विज्ञापन

राजस्थान के 25 जिलों में बारिश का अलर्ट, मूसलाधार बरसात से जलसैलाब; स्कूल में फंसे 80 बच्चों का रेस्क्यू

राजस्थान में अगले 5 दिनों तक कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनके सबके बीच मौसम विभाग ने बताया कि इस बार सामान्य से 12.46 फीसदी कम बारिश हुई है.

राजस्थान के 25 जिलों में बारिश का अलर्ट, मूसलाधार बरसात से जलसैलाब; स्कूल में फंसे 80 बच्चों का रेस्क्यू
राजस्थान के 25 जिलों में बारिश का अलर्ट

राजस्थान में एक बार फिर से मानसून सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने राजस्थान के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग का अलर्ट सोमवार को दिखा भी. बूंदी, झालावाड़ और कोटा जैसे जिले में सोमवार को मूसलाधार बारिश हुई है. इसके अलावा सीकर में दोपहर बाद बदले मौसम की वजह से तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश देखने को मिली. एक तरफ जहां बारिश के बाद कुछ इलाकों में गर्मी से राहत मिली है तो कुछ हिस्सों में हुई मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन खासा प्रभावित किया है.

स्कूल में फंसे 80 बच्चों का रेस्क्यू

मूसलाधार बारिश की वजह से झालावाड़ जिले में एक स्कूल में पानी घुसा गया और पूरी तरह से जलमग्न हो गया. जानकारी के मुताबिक, मनोहरथाना ब्लॉक के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय झीकनी में लगातार हो रही बारिश के चलते नाले का पानी विद्यालय परिसर में घुस गया. हालात को देखते हुए स्कूल के 7 अध्यापकों और करीब एक दर्जन ग्रामीणों ने साहस दिखाया और विद्यालय में मौजूद करीब 80 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला. ‎वहीं, नाले के तेज बहाव की चपेट में आने से विद्यालय की करीब 50 फीट लंबी बाउंड्री क्षतिग्रस्त हो गई. 

Latest and Breaking News on NDTV

ऐसे ही कुछ हाल कोटा में देखने को मिला है. कोटा के रामगंजमंडी क्षेत्र में मौसम की पहली ज़ोरदार बारिश ने अपना रौद्र रूप दिखा दिया. करीब 2 घंटे की लगातार बारिश से पूरा उपखंड क्षेत्र पानी-पानी हो गया. शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं, उपखंड कार्यालय परिसर में भी बारिश का पानी भर गया, जिसके चलते कार्यालय आने-जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ी. 

करीब डेढ़ घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के चलते शहर के नागदी बाजार में हालात बिगड़ गए. बाजार की सड़कें देखते ही देखते पानी में डूब गईं और कई जगह सड़कों पर सैलाब जैसे हालात बन गए.

कही वाहन बहे तो कही भैंसें फंसी

अचानक हुई तेज बारिश के कारण लोग सुरक्षित स्थानों पर रुकने को मजबूर हो गए, मंडी में टीन शेड के नीचे रखा अनाज भी भीग गया. वही सुकेत के पास झिरी झिलारा गांव में रपट पर पानी आ जाने से भैंसे भी बह गईं. वहीं, बूंदी में मौसम विभाग की चेतावनी के अनुरूप भारी बारिश हुई. भारी बारिश के कारण नागदी बाजार में सड़क पर इतना पानी भर गया कि कई वाहन पानी में फंस गए. कई बाइक पानी में बह गईं, जबकि कुछ वाहनों के इंजन में पानी जाने से नुकसान होने की बात सामने आई है.

11 अगस्त को 25 जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार (11 अगस्त) को भी दक्षिणी और पूर्वी राजस्थान में कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया है. बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, कोटा और झालावाड़ समेत 6 जिलों में कल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान लगाया है, जबकि अजमेर, बांसवाड़ा, दौसा, जयपुर, उदयपुर समेत प्रदेश के 19 जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी हुआ है. इसके अलावा राज्य के कई हिस्सों में 13 अगस्त तक बारिश जारी रहने की उम्मीद है. 

Latest and Breaking News on NDTV

15 अगस्त से फिर बदलेगा मौसम

जोधपुर, बीकानेर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों को छोड़कर कुछ भागों में अगले 3-4 दिन हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है. पश्चिमी राजस्थान में 14 अगस्त से और पूर्वी राजस्थान में 15 अगस्त से मौसम में सुधार होने की संभावना है. इससे पहले रविवार को हुई भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया. जयपुर का कानोता बांध ओवरफ्लो हो गया, जबकि बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में सड़कें पानी से भर गईं और गलियों में बारिश का पानी नदियों की तरह बहने लगा. 

इस बार सामान्य से 12.46 फीसदी कम बारिश

इन सबके बीच सबसे बड़ी बात है कि इस बार राजस्थान में बारिश सामान्य से 12.46 फीसदी कम हुई है. मौसम विभाग ने बताया कि राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई, जबकि सीकर और झालावाड़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह तक पिछले 24 घंटे में सीकर के नीमकाथाना में सर्वाधिक 85 मिलीमीटर बारिश हुई, जो भारी बारिश की श्रेणी में आता है. वहीं, राजस्थान में एक जून से 10 अगस्त तक कुल 234.02 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य औसत बारिश 267.34 मिलीमीटर है. इस तरह राज्य में बारिश 12.46 प्रतिशत कम रही. 

हालांकि, राज्य में बारिश सामान्य श्रेणी में है. सामान्य बारिश की श्रेणी औसत से 19 प्रतिशत कम से लेकर 19 प्रतिशत अधिक तक मानी जाती है. मौसम विभाग ने बताया कि बाड़मेर, ब्यावर, भरतपुर, बीकानेर, डीग, डीडवाना-कुचामन, झुंझुनूं और फलोदी में औसत से 20 से 59 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है जबकि अजमेर, अलवर, बालोतरा, चूरू, धौलपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जोधपुर, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, नागौर, प्रतापगढ़, सलूंबर और सीकर सामान्य वर्षा हुई. विभाग का कहना है कि बांसवाड़ा, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डूंगरपुर, जयपुर, जैसलमेर, जालोर, झालावाड़, करौली, कोटा, पाली, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सिरोही, टोंक और उदयपुर कम बारिश वाली श्रेणी में हैं. इन जिलों में सामान्य से 20 से 59 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. राज्य का कोई भी जिला बहुत कम बारिश या असामान्य बारिश वाली श्रेणी में नहीं है. 

यह भी पढे़ं-

कल का मौसम: दिल्ली- यूपी में येलो अलर्ट, MP-बिहार समेत 17 राज्यों में बारिश की चेतावनी

जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा-बीकानेर... राजस्थान में फिर थमेंगे बसों के पहिए, लाखों यात्रियों को होगी परेशानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan Weather, Rajasthan Weather Update, Rajasthan Rain Alert, Rajasthan Rain Alert Today, Rajasthan Rain Update
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com