राजस्थान के चूरू में पंखा सर्किल क्षेत्र स्थित एक छात्रावास में बैंकिंग प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी. जानकारी के मुताबिक, युवक ने कमरे में बेडशीट का फंदा लगाकर जान दे दी. घटना के बाद हॉस्टल में मौजूद छात्रों ने उसे तुरंत राजकीय डीबी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजन भी अस्पताल पहुंच गए.
हॉस्टल में छोटे भाई के साथ रहता था युवक
पुलिस के अनुसार मृतक मूल रूप से सरदारशहर क्षेत्र का रहने वाला था और करीब 18 दिन पहले ही बैंकिंग परीक्षा की तैयारी के लिए चूरू स्थित हॉस्टल में रहने आया था. उसके साथ उसका छोटा भाई भी उसी छात्रावास (हॉस्टल) में रह रहा था.
मृतक के चाचा ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि हॉस्टल में रहने वाला एक सीनियर छात्र उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान करता था. उनका कहना है कि युवक ने घटना से कुछ घंटे पहले अपने पिता से फोन पर बातचीत के दौरान भी इस प्रताड़ना का जिक्र किया था. इसके बाद परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन को भी मामले की जानकारी दी थी.
गुरुवार शाम युवक ने उठाया आत्मघाती कदम
परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ और गुरुवार शाम युवक ने अपने कमरे में आत्मघाती कदम उठा लिया. कोतवाली थाना पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर नामजद सीनियर छात्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि घटना के पीछे किन परिस्थितियों ने भूमिका निभाई.
थाना अधिकारी गौरव खिड़िया ने बताया कि मूल रूप से सरदारशहर के रहने वाले छात्र ने कल फांसी लगाकर जान दे दी. वह यहां पर हॉस्टल में रहकर बैकिंग की तैयारी कर रहा था. परिजनों ने आरोप को संदेह है कि किसी साथ छात्र के दबाव में आकर उसने ऐसा कदम उठाया है. मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें-
6 करोड़ का घर, 500-500 के नोटों की गड्डियों का ढेर; NSG कमांडो कैसे बना करोड़पति
| हेल्पलाइन | |
|---|---|
| वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ | 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक उपलब्ध - सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक) |
| (अगर आपको सहारे की ज़रूरत है या आप किसी ऐसे शख्स को जानते हैं, जिसे मदद की दरकार है, तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ के पास जाएं) | |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं