राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के बीच नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने शनिवार को भाजपा पर हमला बोला है. जूली ने कहा कि निकाय चुनाव में हार की आशंका से भाजपा (BJP) बौखला गई है और राजनीतिक गुंडागर्दी और सत्ता के दुरुपयोग पर उतर आई है. सवाई माधोपुर जिले के बामनवास में एक बैठक के दौरान भाजपा की एक नेता द्वारा मतदाताओं को धमकाए जाने का वीडियो सामने आने के बाद उन्होंने यह बात कही है. उन्होंने आरोप लगाया कि बामनवास पंचायत समिति की प्रधान शशिकला मीणा ने भाजपा विधायक जितेंद्र गोठवाल, पार्टी प्रत्याशी राजेंद्र मीणा और खंडार प्रधान नरेंद्र चौधरी की मौजूदगी में लोगों को धमकी दी कि यदि उन्होंने भाजपा को वोट नहीं दिया तो उन्हें पुलिस थानों के चक्कर लगाने पड़ेंगे.
'सत्ता के नशे में चूर है भाजपा'
नेता प्रतिपक्ष जूली ने कहा कि यह लोकतंत्र नहीं, बल्कि सरकार के संरक्षण में की जा रही खुली राजनीतिक गुंडागर्दी'' है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स' पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि सत्ता के नशे में चूर भाजपा नेताओं ने लोकतंत्र को अपनी जागीर और सरकारी तंत्र को अपना राजनीतिक हथियार समझना शुरू कर दिया है.
उन्होंने निर्वाचन आयोग पर भी भाजपा की ‘‘कठपुतली'' की तरह काम करने और मूकदर्शक बने रहने का आरोप लगाया. जूली ने कहा कि मुख्यमंत्री (भजनलाल शर्मा) जी, यह सिर्फ अहंकार नहीं है, बल्कि नगर निकाय चुनाव में भाजपा को दिखाई दे रही करारी हार की हताशा है. उन्होंने दावा किया कि जनता ‘‘इस अहंकारी सरकार'' को अपने मत की ताकत से सत्ता से बाहर करेगी.
सबसे पहला काम यह है कि हम भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने का काम करेंगे। आज इस सरकार के अंदर ऊपर से नीचे तक डबल इंजन की सरकार है और चार इंजन का भ्रष्टाचार है, चार गुना ज्यादा।
— Tika Ram Jully (@TikaRamJullyINC) September 5, 2026
यहां सफाई के जो डब्बे खरीदे, उनके अंदर, टिपर के अंदर और यहां तक कि जेसीबी के अंदर बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है।… pic.twitter.com/feKNbpRm3L
09 और 11 सितंबर को होगी वोटिंग
जूली ने कहा कि राजस्थान की जनता डरने वाली नहीं है और वह चुनाव में भाजपा की धमकियों, तानाशाही तथा सत्ता के दुरुपयोग का ‘‘ब्याज समेत हिसाब करेगी. भाजपा और निर्वाचन आयोग ने इन आरोपों पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. राजस्थान में 309 शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव दो चरण में 09 और 11 सितंबर को होंगे.
इनमें 10 नगर निगम, 51 नगर परिषद और 248 नगरपालिकाओं में पार्षद के 10,245 पदों के लिए मतदान होगा. मतगणना 14 सितंबर को होगी. शहरी निकायों के प्रमुखों का चुनाव 21 सितंबर को और उप महापौर, उप सभापति तथा उपाध्यक्षों का चुनाव 22 सितंबर को होगा.
यह भी पढे़ं-
निकाय चुनाव में 17000 बागियों ने बिगाड़ा BJP-कांग्रेस का समीकरण, होगी कार्रवाई
IAS और RAS की तैयारी के साथ सियासत में एंट्री, निकाय चुनाव में BJP-कांग्रेस ने Gen Z को दिए टिकट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं