को सुपुर्द किए जाने के कुछ ही वर्षों में कई गंभीर संरचनात्मक खामियां सामने आ चुकी हैं. वर्ष 2023 से अब तक अलग-अलग हिस्सों में छत, फॉल्स सीलिंग और प्लास्टर गिरने की घटनाएं हुई हैं. डोम का हिस्सा भी गिर चुका है. इसके अलावा भवन में सीपेज, पानी का रिसाव, खराब सैनिटरी पाइप, ड्रेनेज की खामियां, आग से सुरक्षा की कमियां और संरचनात्मक दरारें सामने आई हैं.
रेट्रोफिटिंग, मरम्मत के लिए 57 करोड़ लगने का अनुमान
आईआईटी जोधपुर की जांच में स्टील रीबार में भारी जंग, कंक्रीट में दरार और वॉटरप्रूफिंग से जुड़ी खामियां मिली थीं. बाद के स्ट्रक्चरल ऑडिट में भी निर्माण की गुणवत्ता और पानी में अधिक क्लोराइड की समस्या सामने आई. बिल्डिंग की मरम्मत और रेट्रोफिटिंग के लिए करीब 57.65 करोड़ रुपए का अनुमान तैयार किया गया था.
आईआईटी बॉम्बे की हालिया जांच में कई संरचनात्मक हिस्सों में सक्रिय जंग मिली. करीब 40 प्रतिशत निरीक्षित क्षेत्र कंक्रीट स्पॉलिंग के लिहाज से संवेदनशील पाए गए. कोर्ट ने डोम क्षेत्र को बैरिकेड करने, सीपेज दूर करने और 24 घंटे स्ट्रक्चरल मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं. कोर्ट ने सभी संबंधित पक्षों को 24 अगस्त तक विस्तृत शपथपत्र पेश करने के निर्देश दिए हैं.
मुख्य सचिव समेत इन अधिकारियों को किया तलब
इसमें जिम्मेदार अधिकारियों, निर्माण एजेंसियों, खर्च और स्थायी समाधान की समयबद्ध कार्ययोजना का विवरण देना होगा. 24 अगस्त को मुख्य सचिव, पीडब्ल्यूडी व वित्त विभाग के प्रमुख सचिव, आरएसआरडीसी के एमडी और डीजीपी समेत विशेषज्ञों को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं.
यह भी पढे़ं-
इंजीनियर की फेसबुक ID, RTU में प्रोफेसर, कभी पुलिसकर्मी... पहचान बदल कई को लगाई लंबी चपत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं